अमेरिका में पढ़ाई का सपने देख रहे भारतीय छात्रों को झटका, ट्रंप प्रशासन ने उठाया ये बड़ा कदम

अमेरिकी विदेश सचिव मार्को रुबियो द्वारा हस्ताक्षरित एक आधिकारिक आदेश में वाणिज्य दूतावासों को छात्र या एक्सचेंज विजिटर वीजा के लिए अपॉइंटमेंट स्लॉट नहीं खोलने का निर्देश दिया गया है

अपडेटेड May 28, 2025 पर 5:41 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
ट्रंप प्रशासन ने पिछले दिनों हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में आने वाले विदेशी छात्रों को लेकर एक बड़ा फैसला लिया था

USA Student Visa: अमेरिका ने नए स्टूडेंट वीजा को लेकर होने वाले इंटरव्यू पर अस्थायी रूप से रोक लगा दिया है। यह न्यूज उन हजारों भारतीय छात्रों के लिए चिंता का विषय बन गई है जो अमेरिका में हायर एजुकेशन का सपना देख रहे हैं। हालांकि अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है कि जिन छात्रों के इंटरव्यू पहले से तय हैं, उन पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा।

नए स्टूडेंट वीजा इंटरव्यू पर क्यों लगी रोक?

अमेरिकी विदेश विभाग ने घोषणा की है कि अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए नए वीजा इंटरव्यू की बुकिंग को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। यह निलंबन इसलिए किया गया है ताकि विभाग सोशल मीडिया जांच के नए और व्यापक दिशानिर्देशों को लागू करने की तैयारी कर सके। नाम न लिखने की शर्त पर एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि यह रोक कुछ समय के लिए यानी अल्पकालिक होगी।

विदेश सचिव मार्को रुबियो द्वारा हस्ताक्षरित एक आधिकारिक आदेश में वाणिज्य दूतावासों को छात्र या एक्सचेंज विजिटर वीजा के लिए अपॉइंटमेंट स्लॉट नहीं खोलने का निर्देश दिया गया है। यह कदम डिजिटल जांच के विस्तार के लिए अपनाए गए लेटेस्ट दिशानिर्देशों के तहत उठाया गया है। विदेश विभाग की प्रवक्ता टैमी ब्रूस ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दोहराया कि अमेरिका वीजा आवेदकों की उचित जांच सुनिश्चित करने के लिए सभी उपलब्ध तरीकों का उपयोग करना जारी रखेगा। उन्होंने कहा, 'चाहे कोई छात्र के रूप में आ रहा हो या किसी अन्य श्रेणी में, हम पूरी तरह से जांच के लिए प्रतिबद्ध हैं।'

ट्रंप प्रशासन ने पिछले दिनों हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में आने वाले अंतरराष्ट्रीय छात्रों की संख्या पर लिमिट लगा दी। हालांकि इस फैसले को अदालत में अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। वैसे आपको बता दें कि बढ़ी हुई जांच प्रक्रिया में आवेदकों की सोशल मीडिया गतिविधि की विस्तृत समीक्षा शामिल है।

क्या होगा इसका असर?


स्टूडेंट वीजा प्रोसेसिंग में देरी से आगामी सत्रों के लिए छात्रों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। कई छात्रों का एडमिशन भी रुक सकता है। साथ ही विश्वविद्यालय के नामांकन और राजस्व पर भी असर पड़ सकता है। अमेरिका के कई संस्थान अंतरराष्ट्रीय छात्रों पर बहुत अधिक निर्भर करते हैं, जो आमतौर पर पूरी ट्यूशन फीस का भुगतान करते हैं। इसकी बदौलत संस्थान सार्वजनिक फंडिंग और रिसर्च ग्रांट में गिरावट की भरपाई करते है। विदेशी छात्रों के एडमिशन प्रभावित होने पर संस्थानों के बजट पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।