Russia Europe Conflict & Ukraine Peace Talks: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूरोप के साथ किसी भी तरह के सैन्य टकराव की आशंकाओं को पूरी तरह खारिज कर दिया है। नाटो के कुछ यूरोपीय सदस्य देशों द्वारा रूस के हमले की चेतावनी दिए जाने के बाद पुतिन ने दोटूक कहा कि मॉस्को की यूरोपीय देशों से दुश्मनी बढ़ाने की कोई 'मंशा' नहीं है और रूस यूरोप के साथ किसी भी तरह के युद्ध की तैयारी नहीं कर रहा है।
सेंट पीटरसबर्ग में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए राष्ट्रपति पुतिन ने यूरोप की सैन्य तैयारियों और यूक्रेन के साथ रुकी हुई शांति वार्ता की संभावनाओं पर खुलकर बात की।
'यूरोप से किसी टकराव की तैयारी नहीं'- पुतिन
यूरोपीय देशों द्वारा रूस से भावी हमले के दावों पर सवाल उठाते हुए पुतिन ने कहा, 'यूरोप में कई लोग यह बात कर रहे हैं कि उन्हें रूस से हमले की आशंका है, इसलिए उनका मानना है कि उन्हें खुद युद्ध की तैयारी करनी चाहिए। मैं एक बार फिर जोर देकर कहना चाहता हूं कि हम यूरोप के साथ किसी भी तरह के संघर्ष की तैयारी नहीं कर रहे हैं।'
पुतिन ने नाटो के उन दावों की तीखी आलोचना की जिनमें कहा जा रहा है कि मॉस्को व्यापक संघर्ष की पृष्ठभूमि तैयार कर रहा है।
यूरोप में बढ़ता तनाव और नाटो के आरोप
पुतिन का यह बयान ऐसे समय में आया है जब कई यूरोपीय देशों ने रूस की ओर से संभावित तोड़फोड़, ड्रोन गतिविधियों और अन्य सीक्रेट हाइब्रिड ऑपरेशन्स पर गहरी चिंता जताई है।
हाल ही में जर्मनी ने मॉस्को पर लेइपज़िग एयरपोर्ट पर ड्रोन हमले की योजना बनाने का आरोप लगाया था। वहीं, पोलैंड ने भी चेतावनी दी थी कि रूस यूक्रेन का समर्थन करने वाले देशों पर मिसाइलें और ड्रोन दाग सकता है।
वैसे क्रैमलिन ने बार-बार दोहराया है कि वह नाटो देशों के साथ सीधे टकराव की ओर नहीं बढ़ रहा है और उसने यूरोपीय संघ या नाटो सदस्यों में किसी भी प्रकार की तोड़फोड़ में अपनी संलिप्तता से साफ इनकार किया है।
यूक्रेन के साथ शांति वार्ता की टेबल पर वापसी संभव, लेकिन...
यूक्रेन के साथ शांति वार्ता फिर से शुरू करने के सवाल पर राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि वार्ता के प्रस्ताव अब भी टेबल पर मौजूद हैं, लेकिन रूस अपने अगले कदम सोच-समझकर उठाएगा। पुतिन ने संकेत दिया कि हाल ही में रूसी क्षेत्र में हुए यूक्रेनी हमलों के बाद मॉस्को अपनी रणनीति और स्थिति पर विचार कर रहा है।
पुतिन ने कहा, फिर से बातचीत शुरू करने के प्रस्ताव टेबल पर हैं और यह बिल्कुल संभव है लेकिन यूक्रेन द्वारा की गई हालिया हरकतों के बाद, हम अपने अगले कदमों पर गहराई से विचार करेंगे।'