'एक मेरी पत्नी, दूसरे....', जेडी वेंस ने बताए अपने दो पसंदीदा लोग, एक भारतीय तो दूसरा निकला पाकिस्तानी

अमेरिका और ईरान के बीच जारी बातचीत के दौरान अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के एक बयान सोशल मीडिया पर काफी सुर्खियां बटोर रहा है। अमेरिकी उप-राष्ट्रपति जेडी वेंस ने रविवार को अपनी जिंदगी के दो सबसे पसंदीदा लोगों के नाम बताए। इसमें एक भारतीय तो दूसरा पाकिस्तानी निकला

अपडेटेड Jun 21, 2026 पर 9:52 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के एक बयान सोशल मीडिया पर काफी सुर्खियां बटोर रहा है।

स्विट्जरलैंड के बर्गनस्टॉक में जहां एक ओर पाकिस्तान और कतर की मध्यस्थता में अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत हो रही है। वहीं अमेरिका और ईरान के बीच जारी बातचीत के दौरान अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के एक बयान सोशल मीडिया पर काफी सुर्खियां बटोर रहा है। अमेरिकी उप-राष्ट्रपति जेडी वेंस ने रविवार को अपनी जिंदगी के दो सबसे पसंदीदा लोगों के नाम बताए। इसमें एक भारतीय तो दूसरा पाकिस्तानी निकला। वेंस ने जिन दो लोगों को अपना सबसे पसंदीदा बताया, उसमें उनकी भारतीय पत्नी ऊषा वेंस और दूसरे पाकिस्तान के आर्मी चीफ फील्ड मार्शल आसिम मुनीर हैं।

जेडी वेंस ने कही ये बात

वेंस ने अपनी जिंदगी के दो सबसे महत्वपूर्ण लोगों का जिक्र करते हुए अपनी भारतीय मूल की पत्नी उषा वेंस और पाकिस्तान के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर का नाम लिया। उच्चस्तरीय वार्ता की शुरुआत में जेडी वेंस ने बातचीत को संभव बनाने में पाकिस्तान के नेताओं की भूमिका के लिए उनका धन्यवाद किया। इस दौरान उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में एक मजाक भी किया। वेंस ने कहा, "मैं अक्सर मजाक में कहता हूं कि मेरी जिंदगी में दो बेहद अहम लोग हैं। एक भारतीय हैं और एक पाकिस्तानी। भारतीय मेरी पत्नी उषा वेंस हैं और पाकिस्तानी फील्ड मार्शल आसिम मुनीर हैं।"


मुनीर को लेकर कही ये बात

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने राजनयिक प्रयासों में सहयोग देने के लिए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर की सराहना की। उन्होंने दोनों नेताओं को अमेरिका का महत्वपूर्ण सहयोगी बताते हुए उनकी भूमिका की प्रशंसा की। वेंस ने कहा, "पिछले तीन महीनों में मैंने शायद किसी और व्यक्ति की तुलना में फील्ड मार्शल मुनीर से सबसे ज्यादा बातचीत की है। उनकी समझ और दूरदर्शिता के बिना मैं आज यहां मौजूद नहीं होता।" उन्होंने आगे कहा कि आसिम मुनीर न सिर्फ एक कुशल सैन्य नेता हैं, बल्कि उन्होंने खुद को एक प्रभावी और सक्षम राजनयिक के रूप में भी साबित किया है।

जेडी वेंस ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत को इस स्तर तक पहुंचाने में आसिम मुनीर की भूमिका काफी महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने बताया कि इस वार्ता का मुख्य उद्देश्य वॉशिंगटन और तेहरान के बीच शुरुआती सहमति को आगे बढ़ाना और पूरे मध्य पूर्व क्षेत्र में तनाव को कम करना है। वेंस ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर कूटनीतिक प्रयास आगे बढ़ाने की अनुमति दी है। इनमें होर्मुज को दोबारा खोलने और ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़े मामलों पर बातचीत को आगे बढ़ाना शामिल है। उन्होंने कहा कि अमेरिका क्षेत्र में स्थिरता और शांति बनाए रखने के लिए कूटनीतिक रास्ते पर काम करना जारी रखेगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।