US-Israel Attacks Iran: 'कर दो सरकार का तख्तापलट' हमलों के बाद ईरान की जनता से ट्रंप ने की अपील

अपने संदेश में उन्होंने इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC), ईरानी सेना और पुलिस बल से हथियार डालने की अपील की। ट्रंप ने दावा किया कि जो लोग आत्मसमर्पण करेंगे, उनके साथ निष्पक्ष व्यवहार किया जाएगा और उन्हें पूरी सुरक्षा दी जाएगी

अपडेटेड Feb 28, 2026 पर 3:58 PM
Story continues below Advertisement
US-Israel Attacks Iran: 'कर दो सरकार का तख्तापलट' हमलों के बाद ईरान की जनता से ट्रंप ने की अपील

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि ईरान में सत्ता परिवर्तन अब “नजदीक” है। उन्होंने ईरान की जनता से अपील की कि वे अपनी मौजूदा सरकार के खिलाफ खड़े हों। उन्होंने ईरानी जनता से सरकार की बागडोर अपने हाथ में लेने का आह्वान किया। यह बयान उस समय आया, जब तेहरान और ईरान के दूसरे शहरों में कई धमाकों की खबरें सामने आईं। अमेरिका और इजरायल की संयुक्त सैन्य कार्रवाई के तहत ईरान के सैन्य और रणनीतिक ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हमले किए जा रहे हैं।

ट्रंप ने इन हमलों को “बड़े सैन्य अभियान” की शुरुआत बताया। उन्होंने कहा कि इसका मकसद ईरान की मिसाइल और परमाणु क्षमताओं को खत्म करना है।

अपने संदेश में उन्होंने इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC), ईरानी सेना और पुलिस बल से हथियार डालने की अपील की। ट्रंप ने दावा किया कि जो लोग आत्मसमर्पण करेंगे, उनके साथ निष्पक्ष व्यवहार किया जाएगा और उन्हें पूरी सुरक्षा दी जाएगी।


ट्रंप का यह बयान सामान्य सैन्य चेतावनी से आगे बढ़कर राजनीतिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने ईरानी जनता से कहा कि “आज आजादी का मौका है” और मौजूदा शासन के खत्म होने से देश के लिए एक नए दौर की शुरुआत हो सकती है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को स्वीकार किया कि ईरान के खिलाफ हमले के कारण अमेरिका के लोग हताहत हो सकते हैं।

ट्रंप ने शनिवार तड़के सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा, ‘‘बहादुर अमेरिकी नायकों की जानें जा सकती हैं और हमें भी नुकसान उठाना पड़ सकता है। युद्ध में ऐसा अक्सर होता है।’’

ट्रंप ने ईरान के परमाणु ठिकानों पर जून में हुए हमलों के बाद कहा था, “हमने उन्हें चेतावनी दी थी कि वे परमाणु हथियारों के अपने दुर्भावनापूर्ण प्रयास को फिर कभी शुरू न करें और हमने बार-बार समझौता करने की कोशिश की।’’

उन्होंने आगे कहा कि ईरान ने ‘‘अपने परमाणु हथियार के इरादे को त्यागने के हर मौके को ठुकरा दिया है और हम इसे अब और बर्दाश्त नहीं कर सकते।’’

ट्रंप ने ईरान पर हमलों को ‘‘एक आइडल मिशन’’ बताया और कहा कि ये हमले जरूर थे, क्योंकि ईरान परमाणु हथियार और मिसाइल सिस्टम विकसित करने की कोशिश कर रहा था, जो अमेरिका तक पहुंच सकती थीं।

मध्य पूर्व में जारी इस टकराव ने हालात को और गंभीर बना दिया है और आगे की स्थिति पर पूरी दुनिया की नजर टिकी हुई है।

US-Israel Attacks Iran: ईरान के इंटेलिजेंस हेडक्वार्टर समेत 30 ठिकानों को बनाया निशाना, अमेरिका और इजरायल का तेहरान पर बड़ा हमला

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।