Tata Tech IPO : टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा टेक्नोलॉजीज के आईपीओ को निवेशकों की ओर से शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। आज 22 नवंबर को यह इश्यू खुलने के बाद पहले घंटे में ही पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया। अब तक इस आईपीओ को 6.55 गुना सब्सक्रिप्शन मिल चुका है। इसे कुल 29.49 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिल गई हैं जबकि ऑफर पर 4.50 करोड़ शेयर हैं। कंपनी का इरादा इसके जरिए 3,042 करोड़ रुपये जुटाने का है। इसने एंकर निवेशकों से 791 करोड़ रुपये पहले ही जुटा लिए हैं। इस इश्यू में 475-500 रुपये के प्राइस बैंड और 30 शेयरों के लॉट में पैसे लगा सकेंगे।
सब्सक्रिप्शन से जुड़ी डिटेल
क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) - 4.08 गुना
रिटेल इनवेस्टर्स - 5.44 गुना
एम्प्लॉयीज के लिए रिजर्व हिस्सा - 1.11 गुना
रिजर्वेशन पोर्शन शेयरहोल्डर - 9.32 गुना
(22 Nov 2023 | 05:00:00 PM)
ग्रे मार्केट का क्या है अपडेट
ग्रे मार्केट में ग्लोबल इंजीनियरिंग सर्विस कंपनी टाटा टेक के शेयर 360 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं। कंपनी ने इश्यू के लिए 475-500 रुपये का प्राइस बैंड तय किया है। इस हिसाब से कंपनी के शेयर 860 रुपये प्रति शेयर के भाव पर उपलब्ध हैं। अगर इस भाव पर लिस्टिंग होती है तो निवेशकों को 72 फीसदी का बंपर मुनाफा होगा।
इसका 50 फीसदी हिस्सा क्वालिफाईड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB), 35 फीसदी नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) और 15 फीसदी खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित है। इश्यू का 10 फीसदी टाटा मोटर्स के शेयरहोल्डर्स और 0.5 फीसदी हिस्सा टाटा टेक के एंप्लॉयीज के लिए आरक्षित है। आईपीओ की सफलता के बाद शेयरों का अलॉटमेंट 30 नवंबर को फाइनल होगा और BSE, NSE पर 5 दिसंबर को एंट्री होगी। इस इश्यू के तहत ऑफर फॉर सेल विंडो के जरिए शेयरहोल्डर्स 6,08,50,278 इक्विटी शेयरों की बिक्री करेंगे जो कंपनी के कुल पेड-अप शेयर कैपिटल का करीब 15 फीसदी है।
टाटा मोटर्स की सब्सिडियरी टाटा टेक ग्लोबल इंजीनियरिंग सर्विसेज कंपनी है। यह वैश्विक ओरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर्स (OEM) को टर्न्की सॉल्यूशंस समेत प्रोडक्ट डेवलपमेंट और डिजिटल सॉल्यूशंस ऑफर करती है। कंपनी एयरोस्पेस, ट्रांसपोर्टेशन और हैवी मशीनरी जैसे उद्योगों में क्लाइंट्स को सर्विस देती है। टाटा टेक के वित्तीय सेहत की बात करें इसकी रेवेन्यू और प्रॉफिट की ग्रोथ FY22 की तुलना में FY23 में धीमी रही। हालांकि इस पर कोई कर्ज नहीं है। FY23 में रेवेन्यू 25% बढ़कर 4,418 करोड़ रुपये और प्रॉफिट 63% बढ़कर 708 करोड़ रहा था। FY21-23 के दौरान कंपनी का रेवेन्यू सालाना 30 फीसदी, शुद्ध मुनाफा 61.5 फीसदी और EBITDA भी 46% की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़ा।