Credit Cards

BJP धीरे-धीरे खत्म कर रही है JDU, तेजस्वी यादव का बड़ा दावा, बोले - चाचा हो गए 'हाईजैक'!

Bihar Assembly Elections 2025 : तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार पर हमला करते हुए कहा, "हमारे चाचा अब अचेत अवस्था में हैं, वो अब फैसले नहीं लेते। जनता दल यूनाइटेड अब भ्रष्ट नेताओं के कब्जे में है। जिन्होंने पार्टी को सींचा और मजबूत किया, उन्हें अब कोई सम्मान नहीं मिल रहा। पार्टी में अब सिर्फ तीन लोग ही सारे फैसले लेते हैं

अपडेटेड Oct 10, 2025 पर 7:14 PM
Story continues below Advertisement
तेजस्वी यादव ने BJP-JDU गठबंधन पर जमकर हमला बोला।

Bihar Assembly Elections 2025 : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले राज्य की सियासत गर्म है। इसी बीच शुक्रवार (10 अक्टूबर) को पटना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में RJD नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने BJP-JDU गठबंधन पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अब जनता दल यूनाइटेड (JDU) या बिहार सरकार नीतीश कुमार नहीं चला रहे, बल्कि दिल्ली से नरेंद्र मोदी और अमित शाह चला रहे हैं।

तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार पर हमला करते हुए कहा, "हमारे चाचा अब अचेत अवस्था में हैं, वो अब फैसले नहीं लेते। जनता दल यूनाइटेड अब भ्रष्ट नेताओं के कब्जे में है। जिन्होंने पार्टी को सींचा और मजबूत किया, उन्हें अब कोई सम्मान नहीं मिल रहा। पार्टी में अब सिर्फ तीन लोग ही सारे फैसले लेते हैं।"

BJP की JDU को खत्म करने की साजिश

उन्होंने आगे कहा कि "हम पहले भी कह चुके हैं कि यह नीतीश कुमार जी का आखिरी चुनाव है। इसके बाद वो दोबारा मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे। BJP ने उन्हें सिर्फ इस्तेमाल किया है और अब JDU को खत्म करने की साजिश कर रही है। इसी डर से 2022 में वे हमारे पास आए थे और कहा था कि भाजपा उनकी पार्टी तोड़ रही है। हमने उनका समर्थन किया, उन्हें मुख्यमंत्री बनाया, लेकिन अब वे खुद भाजपा के कब्जे में हैं, पूरी तरह ‘हाईजैक’ हो गए हैं।"

तेजस्वी यादव ने कहा कि "जब महाराष्ट्र और झारखंड में भाजपा ‘ऑपरेशन लोटस’ चला रही थी, तब बिहार में भी वही खेल चल रहा था। नीतीश कुमार जानते थे कि भाजपा उनकी पार्टी में सेंध लगा रही है, लेकिन अब उन्होंने खुद भाजपा को अपने सिर पर बिठा लिया है। नीतीश कुमार अब ‘डबल इंजन’ की सरकार नहीं, बल्कि ‘कंट्रोल्ड इंजन’ के मुख्यमंत्री हैं।"


RJD में शामिल हुए चार दिग्गज नेता

वहीं, प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी यादव ने यह भी ऐलान किया कि JDU और लोजपा के चार प्रभावशाली नेता अब RJD में शामिल हो गए हैं। संतोष कुशवाहा, दो बार के पूर्व सांसद, जो अब धमदाहा विधानसभा सीट से जेडीयू की मंत्री लेसी सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ सकते हैं। राहुल शर्मा, जहानाबाद के पूर्व सांसद जगदीश शर्मा के बेटे और पूर्व जेडीयू विधायक। चाणक्य प्रकाश रंजन, बांका के जेडीयू सांसद गिरधारी यादव के बेटे, जिनका आरजेडी में शामिल होना बड़ा राजनीतिक संकेत माना जा रहा है। अजय कुशवाहा, कुशवाहा समाज के बड़े नेता, जिन्होंने पहले लोजपा से चुनाव लड़ा था।

तेजस्वी यादव ने विश्वास जताया कि "महागठबंधन आने वाले विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगा। 14 नवंबर को आने वाला परिणाम बिहार की राजनीति में नया अध्याय लिखेगा। बिहार के लोग बदलाव के लिए तैयार हैं और BJP-JDU की जोड़ी को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएंगे।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।