जेफ्री एपस्टीन…इस समय ये नाम दुनिया भर के मीडिया में लगातार सुर्खियों में है। एक समय दुनिया के ज्यादातर ताकतवर नेताओं का चहेता जेफ्री का नाम अब सपने में कोई नहीं लेना चाहता। वजह- दुनिया का सबसे सनसनीखेज सेक्स स्कैंडल ‘एपस्टीन फाइल्स’। दरअसल, अमेरिका जेफरी एपस्टीन सेक्स स्केंडल और तस्करी मामले से जुड़े पुराने और लंबे समय से बंद दस्तावेज अब सार्वजनिक हो रहे है। अमेरिकी न्याय विभाग इस मामले में जांच कर रहा है। ये वही केस है, जिसने पिछले कई सालों से अमेरिकी राजनीति, सत्ता और न्याय व्यवस्था पर सवाल खड़े किए थे। केस से जुड़ी फाइलों के सामने आने के बाद कई छिपे हुए सच सामने आने वाले हैं। ऐसे में आइए जानते हैं जेफ्री एपस्टीन के बारा में।
कौन हैं जेफ्री एपस्टीन
न्यूयॉर्क में जन्मे और वहीं पले-बढ़े जेफ्री एपस्टीन ने 1970 के दशक के मध्य में शहर के मशहूर प्राइवेट डाल्टन स्कूल में फिजिक्स और मैथ्स की पढ़ाई की। लेकिन वे अपनी पढ़ाई पूरी नहीं कर पाए और ग्रेजुएशन नहीं किया। कहा जाता है कि उनके एक छात्र के पिता उनसे काफी प्रभावित हुए। इसी वजह से उन्होंने एपस्टीन की मुलाकात वॉल स्ट्रीट की बड़ी इन्वेस्टमेंट बैंक बेयर स्टर्न्स के एक सीनियर पार्टनर से करवाई।
पहली कंपनी ने किया कमाल
इसके बाद एपस्टीन का करियर तेजी से आगे बढ़ा। सिर्फ चार साल के अंदर ही वे उस कंपनी में पार्टनर बन गए। साल 1982 तक उन्होंने अपनी खुद की कंपनी जे एपस्टीन एंड कंपनी शुरू कर ली। इस कंपनी ने अपने ग्राहकों की एक अरब डॉलर (करीब 800 मिलियन पाउंड) से ज्यादा की संपत्ति संभाली और जल्दी ही सफल हो गई। इसके बाद एपस्टीन ने अपनी दौलत खुलकर खर्च करना शुरू किया। उन्होंने फ्लोरिडा में एक बड़ी हवेली खरीदी, न्यू मैक्सिको में एक खेत लिया और न्यूयॉर्क में एक बेहद बड़ा निजी घर भी बनाया। धीरे-धीरे उनका उठना-बैठना मशहूर हस्तियों, कलाकारों और बड़े राजनेताओं के साथ होने लगा।
साल 2002 में ट्रंप से मुलाकात
साल 2002 में डोनाल्ड ट्रंप ने न्यूयॉर्क मैगज़ीन को दिए एक प्रोफाइल इंटरव्यू में जेफ्री एपस्टीन के बारे में बात की थी। ट्रंप ने कहा था, “मैं जेफ को करीब 15 साल से जानता हूं। वह एक अच्छा इंसान है और उसके साथ समय बिताना मज़ेदार होता है।”उन्होंने यह भी कहा था कि एपस्टीन को खूबसूरत महिलाएं पसंद हैं, ठीक वैसे ही जैसे उन्हें खुद पसंद हैं, और दावा किया गया कि उनमें से कई कम उम्र की होती थीं। ट्रंप ने यह भी कहा था कि इसमें कोई शक नहीं है कि जेफ्री अपनी सोशल लाइफ को खूब एन्जॉय करता है।
हालांकि बाद में ट्रंप ने साफ किया कि 2000 के दशक की शुरुआत में ही उनके और एपस्टीन के रिश्ते खराब हो गए थे। यह सब एपस्टीन की पहली गिरफ्तारी से कई साल पहले हुआ था। ट्रंप ने एपस्टीन से जुड़े किसी भी गलत काम में अपनी भूमिका से हमेशा इनकार किया है।
खुल रहे हैं अब सारे राज
