Vietnam Boat Accident: वियतनाम के मशहूर फु क्वोक आइलैंड के पास एक स्पीडबोट के पलटने से हुए दर्दनाक हादसे में कम से कम 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई। इसके बाद बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया गया और प्रभावित परिवारों की मदद के लिए आपातकालीन कदम उठाए गए। स्थानीय मीडिया VnExpress के मुताबिक, यह नाव ओशन पर्ल आइलैंड कंपनी की थी। इसमें 32 भारतीय पर्यटक और 4 क्रू मेंबर सवार थे। यह नाव होन मे रूट द्वीप से अन थोई पोर्ट की ओर जा रही थी, जो फु क्वोक से करीब 25 किलोमीटर दूर है। इस दौरान किनारे से लगभग 400 मीटर दूर अचानक नाव पलट गई, जिसके बाद यह हादसा हुआ।
इस घटना के बाद स्थानीय अधिकारियों ने 21 लोगों को बचाया, जिनमें तीन क्रू मेंबर और एक अटेंडेंट शामिल थे, जबकि हादसे में 15 पर्यटकों की मौत हो गई। वहीं, पलटी हुई नाव को देखकर आसपास मौजूद अन्य टूरिस्ट बोट्स तुरंत मदद के लिए मौके पर पहुंच गईं और बचाव कार्य में जुट गईं।
वियतनाम में भारतीय दूतावास ने कहा, "एक दुखद घटना में, कुछ घंटे पहले वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास कई भारतीय पर्यटकों को ले जा रही एक नाव पलट गई। घटना की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है और स्थानीय अधिकारियों द्वारा खोज और बचाव अभियान चलाया जा रहा है।"
वियतनाम में भारतीय दूतावास ने उन 32 भारतीय पर्यटकों के नाम बताए जो फू क्वोक के पास पलटी नाव पर सवार थे। दूतावास ने कहा, "हम हताहतों के बारे में और जानकारी जुटा रहे हैं और जल्द ही अपडेट देंगे।"
रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे के समय समुद्र में हालात खराब थे और वहां तेज ऊंची लहरें उठ रही थीं। माना जा रहा है कि समुद्र की उथल-पुथल के कारण नाव पलट गई, हालांकि उस समय बारिश नहीं हो रही थी और इलाके में दूसरी टूरिस्ट नावें भी चल रही थीं।
फू क्वोक स्पेशल इकोनॉमिक जोन के अधिकारियों के अनुसार, नाव किनारे से 400 मीटर दूर पलटी, जिससे उस पर सवार सभी लोग समुद्र में गिर गए। जिसके बाद अधिकारी बचाव कार्य शुरू करने के लिए तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे।
एक नाव ऑपरेटर ने VnExpress को बताया कि उनकी नाव लगभग पांच मिनट में घटनास्थल पर पहुंच गई थी, लेकिन कई भारतीय पर्यटक नाव के अंदर फंसे हुए थे, जिससे बचाव कार्य मुश्किल हो गया। उन्होंने कहा, "सिर्फ कुछ लोगों को ही होश की हालत में बाहर निकाला जा सका।"
एन थोई बॉर्डर गार्ड ने नेवी, कोस्ट गार्ड और दूसरे अधिकारियों के साथ मिलकर बचाव कार्य में शामिल होने के लिए दो जहाज और 35 अधिकारी भेजे। बचाव दल सभी 36 लोगों को किनारे पर ले आएं, जिनमें 15 भारतीय पर्यटक (दो महिलाओं और 13 पुरुष) की मौत की पुष्टि हुई।
वियतनाम का सबसे बड़ा द्वीप, फु क्वोक, देश के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में से एक है और यहाँ भारत से हजारों पर्यटक आते हैं। मे रूट द्वीप स्नॉर्कलिंग और डाइविंग जैसी वॉटर एक्टिविटीज के लिए काफी मशहूर है।