ईरान की न्यूज एजेंसी ने ऐसा दावा किया कि ईरान की सेना ने एक अमेरिकी F-35 फाइटर जेट को गिरा दिया और उसका पायलट अब इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की हिरासत में है। हालांकि, इस दावे की पुष्टि होना अभी बाकी है, लेकिन इस बीच ईरान के सरकारी टीवी पर एक घोषणा की गई कि जो भी अमेरिकी पायलट को जिंदा पकड़ेगा उसे इनाम दिया जाएगा।
ईरान के सरकारी टीवी पर बुर्का पहने एक महिला कागज पर लिखा ऐलान पढ़ती है, “ध्यान दें, प्यारे दर्शकों। ध्यान दें, कोगिलुयेह और बोयर-अहमद प्रांत के रहने वालों, इज्जतदार और बहादुर लोगों, अगर आप दुश्मन के पायलट या पायलटों को पकड़कर पुलिस या मिलिट्री फोर्स को जिंदा सौंप देते हैं, तो आपको एक कीमती इनाम मिलेगा।”
F-35 विमान गिराने और पायलट को पकड़ने के दावे ने पश्चिमी देशों की सेना में हलचल मचा दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, हालांकि अमेरिका ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन इससे पहले 19 मार्च को एक F-35 को नुकसान होने के बाद इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी थी।
साथ ही टीवी पर चल रहे एक और मैसेज में लोगों से ये भी कहा गया कि “अगर पायलट दिखे तो गोली मार दो”, जिससे हालात और ज्यादा तनावपूर्ण हो गए।
इसी बीच ईरान के सरकारी टीवी चैनल इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकॉस्टिंग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दावा किया कि कई आम लोग अपनी गाड़ियों से उस जगह की ओर निकल पड़े हैं, जहां अमेरिकी फाइटर जेट क्रैश हुआ बताया जा रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिमी ईरान में बड़ी संख्या में लोग उस इलाके में पहुंच रहे हैं, ताकि अमेरिकी पायलट को पकड़ सकें। हालांकि, ईरान की सेना ने लोगों से अपील की है कि पायलट के साथ कोई गलत व्यवहार न किया जाए और उसे नुकसान न पहुंचाया जाए।
F-15E फाइटर जेट भी मार गिराने का दावा!
इसके अलावा ईरान के सरकारी चैनल ने एक और बड़ा दावा किया है। उसके मुताबिक, अमेरिका का F-15E Strike Eagle लड़ाकू विमान, जो ब्रिटेन के RAF Lakenheath बेस पर तैनात 494th फाइटर स्क्वाड्रन का हिस्सा है, उसे भी मार गिराया गया है।
IRIB ने कहा कि मौके पर मिले मलबे (खासतौर पर टेल फिन) से यह पुष्टि होती है कि विमान गिराया गया है। हालांकि, इस घटना में पायलट्स का क्या हुआ, इसकी अभी कोई साफ जानकारी नहीं है।
फिलहाल इन सभी दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है, इसलिए इसे लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं मानी जा रही है।