CBSE Exam: परीक्षा का तनाव कम करने के लिए बोर्ड ने शुरू की फ्री साइको सोशल काउंसिलिंग, जारी किया टोल फ्री नंबर

CBSE Exam: सीबीएसई बोर्ड से इस साल बोर्ड परीक्षा देने की तैयारी कर रहे छात्रों पर परीक्षा के दबाव को देखते हुए बोर्ड ने काउंसिलिंग सेवा शुरू की है। इसके लिए बोर्ड ने टोल फ्री नंबर भी जारी किया है। छात्र नि:शुल्क इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।

अपडेटेड Jan 06, 2026 पर 8:52 PM
Story continues below Advertisement
काउंसिलिंग सेवा का पहला चरण 6 जनवरी से 11 जून 2026 तक चलेगा।

CBSE Exam: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा परिषद (CBSE) ने छात्रों में बढ़ रहे बोर्ड परीक्षा के तनाव को देखते हुए उन्हें काउंसिलिंग सुविधा मुहैया कराने का फैसला किया है। बोर्ड ने छात्रों के लिए नि:शुल्क साइको सोशल काउंसिलिंग सेवा शुरू की है। इस सेवा की शुरुआत आज से हो गई है। इसका मकसद 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा देने वाले छात्रों की मदद करना है। ये सेवा परीक्षा से पहले होने वाले तनाव को करने और उन्हें आने वाली परीक्षाओं के लिए उन्हें मानसिक रूप से तैयार करने और आत्मविश्वास बढ़ाने का काम करेगी।

सीबीएसई बोर्ड ने इसके लिए चौबीस घंटे उपलब्ध रहने वाला टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-11-8004 जारी किया है। काउंसिलिंग सेवा का पहला चरण 6 जनवरी से 11 जून 2026 तक चलेगा। छात्र कभी भी इन नंबरों पर कॉल कर सकते हैं। इन नंबरों पर हिंदी या अंग्रेजी में बात की जा सकती है। टेली-काउंसलिंग सोमवार से शुक्रवार सुबह 9:30 से शाम 5:30 तक उपलब्ध है। इसके लिए सीबीएसई ने प्रिंसिपल, काउंसलर, विशेष शिक्षक और मनोवैज्ञानिक समेत कुल 73 प्रशिक्षित विशेषज्ञ शामिल किए हैं। इसमें भारत के अलावा नेपाल, जापान, कतर, ओमान और UAE से भी विशेषज्ञ जुड़े हैं। मतलब विदेश में पढ़ रहे भारतीय स्टूडेंट्स भी मदद ले सकते हैं।

इस काउंसिलिंग सेवा के जरिए छात्रों को तनाव प्रबंधन, समय प्रबंधन और पढ़ाई से जुड़े सारे सुझाव मिलेंगे। बोर्ड परीक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों का मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य सबसे जरूरी है। सीबीएसई बोर्ड चाहता है कि छात्र बिना डर के अच्छा प्रदर्शन करें। बोर्ड की इस पहल की खास बात ये है कि इस पर छात्रों को नि:शुल्क काउंसिलिंग की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही बोर्ड की वेबसाइट पर तनाव प्रबंधन, बेहतर पढ़ाई के टिप्स और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी सामग्री मिलेगी।

बता दें, सीबीएसई बोर्ड की प्रैक्टिकल परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं। 12वीं कक्षा की प्रैक्टिकल परीक्षा 14 फरवरी तक चलेगी। वहीं, 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड थ्योरी परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू होंगी। बोर्ड ने हाल ही में दोनों कक्षाओं की 03 मार्च को होने वाली परीक्षाओं को रीशेड्यूल किया है। इसके तहत 10वीं कक्षा की 3 मार्च की परीक्षा 11 मार्च को होगी, जबकि 12वीं कक्षा की परीक्षा 10 अप्रैल को होगी।

Bihar Board 10th Admit Card: बीएसईबी ने 10वीं की बोर्ड परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी किए, जानें डाउनलोड करने का तरीका

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।