Warren Buffett news: दिग्गज अरबपति निवेशक वॉरेन बफेट ने पिछले करीब दो दशकों में पहली बार गेट्स फाउंडेशन को दिए जाने वाले अपने सालाना अरबों डॉलर के दान को रोकने का फैसला किया है। 'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' की रिपोर्ट के मुताबिक 95 वर्षीय बफेट संगठन के सह-संस्थापक बिल गेट्स और यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन के पुराने संबंधों की चल रही बाहरी जांच के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं।
यही वजह है कि बर्कशायर हैथवे के चेयरमैन ने मिड ईयर में दिए जाने वाले अपने पारंपरिक शेयरों के दान को फिलहाल टाल दिया है। उम्मीद जताई जा रही है कि वह इस साल के अंत में संभवतः अपने पारंपरिक थैंक्सगिविंग लेटर के दौरान इस फैसले की समीक्षा करेंगे।
जेफ्री एपस्टीन विवाद और गेट्स फाउंडेशन
बिल गेट्स और जेफ्री एपस्टीन के बीच संबंधों को लेकर गेट्स फाउंडेशन लगातार विवादों में घिरा हुआ है। इसी साल जनवरी में अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा जारी किए गए ईमेल्स से यह भी सामने आया था कि एपस्टीन और गेट्स फाउंडेशन के स्टाफ के बीच बातचीत हुई थी। फरवरी में अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा एपस्टीन से जुड़ी फाइलें जारी किए जाने के बाद माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स की छवि को काफी नुकसान पहुंचा है। इस विवाद के बाद गेट्स फाउंडेशन के सीईओ मार्क सुजमैन एक्सटर्नल रिव्यू के आदेश दिए थे ताकि एपस्टीन के साथ फाउंडेशन के पिछले जुड़ाव का आकलन किया जा सके। इस जांच के नतीजे इसी गर्मी में आने की उम्मीद है।
नतीजों के इंतजार में वॉरेन बफेट
रिपोर्ट में बफेट के प्लान से वाकिफ लोगों के हवाले से बताया गया है कि वॉरेन बफेट और उनके करीबी लोग गेट्स फाउंडेशन के नेतृत्व और सीईओ मार्क सुजमैन के लगातार संपर्क में हैं। वे इस बाहरी जांच और एपस्टीन के साथ फाउंडेशन के पिछले जुड़ाव को बेहतर ढंग से समझना चाहते हैं।
बफेट ने पहले ही इस साल की शुरुआत में संकेत दे दिए थे कि वह अपने सालाना दान पर कोई भी फैसला लेने से पहले एपस्टीन फाइलों से निकलने वाली जानकारियों की समीक्षा करना चाहते हैं। मार्च में सीएनबीसी को दिए एक इंटरव्यू में बफेट ने बताया था कि जब से अमेरिकी न्याय विभाग ने एपस्टीन से जुड़े दस्तावेज जारी किए हैं तब से उन्होंने बिल गेट्स से बात नहीं की है।
बिल गेट्स और वॉरेन बफेट के रिश्तों में दरार?
वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले कुछ महीनों में बफेट और बिल गेट्स के रिश्ते तनावपूर्ण हो गए हैं। इसका अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि बिल गेट्स इस साल बर्कशायर हैथवे की सालाना शेयरधारकों की बैठक (में शामिल नहीं हुए। पिछले कई सालों में यह पहली बार था जब गेट्स इस इवेंट में नहीं पहुंचे।
गेट्स फाउंडेशन का सबसे बड़ा दानदाता
वॉरेन बफेट ने साल 2006 से 2025 के बीच गेट्स फाउंडेशन को बर्कशायर हैथवे के लगभग 47 से 48 अरब डॉलर के शेयर दान किए हैं। फाउंडेशन को बफेट के फिलेंथ्रॉपी फंड का सबसे बड़ा शेयर मिलता रहा है।
अकेले पिछले साल का उनका दान 4.5 अरब डॉलर से अधिक का था। रिपोर्ट में यह भी साफ किया गया है कि बफेट के इस फैसले का उनके अपने परिवार द्वारा संचालित फाउंडेशन्स पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उनके बच्चों द्वारा प्रबंधित फाउंडेशन्स और सुसान थॉम्पसन बफेट फाउंडेशन को मिलने वाला सालाना दान पहले की तरह जारी रहेगा।
बिल गेट्स ने आरोपों पर क्या कहा?
70 वर्षीय बिल गेट्स पर किसी भी तरह के अपराध का आरोप नहीं लगाया गया है। उन्होंने बार-बार कहा है कि उन्हें एपस्टीन से मिलने का बेहद अफसोस है लेकिन इसके साथ ही उन्होंने एपस्टीन के किसी भी आपराधिक आचरण में शामिल होने या उसकी जानकारी होने से साफ इनकार किया है।
बिल गेट्स के मुताबिक एपस्टीन के साथ उनके संबंध केवल परोपकार के कार्यों तक ही सीमित थे और उससे मिलना उनकी एक गलती थी। उन्होंने इस बात से भी इनकार किया है कि उन्होंने एपस्टीन के यौन शोषण के पीड़ितों के साथ कोई समय बिताया था या कभी उसके आपराधिक आचरण को देखा था।