Philippines Earthquake: दक्षिण-पूर्व एशियाई देश फिलीपींस के कुछ हिस्सों में सोमवार सुबह आए 7.8 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, भूकंप का केंद्र फिलीपींस के मिंडानाओ द्वीप के पास दर्ज किया गया। वहीं, इस घटना के बाद से सोशल मीडिया पर भूकंप के झटकों से हुए नुकसान को लेकर कुछ वीडियो सामने आए हैं।
सोशल मीडिया पर भूकंप के कई वीडियो आए सामने
सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे भूकंप के कारण मनीला के डेपएड महायाहाय एलीमेंट्री स्कूल में चल रहा फ्लैग सेरेमनी बीच में ही रोकना पड़ा। वीडियो के अनुसार, भूकंप के झटकों के बाद छात्र और शिक्षक एक अस्थायी इमारत के गिरने पर वहां से भागकर सुरक्षित जगह की ओर जाते नजर आ रहे हैं।
वहीं, इंटरनेट पर एक और वीडियो सामने आया है, जिनमें फिलीपींस के लोग अपने दैनिक जीवन में व्यस्त दिख रहे हैं और भूकंप आने पर एक निर्माणाधीन इमारत हिल रही है।
बताया जा रहा है कि इस बेहद तीव्रता वाले भूकंप के तुरंत बाद फिलीपींस, इंडोनेशिया और जापान समेत एशिया के कई तटीय इलाकों में सुनामी का हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) और जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज (GFZ) के मुताबिक, भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 7:40 बजे आया। बता दें कि भूकंप के झटके पड़ोसी देश इंडोनेशिया के नॉर्थ सुलावेसी और नॉर्थ मालुकु प्रांतों में भी महसूस किए गए हैं।