Get App

Maruti Suzuki Price Hike: अगस्त से महंगी होंगी सभी कारें, ₹30,000 तक बढ़ सकते हैं दाम; जानें वजह

Maruti Suzuki Price Hike: देश की सबसे बड़ी पैसेंजर व्हीकल बनाने वाली कंपनी, Maruti Suzuki India Ltd ने मंगलवार को स्टॉक एक्सचेंज को दिए एक बयान में कहा कि वह अपने सभी मॉडल्स की कीमतों में ₹30,000 तक की बढ़ोतरी करेगी।

Edited By: Ashwani Kumar Srivastavaअपडेटेड Jul 21, 2026 पर 5:34 PM
Maruti Suzuki Price Hike: अगस्त से महंगी होंगी सभी कारें, ₹30,000 तक बढ़ सकते हैं दाम; जानें वजह
Maruti Suzuki की कारें होंगी महंगी

Maruti Suzuki Price Hike: देश की सबसे बड़ी पैसेंजर व्हीकल बनाने वाली कंपनी, Maruti Suzuki India Ltd ने मंगलवार को स्टॉक एक्सचेंज को दिए एक बयान में कहा कि वह अपने सभी मॉडल्स की कीमतों में ₹30,000 तक की बढ़ोतरी करेगी। कंपनी के मुताबिक, कीमतों में यह बढ़ोतरी अगस्त 2026 से लागू होगी और हर मॉडल के हिसाब से बढ़ोतरी की रकम अलग-अलग होगी।

कंपनी ने बताया कि यह फैसला इनपुट कॉस्ट (लागत) में लगातार हो रही बढ़ोतरी के कारण लिया गया है। कंपनी ने यह भी कहा कि उसने हाल के महीनों में लागत कम करने के अंदरूनी उपायों और स्ट्रक्चरल एफिशिएंसी (ढांचागत दक्षता) की कोशिशों के जरिए इन लागतों को खुद संभालने का प्रयास भी किया था।

लेकिन, महंगाई का दबाव लगातार बने रहने और लागत से जुड़ी परिस्थितियां अनुकूल नहीं होने के कारण लागत का कुछ हिस्सा ग्राहकों पर डालना पड़ रहा है। कंपनी ने कहा कि हम कोशिश कर रहें हैं कि ग्राहकों पर इसका असर कम से कम हो।

कंपनी ने यह भी बताया कि लागत कम करने की कोशिशों के बावजूद, कच्चे माल की बढ़ती कीमतों का बोझ पूरी तरह से खुद उठाने की गुंजाइश अब बहुत कम बची है। Maruti Suzuki अभी एंट्री-लेवल S-Presso से लेकर प्रीमियम Invicto MPV तक कई तरह की गाड़ियां बेचती है।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें