Assam Accident: असम के गोलाघाट में बस-ट्रक के बीच भीषण टक्कर, 12 लोगों की मौत, 30 लोग घायल

Assam Accident: असम के गोलाघाट जिले में एक बस और ट्रक की टक्कर हो गई। इसमें कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 30 लोग घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, यह हादसा ट्रक चालक की लापरवाही के चलते हुआ है। ट्रक गलत साइड से आ रहा था। जिसके कारण हादसा हुआ

अपडेटेड Jan 03, 2024 पर 10:54 AM
Assam Accident: गलत साइड से आ रहे ट्रक की बस से जोरदार टक्कर हो गई।

Assam Accident: असम के गोलाघाट जिले के डेरगांव इलाके के पास आज (3 जनवरी) सुबह एक बस और ट्रक के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई। इस सड़क हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 30 लोग घायल हो गए। मृतकों में 5 महिलाएं और एक नाबालिग शामिल है। पुलिस ने यह जानकारी दी है। गोलाघाट के पुलिस अधीक्षक राजन सिंह ने बताया कि दुर्घटना आज (3 जनवरी) सुबह डेरगांव के पास बलिजान में हुई। 45 लोगों को ले जा रही बस ट्रक से टकरा गई। यह बस अपर असम की ओर जा रही थी।

उन्होंने कहा कि अब तक की जानकारी के अनुसार हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सिंह ने बताया कि जांच जारी है और इस मामले में ज्यादा जानकारी बाद में दी जाएगी।

बस-ट्रक की टक्कर में 30 लोग घायल


जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के एक वरिष्ठ डॉक्टर ने बताया कि अस्पताल में करीब 30 घायलों का इलाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों की हालत गंभीर है। स्थानीय पुलिस थाने के एक अधिकारी के अनुसार दुर्घटना सुबह 4.30 बजे हुई है। गोलाघाट के कामरगांव से पिकनिक के लिए तिनसुकिया जिले के तिलिंगा मंदिर जा रही बस की ट्रक से टक्कर हो गई। उन्होंने कहा कि चार लेन हाइवे का एक हिस्सा खराब होने के कारण ट्रक गलत दिशा से जोरहाट की ओर से आ रहा था। जबकि बस सही लेन में थी। सुबह कोहरा था और दोनों वाहन तेज गति में थे।

Weather Updates: उत्तर भारत में सर्दी और कोहरे का सितम, स्कूल बंद, ट्रेन लेट, फ्लाइट पर भी असर

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।