US-Iran War Update: ईरान ने घोषणा की है कि होर्मुज स्ट्रेट को फिर से बंद कर दिया गया है। लेबनान पर इजरायल की सैन्य कार्रवाई जारी रहने का हवाला देते हुए यह फैसला किया गया है। ईरान ने कहा है कि यह संघर्ष खत्म करने की प्रतिबद्धताओं को बनाए रखने में अमेरिका विफल रहा है। तेहरान ने कहा कि इससे उस पर विश्वास कम हुआ है। यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब इस सप्ताह के शुरू में अमेरिका और ईरान के बीच अंतरिम समझौते के बाद होर्मुज के रास्ते कमर्शियल जहाजों की आवाजाही फिर शुरू हो गई थी।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने तीन महीने से ज्यादा समय से जारी युद्ध को खत्म करने के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। समझौते के तकनीकी पहलुओं पर बातचीत आज स्विट्जरलैंड में वार्ताकारों द्वारा की जानी है।
अमेरिका ने ईरान के दावे को किया खारिज
इस बीच, अमेरिकी सेना ने जलडमरूमध्य पर ईरान के कंट्रोल के दावे को खारिज कर दिया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने धमकी दी है कि अगर तेहरान के साथ कोई समझौता नहीं हुआ, तो वे इस शिपिंग लेन पर अमेरिकी टोल लागू करेंगे। ईरान की सरकारी न्यूज एजेंसी IRNA का कहना है कि देश का प्रतिनिधिमंडल स्विट्जरलैंड पहुंच गया है। इस प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेरी ग़ालिबाफ कर रहे हैं।
IRNA के मुताबिक, यह प्रतिनिधिमंडल वहां मौजूदा समझौते को लागू करने की प्रक्रिया पर आगे बढ़ने के लिए गया है, न कि बातचीत का दूसरा चरण शुरू करने के लिए। स्विट्जरलैंड के विदेश मामलों के विभाग ने भी X पर एक पोस्ट करके ईरानी प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया है।
साथ ही बताया है कि वे अब बर्गेनस्टॉक के लिए रवाना हो गए हैं। वहीं, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर भी देर रात स्विट्जरलैंड के लिए रवाना हो गए हैं। वे यहां अमेरिका और ईरान के बीच तकनीकी स्तर की बातचीत में हिस्सा लेंगे।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, ईरान के शीर्ष संयुक्त सैन्य कमान खातम अल-अंबिया सेंट्रल मुख्यालय ने कहा कि अमेरिका और इजरायल ने युद्धविराम समझौते की पहली शर्त का स्पष्ट उल्लंघन किया है। साथ ही दक्षिणी लेबनान में जारी सैन्य गतिविधियों को भी समझौते का उल्लंघन बताया गया है।
मुख्यालय ने कहा कि अमेरिका द्वारा युद्ध समाप्ति संबंधी एमओयू की पहली धारा का पालन न करने और लेबनान में इजरायल के हमलों को देखते हुए होर्मुज स्ट्रेट को सभी जहाजों की आवाजाही के लिए बंद किया जा रहा है।
ईरान और अमेरिका के बीच यह एमओयू 18 जून को ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा डिजिटल माध्यम से साइन किया गया था। इस समझौते के तहत ईरान, अमेरिका और उनके सहयोगी देशों के बीच सभी मोर्चों पर सैन्य कार्रवाई तत्काल और स्थायी रूप से समाप्त करने तथा भविष्य में बल प्रयोग या सैन्य धमकी से बचने की प्रतिबद्धता जताई गई थी।
इससे एक दिन पहले ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों के लिए नए नियम लागू किए थे। इनके तहत सभी जहाजों को पहले से पंजीकरण कराना, अनुमति पत्र प्राप्त करना और बीमा संबंधी औपचारिकताएं पूरी करना अनिवार्य किया गया था।
ईरान द्वारा स्थापित नई पर्शियन गल्फ स्ट्रेट अथॉरिटी ने इन नियमों की घोषणा की थी। यह संस्था अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौते के तहत रणनीतिक समुद्री मार्ग पर व्यावसायिक शिपिंग बहाल करने के लिए बनाई गई थी।
इस बीच, अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कहा कि अमेरिकी बलों ने ईरानी बंदरगाहों और तटीय क्षेत्रों की समुद्री नाकेबंदी पूरी तरह समाप्त कर दी है। किसी भी जहाज की आवाजाही में बाधा नहीं डाली जा रही है। हालांकि, अमेरिकी युद्धपोत क्षेत्र में मौजूद रहेंगे ताकि समझौते के सभी प्रावधानों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।