अपनों की तलाश में भटकते परिजन, सड़कों पर सोते लोग...वेनेजुएला में भूकंप के बाद दर्दनाक हालात

Venezuela earthquake : भूकंप के बाद उत्तरी वेनेजुएला में कई परिवार अपने लापता रिश्तेदारों की तलाश में जुटे हैं। लोग जगह-जगह गुमशुदा लोगों के पोस्टर लगा रहे हैं और उनके नामों की हाथ से लिखी सूचियां लोगों के बीच बांट रहे हैं, ताकि कोई जानकारी मिल सके। भूकंप के कारण कई इलाकों में बिजली और मोबाइल नेटवर्क ठप हो गया है

अपडेटेड Jun 26, 2026 पर 5:42 PM
इमारतें बनीं मलबा, हवाई अड्डा बंद... वेनेज़ुएला में भूकंप ने मचाई भारी तबाही

वेनेजुएला में बुधवार (24 जून) शाम को एक मिनट के भीतर दो तेज भूकंप आए। पहले भूकंप की तीव्रता 7.2 और दूसरे की 7.5 मापी गई। इन दोनों भूकंपों के तेज झटके पूरे इलाके में महसूस किए गए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। लोग तुरंत अपने घरों और इमारतों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। बताया जा रहा है कि यह पिछले 100 से अधिक वर्षों में वेनेजुएला  में आए सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से एक है।

Venezuela1

 235 की मौत, 4,300 से ज्यादा लोग घायल


वेनेजुएला  में आए दो शक्तिशाली भूकंपों के बाद हालात लगातार गंभीर बने हुए हैं। देश के स्वास्थ्य मंत्री कार्लोस अल्वाराडो ने बताया कि इस आपदा में अब तक करीब 235 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 4,300 से अधिक लोग घायल हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की संख्या अभी और बढ़ सकती है, क्योंकि हजारों लोग अब भी लापता हैं। प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है और मलबे में फंसे लोगों को निकालने की कोशिश की जा रही है।

Venezuela2

इस इलाके में सबसे ज्यादा तबाही

वेनेजुएला  की राजधानी के उत्तर में स्थित ला गुएरा तटीय इलाका भूकंप से सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। यहां कई इमारतें ढह गईं, सड़कों में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गईं और लोग मलबे में फंसे अपने परिजनों की तलाश करते रहे। भूकंप की वजह से इस इलाके में स्थित देश के मुख्य हवाई अड्डे को भी नुकसान पहुंचा है। सुरक्षा के मद्देनजर हवाई अड्डे का संचालन फिलहाल बंद कर दिया गया है। इससे राहत और बचाव कार्यों में भी दिक्कतें आ रही हैं।

Venezuela3

मलबे में फंसे लोगों को बचाने की कोशिश जारी

भूकंप के बाद राहत और बचाव दल समय से मुकाबला करते हुए मलबे में फंसे लोगों को निकालने में जुटे हैं। स्थानीय लोग भी बचाव अभियान में टीमों का पूरा साथ दे रहे हैं। कई जगहों पर बच्चों समेत घायल लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के भावुक दृश्य सामने आए। एक घटना में बचावकर्मियों ने कंक्रीट के भारी स्लैब के नीचे फंसी एक महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। मलबे के ऊपर सिर्फ उसका पैर दिखाई दे रहा था, लेकिन काफी मशक्कत के बाद टीम ने उसकी जान बचा ली।

Venezuela4

अपनों की तलाश में भटकते परिवार

भूकंप के बाद उत्तरी वेनेजुएला में कई परिवार अपने लापता रिश्तेदारों की तलाश में जुटे हैं। लोग जगह-जगह गुमशुदा लोगों के पोस्टर लगा रहे हैं और उनके नामों की हाथ से लिखी सूचियां लोगों के बीच बांट रहे हैं, ताकि कोई जानकारी मिल सके। भूकंप के कारण कई इलाकों में बिजली और मोबाइल नेटवर्क ठप हो गया है। इससे संचार व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है। विदेशों में रहने वाले वेनेजुएला  के लोगों को भी अपने परिवार और रिश्तेदारों से संपर्क करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Venezuela5

आफ्टरशॉक के डर से लोगों ने खुले आसमान के नीचे बिताई रात

भूकंप के बाद लगातार आने वाले झटकों के डर से हजारों लोग अपने घरों और इमारतों से बाहर निकल आए। सुरक्षा के लिए कई परिवारों ने पूरी रात पार्कों, पार्किंग स्थलों और अन्य खुली जगहों पर बिताई। राजधानी काराकस में भी लोगों में दहशत का माहौल रहा। इमारतों के गिरने की आशंका के चलते बड़ी संख्या में लोग रातभर बाहर ही रहे। वहीं, शहर के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, मेट्रो सेवाएं बंद करनी पड़ीं और गैस की सप्लाई भी प्रभावित होने की खबरें सामने आईं।

Venezuela6

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।