क्या एलॉन मस्क बनेंगे दुनिया के पहले 'क्वाड्रिलियनेर'? इतना पैसे कि धरती से सूरज की आधी दूरी तक लग जाएगा नोटों की गड्डी का ढेर!

एलॉन मस्क के लिए यह सिर्फ अमीर बनने का खेल नहीं है। यह उनका इंसानी सभ्यता, रोबोटिक्स और अंतरिक्ष को बसाने का एक बड़ा विजन है। उनका मानना है कि आने वाले समय में AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) और रोबोट्स इतनी चीजें और सुविधाएं बनाएंगे कि इंसानों के पास करने के लिए काम ही नहीं बचेगा

अपडेटेड Jun 16, 2026 पर 1:48 PM
क्या एलॉन मस्क बनेंगे दुनिया के पहले 'क्वाड्रिलियनेर'? इतना पैसे कि धरती से सूरज की आधी दूरी तक लग जाएगा नोटों की गड्डी का ढेर! (PHOTO- AI)

एलॉन मस्क ने वह कर दिखाया है जो कभी नामुमकिन लगता था- दुनिया के पहले ट्रिलियनेर (लाख करोड़पति) बनना। लेकिन अब, टेस्ला और स्पेसएक्स के मालिक इससे भी कहीं बड़े आंकड़े, यानी 'क्वाड्रिलियनेर' बनने का सपना देख रहे हैं।

यह बात तब शुरू हुई जब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर 'वर्ल्ड ऑफ स्टैटिस्टिक्स' नाम के एक अकाउंट ने लिखा कि मस्क के पास इतनी दौलत होने के बाद भी, उन्हें क्वाड्रिलियनेर बनने के लिए अभी $998.9 ट्रिलियन (लगभग 1000 ट्रिलियन) डॉलर और चाहिए। इस पर मस्क ने जवाब दिया-"यह नामुमकिन नहीं है।"

चांद और मंगल पर फैक्ट्रियां


जब एक यूजर ने पूछा कि इतनी दौलत आखिर आएगी कहां से? तो मस्क ने धरती से बाहर का रास्ता दिखाया। उन्होंने कहा, "इसके लिए चांद और मंगल ग्रह पर फैक्ट्रियां लगानी होंगी।"

मस्क का मानना है कि जब इंसान उस स्तर पर पहुंच जाएगा, तब आज का पैसा (जैसे डॉलर) शायद खत्म हो चुका होगा। उन्होंने कहा, "उस समय पैसों की जगह सिर्फ 'मास और एनर्जी' (द्रव्यमान और ऊर्जा) का ही मोल होगा।"

मस्क के पास अभी कितना पैसा है?

SpaceX कंपनी के शेयर बाजार में आने (IPO) के बाद मस्क की दौलत रॉकेट की तरह बढ़ी है। कंपनी ने बाजार से रिकॉर्ड $75 बिलियन डॉलर जुटाए, जिसने मस्क को $1 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंचा दिया।

फिलहाल उनकी कुल संपत्ति $1.3 ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा है। वह आधुनिक इतिहास के सबसे अमीर इंसान हैं। उनकी दौलत इतनी ज्यादा है कि दुनिया की सिर्फ 12 बड़ी कंपनियों को छोड़कर, बाकी सभी कंपनियों की कुल कीमत से ज्यादा अकेले मस्क की संपत्ति है। टेस्ला और स्पेसएक्स को मिला दें, तो यह Apple कंपनी से भी बड़ी हो जाती हैं।

आखिर कितना बड़ा होता है '1 क्वाड्रिलियन'?

1 क्वाड्रिलियन डॉलर को अंकों में $1,000,000,000,000,000 (1 के आगे 15 जीरो) लिखा जाता है। इस नंबर को ऐसे समझिए:

  • रोज का खर्चा: अगर आप रोज लगभग 8 करोड़ रुपये ($1 मिलियन) भी खर्च करें, तो 1 क्वाड्रिलियन डॉलर खत्म करने में आपको 2,740 साल लगेंगे।
  • नोटों की गड्डी: अगर $1 के नोटों की गड्डी बनाई जाए, तो वह अंतरिक्ष में 6.8 करोड़ मील दूर तक चली जाएगी- यानी धरती से सूरज की आधी दूरी तक।
  • सब में बराबरी से बांटें: अगर यह पैसा दुनिया के सभी 8 अरब लोगों में बराबर बांट दिया जाए, तो हर इंसान को करीब 1 करोड़ रुपये ($125,000) मिलेंगे।

मस्क के पास आज जितनी भारी-भरकम दौलत ($1.3 ट्रिलियन) है, वह इस जादुई आंकड़े का सिर्फ एक छोटा सा हिस्सा है। उन्हें यहां तक पहुंचने के लिए अभी 999 ट्रिलियन डॉलर और चाहिए। दुनिया के बाकी अरबपति- जैसे गूगल के लैरी पेज, जिनके पास $300 बिलियन हैं, तो अभी मस्क के आस-पास भी नहीं हैं।

मस्क का असली विजन: पैसा नहीं, भविष्य!

मस्क के लिए यह सिर्फ अमीर बनने का खेल नहीं है। यह उनका इंसानी सभ्यता, रोबोटिक्स और अंतरिक्ष को बसाने का एक बड़ा विजन है।

उनका मानना है कि आने वाले समय में AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) और रोबोट्स इतनी चीजें और सुविधाएं बनाएंगे कि इंसानों के पास करने के लिए काम ही नहीं बचेगा।

एलॉन मस्क ने कहा, "भविष्य में चीजें इतनी आसानी से और इतनी ज्यादा बनेंगी कि उनकी कीमत लगभग जीरो (मुफ्त) हो जाएगी। एक समय ऐसा आएगा जब पैसे की कोई अहमियत ही नहीं रह जाएगी।"

मस्क का कहना है कि तब लोगों को काम करने की जरूरत नहीं होगी, बल्कि AI और रोबोट्स से होने वाली कमाई को सब में बांटा जाएगा (यूनिवर्सल हाई इनकम)।

फिलहाल, मस्क अपनी मंजिल से 999 ट्रिलियन डॉलर दूर हैं। लेकिन जिस तरह से उनकी स्पेसएक्स, टेस्ला, न्यूरालिंक और एक्स (X) जैसी कंपनियां आगे बढ़ रही हैं, मस्क को पूरा भरोसा है कि यह 'नामुमकिन नहीं है'।

'ईरान को फूटी कौड़ी भी नहीं देंगे...', डील के बाद अब ट्रंप का बड़ा धमाका, ₹2500 करोड़ के पेमेंट की खबरों पर भड़के

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।