US-Iran War Update: 'जहां चाहेंगे, वहीं करेंगे हमला...'; ट्रंप की चेतावनी के बाद ईरान ने अमेरिका को दी धमकी

US-Iran War Update: तेहरान ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों पर हुए हमलों के जवाब में ईरान के पुलों और पावर प्लांट को नष्ट करने की धमकी पर अमल करते हैं, तो ईरान पूरे इलाके में पुलों और अहम इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमले करने पर विचार करेगा

अपडेटेड Jul 23, 2026 पर 8:51 AM
US-Iran War Update: ईरान और अमेरिका के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है

US-Iran War Update: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के पुलों और पावर प्लांटों को निशाना बनाने की धमकी के बाद तेहरान ने सख्त प्रतिक्रिया दी है। ईरान ने चेतावनी दी है कि यदि अमेरिका उसके किसी पुल या बिजली प्लांट पर हमला करता है, तो वह पूरे क्षेत्र में महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे और पुलों को निशाना बनाएगा। इनमें अमेरिकी हितों से जुड़े ऊर्जा प्रतिष्ठान भी शामिल होंगे।

ईरान की सरकारी न्यूज एजेंसी Tasnim के अनुसार, एक वरिष्ठ ईरानी अधिकारी ने कहा, "अगर अमेरिकी सेना किसी ईरानी पुल या पावर प्लांट पर हमला करती है, तो ईरान पूरे क्षेत्र में बुनियादी ढांचे, पुलों और अमेरिकी हितों वाले ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर जवाबी कार्रवाई करेगा।"

अधिकारी ने कहा कि पिछले 10 दिनों की घटनाओं के बाद अमेरिका को यह समझ लेना चाहिए कि ईरान जहां चाहे, जब चाहे, वहां हमला करने की क्षमता रखता है। उन्होंने दावा किया कि ट्रंप यदि ऐसा कोई कदम उठाते हैं तो उन्हें एक बार फिर शर्मिंदगी का सामना करना पड़ेगा।


हॉर्मुज पर कायम रहेगा ईरान का कंट्रोल

ईरान ने साफ कहा कि वह हॉर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) पर अपनी संप्रभुता बनाए रखेगा। इस रणनीतिक समुद्री मार्ग पर नियंत्रण छोड़ने का कोई इरादा नहीं है। यह जलमार्ग वैश्विक तेल आपूर्ति के लिहाज से बेहद अहम माना जाता है।

ट्रंप ने क्या दी थी धमकी?

ईरान की चेतावनी से कुछ घंटे पहले ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा था कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले किसी भी जहाज पर ईरान द्वारा हमला किए जाने की स्थिति में अमेरिका हर बार ईरान के एक पुल या पावर प्लांट को बम से उड़ा देगा।

लगातार 12वीं रात अमेरिकी हमले

अमेरिकी सेना ने दावा किया है कि उसने लगातार 12वीं रात ईरान के ठिकानों पर हमले किए हैं। अमेरिका का कहना है कि इन हमलों का उद्देश्य ईरान की उस क्षमता को कमजोर करना है, जिससे वह क्षेत्रीय समुद्री मार्गों और व्यापारिक जहाजों के लिए खतरा पैदा कर सके।

'आंख के बदले आंख' की नीति दोहराई

ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने भी अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा कि ईरान 'आंख के बदले आंख' की नीति पर कायम है। उन्होंने कहा कि यदि ईरान या उसके बुनियादी ढांचे पर कोई हमला होता है तो उसका शक्तिशाली और निर्णायक जवाब दिया जाएगा।

ईरान पर अमेरिकी हमले जारी

अमेरिकी सेना ने बुधवार को घोषणा की थी कि वह लगातार 12वीं रात ईरान पर हवाई हमले कर रही है। इन हमलों में दोनों तरफ आम लोगों के इस्तेमाल वाली सुविधाओं (सिविलियन इंफ्रास्ट्रक्चर) को निशाना बनाया जा रहा है।

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने कहा कि इन हमलों का मकसद ईरान की उस क्षमता को और कम करना है जिससे वह इलाके के समुद्री रास्तों से गुजरने वाले आम नाविकों और कमर्शियल जहाजों को खतरा पहुंचा सकता है।" अमेरिका होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) पर फिर से कंट्रोल हासिल करने और अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार को सामान्य बनाने की कोशिश कर रहा है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को चेतावनी दी कि अगर ईरान जलडमरूमध्य में किसी जहाज पर हमला करता है, तो अमेरिका जवाब में उसके किसी पुल या पावर प्लांट को नष्ट कर देगा। अमेरिका के ये लगातार हवाई हमले ऐसे समय में हो रहे हैं जब कूटनीतिक कोशिशों में कोई खास प्रगति नहीं दिख रही है।

ये भी पढ़ें- Delhi Metro Stations closed: CJP प्रोटेस्ट के कारण दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशन आज भी बंद! देखें पूरी लिस्ट, यहां मिलेगी इंटरचेंज सुविधा

इस बीच, ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अरागची ने कहा कि उनका देश जैसे को तैसा (tit-for-tat) वाली रक्षा नीति अपनाएगा। ईरान के सरकारी मीडिया ने बताया कि बुधवार देर रात अमेरिकी मिसाइलों ने पश्चिमी ईरान के अहवाज, रामशिर और अंदिमेश्क शहरों के पास की जगहों को निशाना बनाया। सरकारी मीडिया के मुताबिक, इराक सीमा पर स्थित शलामचेह शहर में अमेरिकी मिसाइल हमले में दो लोग मारे गए।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।