UP Board 2026: उत्तर प्रदेश के शिक्षा सर्किल में पिछले कुछ समय से एक सवाल तैर रहा था, जिसका हाल ही में सरकार ने जवाब दिया है। छात्रों, शिक्षकों और राज्य के तमाम लोगों के बीच उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (UPMSP) को खत्म करने की खबर काफी समय से चल रही थी। इस सम्बंध में उत्तर प्रदेश विधान परिषद में एक सवाल पूछा गया, जिसका जवाब दे कर सरकार ने सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है। विधान परिषद में चल रहे शीत सत्र के दौरान नेता प्रतिपक्ष और सपा सदस्य लाल बिहारी यादव ने ये सवाल किया था। उनके सवाल के जवाब में उत्तर प्रदेश में सत्तासीन योगी आदित्यनाथ की सरकार ने सदन में जोर देकर कहा कि यूपीएमएसपी को खत्म करने का न तो सरकार के पास कोई प्रस्ताव आया है और न ही सरकार की ऐसी कोई मंशा है।
शीत सत्र में प्रश्नकाल के दौरान विधान परिषद में शुक्रवार को नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव ने सरकार से पूछा था कि क्या सरकार यूपीएमएसपी को बंद करने जा रही है? उन्होंने यह भी पूछा कि सरकार के अधिकारी योग गुरु बाबा रामदेव द्वारा संचालित बोर्ड भारतीय शिक्षा बोर्ड का प्रचार-प्रसार क्यों कर रहे हैं? इन सवालों का जवाब सरकार की ओर से नेता सदन स्वामी प्रसाद मौर्य ने दिया। उन्होंने स्पष्ट तौर से कहा कि राज्य की योगी सरकार की यूपीएमएसपी को बंद करने की कोई योजना नहीं है। इस तरह का कोई प्रस्ताव सरकार के पास नहीं आया है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसी किसी योजना के बारे में भी इनकार किया।
बता दें, यूपी बोर्ड की वर्ष 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं इस बार 18 फरवरी से 12 मार्च की बीच आयोजित की जाएंगी। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट को मिलाकर 52 लाख 30 हजार 297 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इसमें हाई स्कूल में 27 लाख 50 हजार 945 और इंटरमीडिएट में 24 लाख 79 लाख 352 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इंटरमीडिएट की प्रैक्टिकल परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार ये परीक्षाएं विभिन्न मंडलों में दो चरणों में आयोजित होंगी। पहले चरण की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 24 जनवरी 2026 से 01 फरवरी 2026 के बीच होंगी। वहीं, दूसरे चरण की परीक्षाएं 2 फरवरी 2026 से 9 फरवरी 2026 के बीच होंगी।