US Nationwide Flight Shutdown Lifted: अमेरिका में शुक्रवार, 13 नवंबर को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पूरे देश में उड़ानों के टेकऑफ पर अचानक रोक लगा दी गई। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) सेंटर्स में कम्युनिकेशन आउटेज की वजह से यह बड़ा कदम उठाया गया था। वैसे अब अमेरिकी परिवहन सचिव सीन डफी ने पुष्टि की है कि देश के एयरस्पेस को फिर से खोल दिया गया है।
गौरतलब है कि 9/11 आतंकी हमलों के बाद यह केवल दूसरा मौका था, जब अमेरिकी हवाई क्षेत्र में इस स्तर का अलर्ट जारी कर देशभर की उड़ानों को जमीन पर रोकना पड़ा।
'साइबर अटैक या Microsoft आउटेज से कोई लिंक नहीं'
अचानक विमानों की आवाजाही रुकने से लोगों में दहशत फैल गई थी और सोशल मीडिया पर इसे साइबर हमले या हालिया माइक्रोसॉफ्ट सर्विस आउटेज से जोड़कर देखा जाने लगा था। इस पर स्थिति स्पष्ट करते हुए होमलैंड सिक्योरिटी सचिव मार्कवेन मुलिन ने किसी भी साइबर अटैक की आशंका को सिरे से खारिज कर दिया।
व्हाइट हाउस के बाहर एक प्रेस ब्रीफिंग में मुलिन ने कहा, 'जनता को अपने प्रियजनों के लिए डरने की कोई जरूरत नहीं है। यह कोई दूसरा 9/11 नहीं है... यह एक टेलीकम्युनिकेशन आउटेज है। मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि इसका माइक्रोसॉफ्ट से कोई संबंध नहीं है। मुझे पता है कि बहुत से लोग यह अंदाजा लगा रहे हैं, लेकिन अब तक की जांच में कोई साइबर हमला नहीं पाया गया है'।
उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि हवा में मौजूद सभी विमान सुरक्षित हैं और उनकी पूरी निगरानी की जा रही है।
क्यों ठप हुआ सिस्टम? पुराने हार्डवेयर ने दिया धोखा
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 13 नवंबर को एहतियात के तौर पर 'नेशनवाइड ग्राउंड स्टॉप' का आदेश दिया था।
परिवहन सचिव सीन डफी के मुताबिक, दोपहर 3:36 बजे देशभर के एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर्स और TRACONs (टर्मिनल रडार अप्रोच कंट्रोल सुविधाओं) के रडार और कम्युनिकेशन सिस्टम में डेटा की अस्थिरता देखी गई।
डफी ने बताया कि जिस वक्त यह खराबी आई, उस समय हवा में 3,500 से अधिक विमान थे। हमारे पायलट और एयर ट्रैफिक कंट्रोलर अच्छी तरह प्रशिक्षित हैं, जिन्होंने तय प्रक्रियाओं का पालन करते हुए सभी विमानों को सुरक्षित लैंड कराया।
डफी ने पुष्टि की कि इस बड़े संकट की असली वजह बेहद पुराना एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम और हार्डवेयर है, जो काम करते-करते बैठ गया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति पिछले एक साल से कांग्रेस से एक बिल्कुल नया एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम बनाने के लिए पूरे फंड की मांग कर रहे हैं।
हजारों उड़ानों पर पड़ा असर: पटरी पर लौटने में लगेंगे कई दिन
चार घंटे से अधिक समय तक चले इस 'नेशनवाइड ग्राउंडिंग' का सीधा असर हवाई यात्रियों पर पड़ा है। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट FlightRadar24 के आंकड़ों के अनुसार:
शुक्रवार को 4,700 से अधिक फ्लाइट्स रद्द कर दी गईं, जबकि 10,000 से ज्यादा उड़ानें देरी से चलीं।
शनिवार को भी संकट जारी है। शनिवार के लिए भी पहले ही 700 से ज्यादा फ्लाइट्स रद्द की जा चुकी हैं।
एविएशन एनालिस्ट्स का मानना है कि इतनी बड़ी संख्या में उड़ानें प्रभावित होने के बाद एयरलाइंस को अपना शेड्यूल पूरी तरह सामान्य करने में अभी कई दिन लग सकते हैं।