US Self Deportation Scheme: अमेरिका के होमलैंड सिक्योरिटी विभाग (DHS) ने अवैध रूप से रह रहे प्रवासियों के लिए एक नई स्कीम शुरू की है। इस योजना के तहत स्वेच्छा से अपने देश लौटने वाले प्रवासियों को न केवल मुफ्त हवाई टिकट दिया जा रहा है, बल्कि 2,600 डॉलर यानी करीब 2.2 लाख रुपये का 'एग्जिट बोनस' भी मिल रहा है। हैरानी की बात यह है कि इस अभियान को प्रमोट करने के लिए अमेरिकी सरकार ने ताजमहल की तस्वीर का इस्तेमाल किया है, ताकि भारतीय प्रवासियों को आकर्षित किया जा सके।
क्या है 'CBP Home' योजना?
अमेरिकी प्रशासन ने अवैध प्रवासियों को बिना किसी डर या गिरफ्तारी के अपने देश लौटने का एक सम्मानजनक रास्ता दिया है। यह स्कीम मुख्य रूप से भारत, चीन और कोलंबिया जैसे देशों के प्रवासियों के लिए है। इसके तहत प्रवासियों को 'Customs and Border Protection' (CBP) ऐप का इस्तेमाल कर अपनी जानकारी दर्ज करनी होगी और वापस जाने की इच्छा जतानी होगी। DHS के आंकड़ों के अनुसार, जनवरी 2025 में लॉन्च होने के बाद से अब तक 22 लाख से ज्यादा अवैध प्रवासी इस योजना का लाभ उठा चुके हैं।
जो प्रवासी इस ऐप के जरिए खुद को रजिस्टर करेंगे, उन्हें एक बड़ी राहत यह मिलेगी कि प्रस्थान की तारीख तक अमेरिकी एजेंसी (ICE) उन्हें हिरासत में लेने या उन पर कोई कानूनी कार्रवाई करने में प्राथमिकता नहीं देगी। इससे प्रवासियों को अपना काम समेटने, स्कूल या निजी मामलों को सुलझाने के लिए पर्याप्त समय मिल जाएगा।
योजना के तहत मिलने वाले मुख्य फायदे
अमेरिका सरकार ने इस 'सेल्फ-डिपोर्टेशन' को आकर्षक बनाने के लिए कई रियायतें दी हैं:
बड़ा नकद इनाम: घर पहुंचने पर प्रवासी को 2,600 डॉलर का बोनस मिलेगा।
फ्री हवाई टिकट: भारत, चीन और कोलंबिया के नागरिकों को मुफ्त फ्लाइट टिकट दी जाएगी।
जुर्माना माफी: अगर किसी प्रवासी पर पहले से देश न छोड़ने का कोई जुर्माना बकाया है, तो उसे पूरी तरह माफ कर दिया जाएगा।
सम्मानजनक विदाई: यात्रियों को सामान्य यात्रियों की तरह भेजा जाएगा। उन्हें न तो गिरफ्तार किया जाएगा, न ही उन पर किसी तरह की पाबंदी या हथकड़ी का इस्तेमाल होगा।
ताजमहल की तस्वीर पर चर्चा
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर DHS ने इस योजना का प्रचार करने के लिए भारत के ताजमहल, कोलंबिया और चीन के प्रसिद्ध लैंडमार्क्स की तस्वीरों का उपयोग किया है। इसका मकसद उन अवैध प्रवासियों तक पहुंचना है जो गिरफ्तारी के डर से छिपे हुए हैं और उन्हें यह समझाना है कि वे सुरक्षित तरीके से अपने घर लौट सकते हैं। हालांकि, सोशल मीडिया पर इसे लेकर भारी विरोध भी देखने को मिल रहा है। की यूजर्स ने ये कमेंट किया है कि, ऐसे स्कीम में ताज महल की फोटो लगाना इसका अपमान है।