मिडिल ईस्ट (पश्चिम एशिया) में चल रहे तनाव को लेकर इस वक्त एक और बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर हमले को लेकर एक नया और बेहद आक्रामक टाइमलाइन सिग्नल दिया है। ट्रंप ने साफ कर दिया है कि ईरान के पास समझौते के लिए बेहद सीमित समय बचा है और अगर बातचीत नाकाम रहती है, तो इसी शुक्रवार-शनिवार तक या फिर अगले हफ्ते की शुरुआत में अमेरिकी सेना ईरान पर दोबारा और बड़ा हमला बोल सकती है। महज एक दिन पहले खाड़ी देशों की गुहार पर हमला टालने वाले ट्रंप के इस नए बयान ने दुनिया भर के रक्षा विशेषज्ञों और तेल बाजारों में खलबली मचा दी है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए एक बार फिर युद्ध की नई तारीखों का संकेत दे दिया है। ट्रंप ने खुले तौर पर चेतावनी दी है कि नए सैन्य एक्शन को लेकर फैसला अगले दो या तीन दिनों में... शायद शुक्रवार या शनिवार, या फिर अगले हफ्ते की शुरुआत में लिया जा सकता है।
हमले से सिर्फ एक घंटे की दूरी पर थे
डोनाल्ड ट्रंप का यह बयान उनके उस दावे के ठीक एक दिन बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के शीर्ष नेताओं के अनुरोध पर उन्होंने मंगलवार को होने वाले हमले को रोक दिया था। ट्रंप ने एक बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि वह ईरान पर दोबारा सैन्य कार्रवाई को मंजूरी देने से महज एक घंटे की दूरी पर थे। उन्होंने कहा था कि हम पूरी तरह से तैयार थे लेकिन कूटनीति और बातचीत को एक आखिरी मौका देने के लिए मैंने इस फैसले को कुछ समय के लिए टाल दिया। लेकिन ट्रंप के ताजा बयान अब अलग ही संकेत दे रहे हैं।
ट्रंप का दोटूक सिग्नल: शर्तों पर समझौता नहीं!
डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि किसी भी समझौते के लिए अमेरिका की कुछ शर्तें पूरी तरह से नॉन निगोशिएबल हैं, यानी उन पर कोई समझौता नहीं हो सकता। ईरान को अपने परमाणु कार्यक्रम को पूरी तरह बंद करना होगा ताकि वह कभी भी परमाणु हथियार न बना सके। ट्रंप ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि तेहरान के लिए समय बहुत तेजी से निकल रहा है। अमेरिकी सेना शॉर्ट नोटिस पर एक बड़े पैमाने के हमले के लिए पूरी तरह मुस्तैद खड़ी है।
वैश्विक बाजारों में हड़कंप, कच्चे तेल की कीमतें अस्थिर
ट्रंप के इस नए सिग्नल के बाद पश्चिम एशिया में अनिश्चितता का माहौल और गहरा गया है। ईरान के परमाणु कार्यक्रम के साथ-साथ दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल मार्ग स्ट्रैट ऑफ हॉर्मुज पर जारी टकराव की वजह से ग्लोबल एनर्जी मार्केट पूरी तरह हिल गया है। युद्ध की आहट के बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें लगातार हिचकोले खा रही हैं जिससे आने वाले दिनों में दुनिया भर में महंगाई बढ़ने का खतरा पैदा हो गया है। हालांकि वाशिंगटन और तेहरान के बीच पर्दे के पीछे बातचीत जारी है, लेकिन अभी तक किसी भी ठोस समझौते की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ट्रंप के इस बयान ने यह स्पष्ट कर दिया है कि यदि इस शुक्रवार या शनिवार तक ईरान ने घुटने नहीं टेके, तो मिडिल ईस्ट में एक विनाशकारी युद्ध की शुरुआत हो सकती है।