UP Board Exam 2026: इंटर की परीक्षा देने आए छात्र को पड़ा दिल का दौरा, परीक्षा देने से पहले ही हुई मौत

UP Board Exam 2026: यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट कक्षाओं की फाइनल परीक्षा शुरू हो चुकी है। पहले दिन हुई परीक्षा में एक छात्र की परीक्षा केंद्र के गेट पर पहुंचने के बाद तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। इस घटना ने परीक्षा दे रहे परीक्षार्थियों और बोर्ड को हिला कर रख दिया

अपडेटेड Feb 19, 2026 पर 11:21 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
दूसरी शिफ्ट में हिंदी की परीक्षा देने पहुंचा रवि अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा।

UP Board Exam 2026: उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्रों की फाइनल परीक्षा बुधवार से शुरू हो चुकी है। दो शिफ्ट में आयोजित इस परीक्षा में पहले ही दिन एक छात्र की मौत की खबर ने पूरे राज्य को हिला कर रख दिया। यह घटना यूपी के सिद्धार्थनगर में हुई। यहां दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की परीक्षा देने के लिए पहुंचे छात्र की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे पास के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने हार्ट अटैक से छात्र की मौत होने की आशंका जताई है। हालांकि, परिजनों ने बिना पोस्टमॉर्टम के छात्र का अंतिम संस्कार कर दिया।

बताया जा रहा है कि मृत छात्र यूपी के सिद्धार्थनगर में चिल्हिया थाना क्षेत्र के करौंदा नानकार के गायत्री पब्लिक स्कूल स्थित यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्र पर बुधवार को दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की परीक्षा देने पहुंचा था। यह छात्र चिल्हिया थाना क्षेत्र के बभनी गांव के राधेश्याम यादव का बेटा रवि यादव था। वह 12वीं कक्षा का छात्र था और उसकी उम्र 17 साल बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि गायत्री पब्लिक स्कूल स्थित परीक्षा केंद्र के गेट पर पहुंचते ही अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई।

दूसरी शिफ्ट में हिंदी की परीक्षा देने पहुंचे रवि अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। वहां आसपास मौजूद लोग उसे पास के निजी अस्पताल ले गए। जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजन और साथ के लोग उसे मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां डॉक्टरों ने रवि को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई है। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।

इस साल दोनों कक्षाओं में 53 लाख से ज्यादा छात्र परीक्षा देने के लिए पंजीकृत हैं। हालांकि, पहले दिन 49,40,038 छात्रों ने परीक्षा दी, जबकि 3,13,708 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी। हाईस्कूल में जहां कुल 1.71 लाख छात्र परीक्षा में अनुपस्थित रहे, वहीं इंटर में 1.42 लाख छात्र परीक्षा देने नहीं आए। दोनों पालियों को मिलाकर कुल 52,53,746 परीक्षार्थी पंजीकृत थे।

UP Board Exam 2026: 75 जिलों के 8033 केंद्रों पर पहले दिन 49 लाख ने दी परीक्षा, 3 लाख छात्रों ने छोड़ा एग्जाम, 3 नकलची और 5 मुन्नाभाई भी पकड़े

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।