'पीएम मोदी मेरे अच्छे दोस्त', ट्रंप ने की तारीफ, भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर दिया बड़ा बयान

डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर भारत की टैरिफ नीति पर अपनी पुरानी राय दोहराई। उन्होंने कहा कि कई वर्षों तक भारत ने अमेरिकी उत्पादों पर ज्यादा टैरिफ लगाए, जबकि भारतीय सामानों को अमेरिकी बाजार में बेहतर पहुंच मिलती रही। ट्रंप ने कहा कि लंबे समय तक व्यापार के मामले में अमेरिका को नुकसान हुआ

अपडेटेड Jun 05, 2026 पर 7:44 AM
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए उन्हें अपना अच्छा दोस्त बताया है। ट्रंप ने गुरुवार को उम्मीद जताई कि अमेरिका और भारत के बीच जल्द ही ट्रेड डील पर मुहर लग सकती है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के रिश्ते मजबूत हैं और बातचीत सही दिशा में आगे बढ़ रही है। व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री मोदी बहुत पसंद हैं और दोनों के बीच अच्छे संबंध हैं। ट्रंप ने मोदी को अपना अच्छा मित्र बताते हुए कहा कि उनके साथ उनकी अच्छी समझ और तालमेल है।

भारत के साथ होने वाली है ट्रेड डील - ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति ने भरोसा जताया कि मजबूत रिश्तों की वजह से भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील होने की अच्छी संभावना है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के संबंध सकारात्मक हैं और इसी कारण समझौते तक पहुंचना आसान होगा।


डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर भारत की टैरिफ नीति पर अपनी पुरानी राय दोहराई। उन्होंने कहा कि कई वर्षों तक भारत ने अमेरिकी उत्पादों पर ज्यादा टैरिफ लगाए, जबकि भारतीय सामानों को अमेरिकी बाजार में बेहतर पहुंच मिलती रही। ट्रंप ने कहा कि लंबे समय तक व्यापार के मामले में अमेरिका को नुकसान हुआ। उनके अनुसार, भारत अमेरिकी वस्तुओं पर ज्यादा टैरिफ लगाता था, जबकि बदले में अमेरिका को उतना फायदा नहीं मिलता था। हालांकि, ट्रंप ने यह भी कहा कि पिछले कुछ वर्षों में हालात बदले हैं। उनका दावा है कि अब अमेरिका को भारत के साथ व्यापारिक रिश्तों से पहले की तुलना में अधिक लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि अब ट्रेड बैलेंस बदल चुका है और अमेरिका भारत के साथ कारोबार से अच्छा आर्थिक फायदा कमा रहा है।

दोनों देशों के बीच चल रही है बातचीत

बता दें कि, अमेरिकी राष्ट्रपति का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील को लेकर बातचीत जारी है। दोनों देशों का मानना है कि इस डील से व्यापार बढ़ेगा और दोनों देशों को एक-दूसरे के बाजारों तक बेहतर पहुंच मिलेगी। इस सप्ताह की शुरुआत में अमेरिका का एक डेलिगेशन भारत पहुंचा था। चार दिनों तक चली बैठकों और चर्चा के बाद गुरुवार को दोनों पक्षों ने अंतरिम व्यापार समझौते को लेकर बातचीत का एक दौर पूरा किया। भारत के वाणिज्य मंत्रालय ने कहा कि बातचीत काफी अच्छी रही है । मंत्रालय के अनुसार, भारत और अमेरिका ने फिर से यह भरोसा जताया है कि वे ऐसा समझौता करने के लिए मिलकर काम करेंगे, जिससे दोनों देशों के व्यापार और आर्थिक रिश्ते और मजबूत बन सकें।

वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति से पहले रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने भी भारत को लेकर बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा है कि अमेरिका भारत पर रूस के साथ उसके रिश्ते सहित कई मुद्दों पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन इस तरह की कोशिशें बेकार हैं। सब यह समझ चुके हैं कि दुनिया की सबसे बड़ी आबादी वाले देश और PM मोदी पर दबाव डालना अंतरराष्ट्रीय और द्विपक्षीय संबंधों के लिए हानिकारक है। पुतिन ने कहा कि भारत विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में से एक है और फिलहाल प्रभावशाली आर्थिक विकास दर प्रदर्शित कर रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।