खेती अब केवल पारंपरिक तरीकों तक सीमित नहीं रही। समय के साथ तकनीक ने खेतों तक अपनी पहुंच बना ली है, जिससे काम आसान और परिणाम बेहतर होने लगे हैं। आधुनिक कृषि यंत्रों की मदद से जुताई, बुवाई और कटाई जैसे काम कम समय में और कम मेहनत में पूरे किए जा सकते हैं। यही वजह है कि किसान अब नई तकनीक अपनाने की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं। राजस्थान सरकार भी किसानों को इसी दिशा में प्रोत्साहित कर रही है। कृषि यंत्र अनुदान योजना के तहत किसानों को आधुनिक उपकरण खरीदने पर 40 से 50 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जा रही है। इससे खेती की लागत कम होती है और उत्पादन क्षमता बढ़ती है। फिलहाल इस योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया चल रही है, जिससे पात्र किसान समय रहते लाभ उठा सकते हैं।
