US inflation: अमेरिका में तीन साल के सबसे ऊंचे स्तर पर महंगाई, एक्सपर्ट्स बोले- मिड टर्म इलेक्शन पर दिख सकता है असर

US inflation: अमेरिका में महंगाई फिर तेजी से बढ़ रही है। गैस और खाने-पीने की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की जेब पर दबाव बढ़ा दिया है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर हालात नहीं सुधरे, तो इसका असर इस साल होने वाले अमेरिकी मिडटर्म चुनावों पर भी दिख सकता है।

अपडेटेड May 28, 2026 पर 7:44 PM
अप्रैल 2026 में महंगाई दर बढ़कर 3.8 प्रतिशत पहुंच गई, जो मई 2023 के बाद सबसे ऊंचा स्तर है।

US inflation: अमेरिका में महंगाई फिर तेजी से बढ़ने लगी है। अप्रैल 2026 में महंगाई दर बढ़कर 3.8 प्रतिशत पहुंच गई, जो मई 2023 के बाद सबसे ऊंचा स्तर है। बढ़ती गैस कीमतों और महंगे खाने-पीने के सामान ने आम लोगों की जेब पर दबाव बढ़ा दिया है।

अमेरिकी वाणिज्य विभाग के मुताबिक, मार्च में महंगाई दर 3.5 प्रतिशत थी। हालांकि मासिक आधार कीमतों में बढ़ोतरी की रफ्तार थोड़ी धीमी रही। अप्रैल में कीमतें 0.4 प्रतिशत बढ़ीं, जबकि मार्च में यह बढ़ोतरी 0.7 प्रतिशत थी।

सिर्फ पेट्रोल नहीं, कई चीजें हुईं महंगी


रिपोर्ट के मुताबिक, सिर्फ गैस और पेट्रोल ही नहीं, बल्कि कई दूसरी जरूरी चीजों के दाम भी बढ़े हैं। इससे संकेत मिल रहे हैं कि महंगाई का दबाव जल्दी खत्म होने वाला नहीं है।

एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर यही स्थिति बनी रही, तो इसका असर अमेरिकी राजनीति पर भी पड़ सकता है। इस साल होने वाले मिडटर्म चुनावों में बढ़ती महंगाई बड़ा मुद्दा बन सकती है।

फेडरल रिजर्व पर बढ़ा दबाव

महंगाई अभी भी अमेरिकी केंद्रीय बैंक Federal Reserve के 2 प्रतिशत लक्ष्य से काफी ऊपर बनी हुई है। ऐसे में अब ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद कमजोर पड़ती दिख रही है।

कुछ अधिकारियों ने तो यह संकेत भी दिए हैं कि आगे जरूरत पड़ी तो ब्याज दरें बढ़ाई भी जा सकती हैं।

कोर महंगाई भी बढ़ी

अगर फूड और एनर्जी जैसी ज्यादा उतार-चढ़ाव वाली कैटेगरी को हटाकर देखा जाए, तो कोर महंगाई अप्रैल में बढ़कर 3.3 प्रतिशत पहुंच गई। मार्च में यह 3.2 प्रतिशत थी। यह नवंबर 2023 के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है।

हालांकि राहत की बात यह रही कि अप्रैल में कोर कीमतें मासिक आधार पर सिर्फ 0.2 प्रतिशत बढ़ीं।

आम लोगों की कमाई पर असर

बढ़ती महंगाई अब लोगों की आमदनी को भी प्रभावित करने लगी है। अप्रैल में अमेरिकी नागरिकों की आय मार्च के मुकाबले लगभग स्थिर रही।

अगर महंगाई के असर को जोड़कर देखा जाए, तो वास्तविक आय में 0.1 प्रतिशत की गिरावट आई। यानी लोगों की कमाई लगभग वहीं रही, लेकिन खर्च लगातार बढ़ते जा रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।