अमेरिका में जश्न के बीच हुआ खूनी खेल! लाइव म्यूजिक इवेंट में ताबड़तोड़ फायरिंग, 8 लोगों को लगी गोली

US Mass Shooting Ohio: इस खौफनाक मंजर के बीच वहां मौजूद एक चश्मदीद केविन बेरी ने अपनी जान की परवाह किए बिना कई घायलों की मदद की। केविन के पास मेडिकल ट्रेनिंग है और वह अमेरिकी नौसेना में अपनी सेवाएं दे चुके हैं

अपडेटेड Jun 07, 2026 पर 9:01 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
फायरिंग की आवाज सुनते ही जश्न में डूबे लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई और भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई

US Mass Shooting: अमेरिका के ओहियो राज्य से एक बड़ी गोलीबारी की घटना सामने आई है। ओहियो के टोलेडो शहर में शनिवार शाम एक बेहद लोकप्रिय कम्युनिटी फेस्टिवल 'ओल्ड वेस्ट एंड फेस्टिवल' के पास अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू हो गई। इस गोलाबारी में कम से कम 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

फायरिंग की आवाज सुनते ही त्योहार के जश्न में डूबे लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई और भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और संदिग्ध हमलावर या हमलावरों की तलाश की जा रही है।

फेस्टिवल के म्यूजिक इवेंट के दौरान अचानक गूंजीं गोलियां


टोलेडो पुलिस विभाग के मुताबिक, यह वारदात स्थानीय समयानुसार शनिवार शाम करीब 5:37 बजे हुई। उस समय दो दिवसीय वार्षिक ओल्ड वेस्ट एंड फेस्टिवल चल रहा था, जिसमें लाइव म्यूजिक, फूड स्टॉल और शॉपिंग का आनंद लेने के लिए भारी भीड़ जुटी हुई थी।

चश्मदीदों के अनुसार, लोग पास के एक आर्बोरेटम में लाइव म्यूजिक का मजा ले रहे थे, तभी अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट गूंज उठी। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर छिपने लगे। घटना के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में डरे-सहमे लोग घटनास्थल से भागते हुए दिखाई दे रहे हैं।

नेवी के पूर्व जवान ने बचाई कई लोगों की जान

इस खौफनाक मंजर के बीच वहां मौजूद एक चश्मदीद केविन बेरी ने अपनी जान की परवाह किए बिना कई घायलों की मदद की। केविन के पास मेडिकल ट्रेनिंग है और वह अमेरिकी नौसेना में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

केविन ने बताया कि फायरिंग के बाद उन्होंने जमीन पर एक बंदूक फेंकी हुई देखी। इसके बाद उन्होंने तुरंत आर्बोरेटम इलाके का मुआयना किया, जहां उन्हें कम से कम 5 लोग लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़े दिखाई दिए, जिन्हें उन्होंने प्राथमिक उपचार देने की कोशिश की। इसके तुरंत बाद पुलिस और इमरजेंसी मेडिकल टीमों ने स्ट्रेचर के जरिए घायलों को नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया।

सभी घायलों के बचने की उम्मीद, हमलावर अब भी फरार

टोलेडो के मेयर वेड काप्सुकेविच और सिटी काउंसिल सदस्य थेरेसा मॉरिस ने पुष्टि की है कि इस गोलीबारी में 8 लोग घायल हुए हैं और राहत की बात यह है कि सभी के बचने की उम्मीद है।

पुलिस ने बताया कि फिलहाल गोलीबारी के पीछे की वजह या शूटर के मकसद का पता नहीं चल पाया है। 'संदिग्ध या संदिग्धों' की पहचान करने के लिए जांच जारी है और वे अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस ने डेलवेयर एवेन्यू और रॉबिनवुड एवेन्यू के आसपास के इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।