एक युद्ध खत्म नहीं हुआ कि दूसरा भड़क गया...यूक्रेन ने रूस में मचाई तबाही, खाक हुई ऑयल रिफाइनरी

Ukraine Drone Attack In Moscow: यूक्रेन ने रूस की राजधानी मॉस्को में स्थित एक प्रमुख तेल रिफाइनरी पर इस हफ्ते का दूसरा बड़ा ड्रोन हमला किया। इस हमले के बाद रिफाइनरी से काले धुएं का गुबार और भीषण लपटें उठती देखी गईं। जेलेंस्की ने इस हमले को पूरी तरह से 'जायज' ठहराया है। यह हमला यूक्रेन की ओर से अब तक के सबसे बड़े अभियानों में से एक माना जा रहा है

अपडेटेड Jun 18, 2026 पर 3:58 PM
हमले के कुछ ही घंटों बाद रूसी राष्ट्रपति पुतिन कजान में आसियान देशों के नेताओं की मेजबानी करने वाले थे

Russia Ukraine War: दुनिया को अभी मिडिल ईस्ट में चल रहे भीषण युद्ध से थोड़ी राहत मिली ही थी कि रूस और यूक्रेन के बीच भयंकर युद्ध भड़क गया है। दोनों देशों के बीच तबाही और बढ़ती जा रही है। गुरुवार को यूक्रेन ने रूस की राजधानी मॉस्को में स्थित एक प्रमुख तेल रिफाइनरी पर इस हफ्ते का दूसरा बड़ा ड्रोन हमला किया। इस हमले के बाद रिफाइनरी से काले धुएं का गुबार और भीषण लपटें उठती देखी गईं।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने इस हमले को पूरी तरह से 'जायज' ठहराया है। यह हमला यूक्रेन की ओर से अब तक के सबसे बड़े अभियानों में से एक माना जा रहा है।

'रूस की वॉर मशीन को तबाह करना पूरी तरह जायज'


हमले की जिम्मेदारी लेते हुए यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने अपने सैनिकों की तारीफ की। उन्होंने कहा कि यह हमला हमारे शहरों और समुदायों पर हाल ही में हुए रूसी हमलों का पूरी तरह से जायज जवाब है। जेलेंस्की के मुताबिक, यूक्रेन के जांबाज सैनिक उन ठिकानों को निशाना बना रहे हैं जो रूस की 'वॉर मशीन' को ईंधन और ताकत देते हैं।

यूक्रेन ने क्यों लिया यह बदला? यूनेस्को साइट को पहुंचा था नुकसान

यूक्रेन का यह जवाबी हमला इस हफ्ते की शुरुआत में कीव पर हुए रूसी हवाई हमलों के बाद आया है। रूस के उन हमलों में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई थी। रूस की बमबारी में यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल 'कीव-पेचेर्स्क लावरो' मठ परिसर के एक हिस्से को भी भारी नुकसान पहुंचा था। यूक्रेनी अधिकारियों ने इसे हाल के महीनों में देश की सांस्कृतिक और नागरिक संपत्तियों पर हुआ सबसे क्रूर हमला बताया था।

रूस ने मार गिराए 555 यूक्रेनी ड्रोन

दूसरी ओर, रूसी अधिकारियों ने दावा किया है कि उन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों में यूक्रेन के कम से कम 555 ड्रोनों को मार गिराया है। रूस के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इनमें से लगभग 200 ड्रोन अकेले राजधानी मॉस्को की तरफ बढ़ रहे थे, जिन्हें नष्ट कर दिया गया।

मॉस्को के सभी 4 एयरपोर्ट्स बंद, विमान सेवाएं ठप

यूक्रेन के इस बड़े ड्रोन हमले के बाद मॉस्को में हड़कंप मच गया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रूस के परिवहन मंत्रालय ने मॉस्को के सभी चार प्रमुख हवाई अड्डों- शेरमेतिएवो (Sheremetyevo), डोमोडेडोवो (Domodedovo), व्नुकोवो (Vnukovo) और जुकोवस्की (Zhukovsky) पर उड़ानों को अगली सूचना तक के लिए निलंबित कर दिया है।

पुतिन की आसियान समिट से ठीक पहले हमला

यह हमला टाइमिंग के लिहाज से बेहद संवेदनशील वक्त पर हुआ। इसके कुछ ही घंटों बाद रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन कजान (Kazan) शहर में आसियान देशों के नेताओं की मेजबानी करने वाले थे। इस दो दिवसीय शिखर सम्मेलन में थाईलैंड, वियतनाम, कंबोडिया, लाओस, मलेशिया और सिंगापुर के प्रधानमंत्री शामिल हो रहे हैं, जबकि फिलीपींस का प्रतिनिधित्व वहां के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस कर रहे हैं।

इससे ठीक एक शाम पहले पुतिन ने मेहमानों का स्वागत करते हुए कहा था कि रूस और आसियान देश मिलकर एक न्यायसंगत वैश्विक व्यवस्था बनाने और संप्रभुता व आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप न करने के सिद्धांतों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं।

हमले के बीच जेलेंस्की की बातचीत की अपील

इस भीषण हमले के बावजूद, राष्ट्रपति जेलेंस्की ने व्लादिमीर पुतिन से एक बार फिर कूटनीति और बातचीत की मेज पर लौटने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि अब इस विनाशकारी युद्ध को समाप्त करने का समय आ गया है। जानकारों के मुताबिक, 'ऑपरेशन स्पाइडर्स वेब' के बाद यूक्रेन की ओर से रूस के भीतर किया गया यह अब तक का सबसे बड़ा और आक्रामक हमला है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।