Kohinoor Diamond: न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी ने बुधवार (29 अप्रैल) को ब्रिटेन के किंग चार्ल्स III से मुलाकात की। यह मुलाकात मेयर के एक चर्चित बयान के कुछ ही घंटों बाद हुई। ममदानी ने किंग से मिलने से पहले कहा था कि अगर उन्हें ब्रिटिश सम्राट से निजी तौर पर बात करने का मौका मिला, तो वह उनसे कोहिनूर हीरा भारत को लौटाने के लिए कहेंगे। दोनों की मुलाकात तब हुई, जब किंग चार्ल्स और क्वीन कैमिला अमेरिका की अपनी तीन-दिवसीय यात्रा के तहत न्यूयॉर्क शहर में 9/11 स्मारक का दौरा कर रहे थे। चार्ल्स और ममदानी के बीच उस जगह पर थोड़ी देर बातचीत हुई। दोनों ने एक-दूसरे को देखकर मुस्कुराया और हाथ मिलाया।
ममदानी ने इससे पहले कहा था कि वह चार्ल्स के सामने कोहिनूर हीरे का मुद्दा उठाएंगे। मेयर ने कहा कि वह किंग चार्ल्स तृतीय को कोहिनूर हीरा लौटाने के लिए प्रोत्साहित करेंगे। ममदानी ने बुधवार को उनसे मुलाकात करने से पहले एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया जिसमें उनसे पूछा गया था कि वह महाराजा से मिलने पर क्या कहेंगे? इस पर उन्होंने कहा, "अगर मैं किंग से अलग से बात करता तो मैं संभवत: उन्हें कोहिनूर हीरा लौटाने के लिए प्रोत्साहित करता।"
किंग चार्ल्स ने अमेरिकी संसद की संयुक्त बैठक को संबोधित किया। अमेरिका यात्रा के दौरान उन्हें और महारानी कैमिला को अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय 'व्हाइट हाउस' में डोनाल्ड ट्रंप एवं फर्ल्ट लेडी मेलानिया ट्रंप द्वारा आयोजित राजकीय रात्रिभोज में सम्मानित किया गया था।
किंग चार्ल्स और महारानी कैमिला ने न्यूयॉर्क में स्थित 9/11 स्मारक का दौरा किया। इस दौरान आतंकी हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने अपर मैनहट्टन में बच्चों और परिवारों का समर्थन करने वाले शहरी फार्म के नेटवर्क ‘हार्लेम ग्रोन’ का भी दौरा किया। इसी दौरान ममदानी ने 9/11 स्मारक पर महाराजा चार्ल्स से मुलाकात की। हालांकि यह साफ नहीं हो पाया कि उन्होंने हीरे को लेकर किंग से बात की या नहीं।
क्या है कोहिनूर हीरा की कहानी?
105.6 कैरेट का कोहिनूर हीरा महाराजा दलीप सिंह द्वारा 1849 में महारानी विक्टोरिया को भेंट किया गया था। इसे 1937 में महारानी ने अपने मुकुट में जड़वाया था। भारत ने संकेत दिया है कि वह ब्रिटेन से कोहिनूर हीरे को वापस लाने के तरीकों का पता लगाना जारी रखेगा। भारत समय-समय पर ब्रिटेन सरकार के समक्ष इस मुद्दे को उठाता रहा है। भारत ने कहा है कि वह इस मामले का संतोषजनक समाधान निकालने के लिए प्रयासरत रहेगा।
कोहिनूर हीरा वर्तमान में लंदन टावर में रखा गया है। हिस्टोरिक रॉयल पैलेसेस चैरिटी के अनुसार, महारानी एलिजाबेथ के मुकुट में जड़े इस हीरे के कई पूर्व मालिक रहे हैं जिनमें मुगल सम्राट, ईरान के शाह, अफगानिस्तान के अमीर और सिख महाराजा शामिल हैं।
मेयर जोहरान ममदानी का बयान भारत में काफी वायरल है। एक यूजर ने लिखा, "मामदानी लगता है अगला मेयर चुनाव मुंबई से लड़ने के मूड में हैं!" एक अन्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "जोहरान ममदानी को न्यूयॉर्क की सड़कें साफ करने का तो वक्त नहीं है। लेकिन कोहिनूर पर दिल टूटा हुआ है। अपने क्षेत्र की समस्याएं सुलझाओ। विदेशी मुद्दों में मत पड़ो। भारत खुद अपनी सांस्कृतिक धरोहर वापस लाने में सक्षम है।"
एक तीसरे यूजर्स ने लिखा, "एक हिंदुस्तानी मुसलमान दुनिया में कहीं भी रहे। लेकिन अपना वतन और उससे वतनपरस्ती नहीं भूलता!" बता दें कि जोहरान ममदानी बॉलीवुड की मशहूर फिल्म निर्माता मीरा नायर के बेटे हैं। वह भारत को लेकर अक्सर बात करते रहते हैं।