Bihar Chunav 2025: गौड़ाबौराम सीट पर बड़ा उलटफेर, VIP प्रमुख मुकेश सहनी ने भाई को बैठाया, RJD बागी को दिया समर्थन

Bihar Assembly Election 2025: चुनावी प्रचार के आखिरी दिन यह अचानक लिया गया फैसला पूरे राजनीतिक माहौल में हलचल पैदा कर रहा है। बताया जा रहा है कि इस सीट पर हार की आशंका के बाद यह रणनीतिक फैसला लिया गया। हालांकि मुकेश सहनी ने कहा कि यह निर्णय 'महागठबंधन' की एकता और मजबूती बनाए रखने के लिए लिया गया है

अपडेटेड Nov 04, 2025 पर 10:29 PM
Story continues below Advertisement
चुनावी प्रचार के आखिरी दिन यह अचानक लिया गया फैसला पूरे राजनीतिक माहौल में हलचल पैदा कर रहा है

Bihar Assembly Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव में पहले चरण के मतदान से ठीक पहले दरभंगा की गौड़ाबौराम विधानसभा सीट पर बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के सुप्रीमो मुकेश सहनी ने अपने भाई और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सहनी को चुनावी मैदान से हटाने का फैसला कर लिया है। अब VIP के उम्मीदवार संतोष सहनी चुनाव नहीं लड़ेंगे। इसके बजाय दोनों भाई अब पूर्व RJD उम्मीदवार अफजल अली खान को समर्थन देंगे।

चुनावी प्रचार के आखिरी दिन यह अचानक लिया गया फैसला पूरे राजनीतिक माहौल में हलचल पैदा कर रहा है। बताया जा रहा है कि इस सीट पर हार की आशंका के बाद यह रणनीतिक फैसला लिया गया। हालांकि मुकेश सहनी ने कहा कि यह निर्णय 'महागठबंधन' की एकता और मजबूती बनाए रखने के लिए लिया गया है।

सीट पर शुरुआत से था विवाद


गौड़ाबौराम सीट शुरू से ही विवादों में रही। पहले RJD के अफजल अली खान को उम्मीदवार बनाया गया था और उन्होंने नामांकन दाखिल भी कर दिया था। इसके बाद सीट VIP के खाते में चली गई और मुकेश सहनी के भाई संतोष सहनी को उम्मीदवार घोषित किया गया।

तेजस्वी यादव ने संतोष सहनी के लिए वोट भी मांगे, लेकिन अफजल अली ने नामांकन वापस लेने से इनकार कर दिया। बताया जा रहा है कि अफजल को MLC बनाने का ऑफर भी दिया गया था, लेकिन वह नहीं माने।

इसके बाद RJD ने कार्रवाई करते हुए अफजल अली को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया। इसके बावजूद वह चुनाव मैदान में बने रहे।

VIP ने बदला रुख

ऐसा लगने लगा कि अफजल अली और संतोष के आमने-सामने उतरने से 'महागठबंधन' के वोट बंट सकते हैं। इससे सीट NDA के हाथ जा सकती थी। इसे रोकने के लिए संतोष सहनी को चुनाव से हटाया गया और बागी उम्मीदवार अफजल को समर्थन देने का निर्णय लिया गया।

मुकेश सहनी ने कहा, "अफजल और संतोष दोनों भाई जैसे हैं। एक भाई को त्याग करना था, इसलिए संतोष ने कदम पीछे किया। हम महागठबंधन को नुकसान नहीं पहुंचाना चाहते।"

हालांकि, राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि VIP को हार का डर था, इसलिए चुनाव से हटना पड़ा।

तेजस्वी यादव ने भी संतोष सहनी के लिए प्रचार किया था। लेकिन अब संतोष सहनी चुनाव नहीं लड़ेंगे और अफजल अली के लिए दोनों भाई समर्थन करेंगे। इस फैसले से स्थानीय कार्यकर्ता और मतदाता हैरान दिखाई दे रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।