Aspergillus Fumigatus: अमेरिका के कुछ राज्यों में एक जानलेवा फंगस तेजी से फैल रहा है। एस्परगिलस फ्यूमिगेटस (Aspergillus fumigatus) नाम के हवा में फैलने वाले इस फंगस को लेकर हेल्थ एक्सपर्ट चिंता जता रहे हैं। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि यह फंगस जानलेवा फेफड़ों के संक्रमण का कारण बनता है। बढ़ा हुआ तापमान इसके पनपने के लिए आदर्श परिस्थितियां पैदा करता जो एक बड़ा खतरा पैदा कर रहा है।
डेली मेल की रिपोर्ट के अनुसार, यह फंगस अब फ्लोरिडा, लुइसियाना, टेक्सास, जॉर्जिया और कैलिफोर्निया जैसे गर्म और आर्द्र मौसम वाले राज्यों में तेजी से पाया जा रहा है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने एस्परगिलस फ्यूमिगेटस में उपचार के प्रति बढ़ती प्रतिरोधक क्षमता और हाई मृत्यु दर का हवाला देते हुए इसे 'महत्वपूर्ण प्राथमिकता' वाले रोगजनक के रूप में नामित किया है।
एस्परगिलस फ्यूमिगेटस और इसके लक्षण क्या हैं?
एक बार सांस के जरिए अंदर जाने पर यह फंगस गंभीर सांस के संक्रमण का कारण बन सकता है। कमजोर इम्यूनिटी वाले या पहले से फेफड़ों की बीमारी वाले लोगों में इसका असर तेजी से होता है। इसके प्रभाव से शरीर के अंग काम करना बंद कर सकते है और मृत्यु भी हो सकती है। यह फंगस आमतौर पर मिट्टी, खाद के ढेर और नम वातावरण में पाया जाता है, जहां यह 120°F जितना उच्च तापमान भी सह सकता है।
सीडीसी ने एस्परगिलस फ्यूमिगेटस के प्रसार पर क्या कहा?
यूएस सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन(CDC) ने एस्परगिलस फ्यूमिगेटस के संपर्क में आने के जोखिम को कम करने के लिए एहतियाती सलाह जारी की है। CDC ने कहा कि ये उपाय पूर्ण सुरक्षा की गारंटी नहीं दे सकते हैं, लेकिन इनकी सिफारिश की जाती है। खासकर कमजोर इम्यूनिटी वाले और श्वसन संबंधी समस्याओं से पीड़ित लोगों के लिए।
सीडीसी ने लोगों को N95 मास्क पहनने की सलाह दी है। साथ ही बागवानी जैसी बाहरी गतिविधियों के दौरान लोगों को लंबी आस्तीन वाले कपड़े, फुल पैंट और बंद-पैर वाले जूते पहनने चाहिए और मिट्टी या खाद के साथ सीधे संपर्क से बचना चाहिए। किसी भी कट या खरोंच के मामले में संक्रमण के जोखिम को कम करने के लिए उस क्षेत्र को तुरंत साबुन और पानी से धोना चाहिए।