जेफ्री एपस्टीन अब इस दुनिया में नहीं है। उसने अपनी मौत से पहले दुनिया के लोगों के बारे में ऐसा कुछ इकट्ठा किया जो अब सार्वजनिक किया जा रहा। ऐसा क्यों किया जा रहा है? इसका जवाब किसी के पास नहीं है। जेफ्री एप्सटीन की काली कुंडली का खुलासा 2005 में तब हुआ जब अमेरिका के फ्लोरिडा में 14 साल की लड़की ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि एपस्टीन ने अपने एक आलीशान घर में मसाज के बहाने बुलाया और यौन संबंध बनाने के लिए जोर डाला। इसी लड़की की शिकायत पर एपस्टीन मामले सबसे पहले जांच शुरू की गई। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ने लगी तो हैरान करने वाले खुलासे हुए कि वह अकेली लड़की नहीं थी, 50 और नाबालिग लड़कियों का पता चला जिनके साथ एपस्टीन ने इसी तरह का अपराध किया था।
एपस्टीन हाई-प्रोफाइल पार्टियां करता था और अपने बीच वाले विला और प्राइवेट याट पर हाई प्रोफाइल गेस्ट को बुलाता था। उसकी पार्टी की कई फोटो सार्वजनिक हो चुकी हैं। डोनल्ड ट्रंप, बिल क्लिंटन, माइकल जैक्सन और पूर्व ब्रिटिश प्रिंस एंड्रयू तक उसकी गेस्ट लिस्ट में शामिल थे।
मौत पर भी उठ रहे सवाल
10 अगस्त 2019 को खबर आई की एपस्टीन ने जेल के अंदर सुसाइड कर लिया। कहा जाने लगा कि एपस्टीन ने सुसाइड नहीं किया है, बल्कि उसकी हत्या हुई है। जेल में एपस्टीन को कड़ी सुरक्षा के बीच रखा गया था और ध्यान रखा गया था कि वो सुसाइड न कर ले, लेकिन फिर भी उसकी मौत हो गई। इसको लेकर सवाल किए जाने लगे। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पता चला कि उसकी गर्दन की कई हड्डियां टूटी हुई थीं। फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. माइकल बाडेन ने दावा किया कि ऐसी चोटें फांसी या आत्महत्या में नहीं होती। ये गला घोंटने जैसा मामला लगता है।
एक्स गर्लफ्रेंड भी चर्चा में
जेफ्री एपस्टीन की मौत के बाद उनकी पूर्व गर्लफ्रेंड घिसलेन मैक्सवेल अचानक चर्चा में आ गईं। जुलाई 2020 में उन्हें अमेरिका के न्यू हैम्पशायर में स्थित उनके खाली बंगले से गिरफ्तार किया गया था। उन पर आरोप था कि उन्होंने एपस्टीन को नाबालिगों के साथ किए गए दुर्व्यवहार में मदद की। इसमें नाबालिग लड़कियों को ढूंढना, उन्हें बहलाना और एपस्टीन के संपर्क में लाना शामिल था। दिसंबर 2021 में न्यूयॉर्क शहर की एक जूरी ने मैक्सवेल को छह में से पांच मामलों में दोषी करार दिया। इनमें सबसे गंभीर आरोप नाबालिग की सेक्स ट्रैफिकिंग से जुड़ा था। इसके बाद अदालत ने उन्हें 20 साल की जेल की सजा सुनाई।
बताया जाता है कि ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से पढ़ी-लिखी मैक्सवेल ने एपस्टीन की मुलाकात कई अमीर और ताकतवर लोगों से करवाई थी। इनमें पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन और ब्रिटेन के प्रिंस एंड्रयू जैसे नाम शामिल बताए जाते हैं। दोस्तों के मुताबिक, मैक्सवेल और एपस्टीन का रोमांटिक रिश्ता कुछ सालों तक ही चला, लेकिन रिश्ता खत्म होने के बाद भी वह लंबे समय तक उनके साथ काम करती रहीं।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।