ट्रंप पर जानलेवा हमला! व्हाइट हाउस के पास हुई अंधाधुंध फायरिंग, अमेरिकी कमांडो ने हमलावर को किया ढेर

White House Shooting News: शाम करीब 6 बजे हुए इस हमले के तुरंत बाद पूरे व्हाइट हाउस परिसर को हाई-अलर्ट पर डालते हुए अस्थाई तौर पर लॉकडाउन कर दिया गया। इस गोलीबारी में वहां मौजूद एक आम नागरिक भी घायल हुआ है, जिसे अस्पताल पहुंचाया गया है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि उस नागरिक को हमलावर की गोली लगी है या सुरक्षाकर्मियों की

अपडेटेड May 24, 2026 पर 8:03 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
घटना के वक्त राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के अंदर ही मौजूद थे

White House Shooting: अमेरिका के राष्ट्रपति भवन यानी 'व्हाइट हाउस' के पास शनिवार शाम हड़कंप मच गया। दरअसल एक हथियारबंद हमलावर ने सुरक्षा चौकी पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। व्हाइट हाउस के सुरक्षा घेरे की जिम्मेदारी संभालने वाली 'सीक्रेट सर्विस' ने जवाबी कार्रवाई करते हुए हमलावर को मौके पर ही ढेर कर दिया। घटना के वक्त राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के अंदर ही मौजूद थे। सीक्रेट सर्विस ने बताया है कि वह पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन पर इस घटना का कोई असर नहीं पड़ा।

जब व्हाइट हाउस में बजीं खतरे की घंटियां

शाम करीब 6 बजे हुए इस हमले के तुरंत बाद पूरे व्हाइट हाउस परिसर को हाई-अलर्ट पर डालते हुए अस्थाई तौर पर लॉकडाउन कर दिया गया। नॉर्थ लॉन में मौजूद पत्रकारों को तुरंत सुरक्षित ठिकानों और कमरों के अंदर जाने के निर्देश दिए गए। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, व्हाइट हाउस की छतों पर तुरंत स्नाइपर टीमों को तैनात कर दिया गया और सीक्रेट सर्विस के भारी हथियारों से लैस जवान पोजीशन लेते नजर आए। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आने के बाद शाम करीब 7 बजे लॉकडाउन हटा लिया गया।


मिनट-दर-मिनट: जानें शनिवार शाम को क्या-क्या हुआ?

शाम 6:00 बजे: व्हाइट हाउस के सुरक्षा घेरे के पास 17th स्ट्रीट और पेन्सिल्वेनिया एवेन्यू के चौराहे पर हमेशा की तरह पर्यटकों और पत्रकारों की भारी भीड़ थी।

शाम 6:15 बजे: एक संदिग्ध शख्स हाथ में बैग लिए चेकपॉइंट की तरफ बढ़ा। उसने बैग से बंदूक निकाली और वहां तैनात सुरक्षा अधिकारियों पर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।

तुरंत बाद: सीक्रेट सर्विस के जवानों ने बिना वक्त गंवाए जवाबी फायरिंग की, जिसमें हमलावर को गोलियां लगीं। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

शाम 7:00 बजे से पहले: सुरक्षाबलों द्वारा पूरे इलाके को सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद व्हाइट हाउस से लॉकडाउन हटा दिया गया।

कौन था हमलावर?

अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मारे गए हमलावर की पहचान नासिर बेस्ट (Nasire Best) के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि उसका पहले भी स्थानीय पुलिस से सामना हो चुका है और वह मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहा था।

क्या कहा चश्मदीदों ने

व्हाइट हाउस परिसर में मौजूद मीडिया कर्मियों ने इस भयानक मंजर को करीब से देखा। सीबीएस न्यूज की एसोसिएट प्रोड्यूसर एम्मा निकोलसन ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'हम व्हाइट हाउस में लॉकडाउन में हैं। इलाके में कम से कम 20 राउंड लगातार फायरिंग हुई। हम इवनिंग न्यूज की रिकॉर्डिंग की तैयारी कर रहे थे, तभी गोलियों की आवाज सुनाई दी और हम जमीन पर लेट गए।'

एक आम नागरिक घायल, हमलावर की हुई पहचान

इस गोलीबारी में वहां मौजूद एक आम नागरिक भी घायल हुआ है, जिसे अस्पताल पहुंचाया गया है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि उस नागरिक को हमलावर की गोली लगी है या सुरक्षाकर्मियों की जवाबी फायरिंग के दौरान वह इसकी चपेट में आया। इस मुठभेड़ में सीक्रेट सर्विस का कोई भी जवान घायल नहीं हुआ है।

सुरक्षा एजेंसियों ने संभाला मोर्चा, जांच में जुटी FBI

इस गंभीर सुरक्षा चूक के बाद सीक्रेट सर्विस के साथ-साथ फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) और एटीएफ (ATF) जैसी बड़ी अमेरिकी एजेंसियों ने मामले की कमान संभाल ली है। एफबीआई के डायरेक्टर काश पटेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि एफबीआई की टीम मौके पर मौजूद है और सीक्रेट सर्विस के साथ मिलकर इस हमले के पीछे की साजिश और मकसद की जांच कर रही है।

हाल के दिनों में बढ़ीं सुरक्षा चिंताएं

व्हाइट हाउस के पास फायरिंग की यह घटना ऐसे समय में हुई है जब अमेरिका में राजनीतिक हिंसा को लेकर पहले ही अलर्ट है। कुछ हफ्ते पहले ही उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के काफिले के रूट पर एक हथियारबंद संदिग्ध को पकड़ा गया था। इसके अलावा, इसी साल राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हुए एक कथित जानलेवा हमले की साजिश को भी सुरक्षा एजेंसियों ने नाकाम करने का दावा किया था। नवंबर में होने वाले अमेरिकी मध्यावधि चुनावों से ठीक पहले हुई इस घटना ने सुरक्षा इंतजामों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।