VIDEO: पुलवामा हमले के मास्टरमाइंड हमजा बुरहान के जनाजे में जुटा मजमा, दिखे कई मोस्ट वांटेड आतंकी

Hamza Burhan: हमजा बुरहान को आतंकी हलकों में कोडनेम 'डॉक्टर' से जाना जाता था। वह मूल रूप से जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के रत्नीपोरा का रहने वाला था, जो बाद में वैध दस्तावेजों के सहारे पाकिस्तान भाग गया था। पिछले कुछ सालों से वह PoK में अपनी पहचान छिपाकर एक टीचर के रूप में रह रहा था। वह मुजफ्फराबाद में एक प्राइवेट कॉलेज के प्रिंसिपल के रूप में काम कर रहा था

अपडेटेड May 23, 2026 पर 3:16 PM
Story continues below Advertisement
इस घटना के बाद शुक्रवार को इस्लामाबाद में हुए उसके जनाजे में पाकिस्तान का असली चेहरा एक बार फिर बेनकाब हो गया

Pulwama Attack Mastermind: भारत के खिलाफ साजिश रचने वाले आतंकियों के लिए पाकिस्तान भी अब सुरक्षित पनाहगाह नहीं रह गया है। साल 2019 में हुए पुलवामा आतंकी हमले के मुख्य मास्टरमाइंड और 'अल-बद्र' (Al-Badr) के कमांडर हमजा बुरहान की पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में अज्ञात बंदूकधारियों ने गोली मारकर हत्या कर दी है।

इस घटना के बाद शुक्रवार को इस्लामाबाद में हुए उसके जनाजे में पाकिस्तान का असली चेहरा एक बार फिर बेनकाब हो गया। सुरक्षा सूत्रों और सोशल मीडिया पर सामने आए विजुअल्स के मुताबिक, इस जनाजे में भारत के मोस्ट वांटेड आतंकी सैयद सलाहुद्दीन और अल-बद्र चीफ बख्त जमीन खान समेत कई खूंखार आतंकी खुलेआम शामिल हुए।

प्रिंसिपल बनकर PoK में छिपा था 'डॉक्टर'


हमजा बुरहान को आतंकी हलकों में कोडनेम 'डॉक्टर' से जाना जाता था। वह मूल रूप से जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के रत्नीपोरा का रहने वाला था, जो बाद में वैध दस्तावेजों के सहारे पाकिस्तान भाग गया था।

पिछले कुछ सालों से वह PoK में अपनी पहचान छिपाकर एक टीचर के रूप में रह रहा था। वह मुजफ्फराबाद में एक प्राइवेट कॉलेज के प्रिंसिपल के रूप में काम कर रहा था।

गुरुवार सुबह जब वह कॉलेज परिसर से बाहर निकला, तो अज्ञात हमलावरों ने बेहद करीब से उसके सिर में तीन गोलियां मार दीं। उसे वेंटिलेटर पर रखा गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

जनाजे में ISI अधिकारी और AK-47 से लैस सुरक्षा

पाकिस्तान में पिछले कुछ समय से भारत के दुश्मनों की हो रही 'टारगेट किलिंग' से आतंकी संगठन इस कदर डरे हुए हैं कि हम्ज़ा के जनाजे में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम देखे गए।

अल-बद्र चीफ बख्त जमीन खान के चारों तरफ AK-47 और आधुनिक हथियारों से लैस आतंकियों का कड़ा घेरा था।

सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, इस जनाजे में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के अधिकारी भी साफ तौर पर मौजूद देखे गए, जो पाकिस्तान और आतंकियों के बीच के गठजोड़ को एक बार फिर साबित करता है।

पुलवामा हमले में क्या थी भूमिका?

हमजा बुरहान 2019 के उस आत्मघाती पुलवामा हमले का मुख्य साजिशकर्ता था, जिसमें भारत के 40 से ज्यादा CRPF जवान शहीद हो गए थे। हमले के वक्त उसने 'ओवर ग्राउंड वर्कर' (OGW) के रूप में काम किया था।

उसकी खतरनाक आतंकी गतिविधियों को देखते हुए भारत के गृह मंत्रालय ने साल 2022 में उसे 'नामित आतंकी' घोषित किया था।

सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, वह कश्मीर के युवाओं को भड़काने, आतंकियों की भर्ती करने और पाकिस्तान से टेरर फंडिंग का इंतजाम करने का मुख्य काम देखता था।

एक संदिग्ध गिरफ्तार, पाकिस्तान का 'आतंकी नेक्सस' बेनकाब

स्थानीय पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया है और हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया है। चश्मदीदों ने बताया कि आरोपी बाइक से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।

हमजा बुरहान की मौत उन दर्जनों आतंकियों की लिस्ट में नया नाम है, जो पिछले कुछ सालों में पाकिस्तान के अंदर रहस्यमय तरीके से मारे गए हैं। इससे पहले पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ के करीबी सहयोगी को हाफिज सईद के बेटे के साथ मंच साझा करते देखा गया था। वहीं पिछले साल 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान मारे गए आतंकियों के जनाजे में भी पाकिस्तानी सेना के बड़े अधिकारी शामिल हुए थे, जो उनके मिलिट्री-टेरर नेक्सस को उजागर करता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।