'मुझे और ट्रंप को पार्टियों में बुलाया जाता था, जहां...!' एपस्टीन से रिश्तों पर खुलकर बोलीं अमेरिका की फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप

Epstein Files Case: मेलानिया ने यह भी मांग की कि अमेरिकी संसद (कांग्रेस) एपस्टीन के पीड़ितों के लिए सुनवाई कराए, ताकि वे खुलकर अपनी बात रख सकें। उन्होंने कहा कि हर पीड़ित महिला को मौका मिलना चाहिए कि वह अपनी कहानी सार्वजनिक रूप से बता सके

अपडेटेड Apr 10, 2026 पर 8:36 AM
Story continues below Advertisement
एपस्टीन से संबंध पर खुलकर बोलीं अमेरिका की फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप

अमेरिका की फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप ने गुरुवार को उन सभी आरोपों को खारिज कर दिया, जिनमें उनका नाम बदनाम फाइनेंसर और सेक्स अपराधी जेफरी एपस्टीन से जोड़ा जा रहा था। उन्होंने कहा कि ये आरोप पूरी तरह झूठे और बदनाम करने वाले हैं। मेलानिया ट्रंप ने साफ कहा कि उनका एपस्टीन से कभी कोई रिश्ता नहीं रहा। उन्होंने यह भी बताया कि एपस्टीन की सहयोगी घिसलेन मैक्सवेल से भी उनका सिर्फ सामान्य जान-पहचान तक ही संपर्क था।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ जो बातें फैलाई जा रही हैं, वो सिर्फ उनकी छवि खराब करने की कोशिश है। उन्होंने कहा, “मेरे और एपस्टीन को जोड़ने वाले ये झूठ अब बंद होने चाहिए।”

उन्होंने कहा, “मैं और मेरे वकील इन बेबुनियाद और झूठे आरोपों के खिलाफ सफलतापूर्वक लड़ चुके हैं।” मेलानिया ट्रंप ने आगे कहा कि उनका कभी भी एपस्टीन या उसकी सहयोगी मैक्सवेल से कोई रिश्ता नहीं रहा। उन्होंने यह भी बताया कि मैक्सवेल के साथ उनकी बातचीत सिर्फ सामान्य और औपचारिक स्तर तक ही सीमित थी।


मेलानिया ट्रंप ने कहा, “मैं कभी भी जेफरी एपस्टीन की दोस्त नहीं रही। मुझे और डोनाल्ड ट्रंप को कभी-कभी उन्हीं पार्टियों में बुलाया जाता था, जहां एपस्टीन भी आता था। न्यूयॉर्क सिटी और पाम बीच जैसे इलाकों में ऐसा होना आम बात है।”

उन्होंने साफ तौर पर कहा, “बिल्कुल स्पष्ट कर दूं कि मेरा कभी भी एपस्टीन या उसकी सहयोगी घिसलेन मैक्सवेल के साथ कोई रिश्ता नहीं रहा।”

मेलानिया ने यह भी मांग की कि अमेरिकी संसद (कांग्रेस) एपस्टीन के पीड़ितों के लिए सुनवाई कराए, ताकि वे खुलकर अपनी बात रख सकें। उन्होंने कहा कि हर पीड़ित महिला को मौका मिलना चाहिए कि वह अपनी कहानी सार्वजनिक रूप से बता सके।

उन्होंने कहा, “मैं कांग्रेस से अपील करती हूं कि एप्सटीन केस की पीड़ित महिलाओं के लिए सार्वजनिक सुनवाई कराई जाए, जो पूरी तरह पीड़ितों पर केंद्रित हो। इन महिलाओं को मौका दिया जाए कि वे कांग्रेस के सामने शपथ लेकर अपनी गवाही दे सकें।”

उन्होंने आगे कहा, “हर एक महिला को अधिकार मिलना चाहिए कि अगर वह चाहे तो अपनी कहानी खुलकर सार्वजनिक रूप से बता सके। इसके बाद उसकी गवाही को हमेशा के लिए कांग्रेस के रिकॉर्ड में दर्ज किया जाना चाहिए।”

यह बयान ऐसे समय में आया है जब उनके पति और अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप के एपस्टीन से संबंधों को लेकर फिर से सवाल उठ रहे हैं। हाल ही में अमेरिका के न्याय विभाग की तरफ से एपस्टीन से जुड़े कुछ दस्तावेज जारी किए गए हैं, जिनमें कई बड़े लोगों के नाम सामने आए हैं।

कुछ दस्तावेजों में यह भी आरोप लगाया गया है कि 1980 के दशक में एक महिला से जबरन गलत काम करने की कोशिश की गई थी। हालांकि, डोनाल्ड ट्रंप ने बार-बार कहा है कि उनका एपस्टीन से रिश्ता 2000 के दशक के बीच में खत्म हो गया था और उन्हें उसके अपराधों की जानकारी नहीं थी।

बताया जाता है कि जेफरी एपस्टीन की 2019 में जेल में मौत हो गई थी, जब वह सेक्स तस्करी के आरोपों में मुकदमे का इंतजार कर रहा था।

बिल गेट्स ने अफेयर की बात कबूली, एपस्टीन फाइल में नाम को लेकर फाउंडेशन के कर्मचारियों से माफी मांगी

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।