Bihar Election 2025 Exit Poll : बिहार में अगले पांच साल किसकी सरकार होगा...इस सवाल का जवाब तो 14 नवंबर को पता चलेगा। पर बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले देश में अलग-अलग एजेंसियां अपने-अपने एग्जिट पोल पेश करेंगी। बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव का दूसरा फेज 11 नवंबर को हो रहा है। 121 सीट पर पहले चरण के लिए मतदान 6 नवंबर को किया जा चुका है, जबकि दूसरे चरण की 122 सीटों पर वोटिंग 11 नवंबर को हो रही है। वहीं इसके बाद 14 नवंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे। हालांकि नतीजों से पहले ही 11 नवंबर की शाम एग्जिट पोल भी सामने आएंगे, जिससे ये अनुमान लगाया जा सकता है कि बिहार में सत्ता की चाभी किसके पास रहेगी।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 एग्जिट पोल (Bihar Exit Poll) मंगलवार (11 नवंबर) की शाम को मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद से ही आना शुरू हो जाएंगे। वहीं इस साल 2025 के चुनाव के एग्जिट पोल से पहले आइए जानते हैं पिछले विधानसभा चुनाव यानी साल 2020 में एग्जिट पोल कितना सटीक रहा था।
जानें कितने सही थे पिछले एग्जिट पोल
बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में 7 नवंबर को आखिरी चरण की वोटिंग होने के बाद विभिन्न समाचार चैनलों और सर्वे एजेंसियों द्वारा कराए गए एग्जिट पोल के नतीजे सामने आए थे। साल 2020 में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में भी कई एग्जिट पोल गलत साबित हुए थे। चुनावों के नतीजों से पहले कई चैनलों और एजेंसियों ने दावा किया था कि बिहार में महागठबंधन यानी राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनेगी। लेकिन जब चुनाव के नतीजे आए तो बिहार में जेडीयू और बीजेपी गठबंधन की सरकार बनी।
वहीं 2020 विधानसभा चुनाव के जब नतीजे सामने आए तो हर कोई हैरान था। 10 नवंबर 2020 को सामने आए नतीजों में NDA ने 125 सीटें जीतीं (BJP-74, JDU-43, HAM-4, VIP-4), जबकि महागठबंधन को 110 सीटें मिलीं (RJD-75, Congress-19, CPI-ML-12, CPI-2, CPM-2)। लगभग सभी एग्जिट पोल गलत साबित हुए, जिन्होंने महागठबंधन की जीत या हंग असेंबली का अनुमान लगाया था। 2020 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 19.46 फीसदी वोट मिले, जबकि 2015 में उसका वोट शेयर 24.42 फीसदी था। आरजेडी ने 2020 में 23.11 फीसदी और 2015 में 18.35 फीसदी वोट हासिल किए।