बिहार विधानसभा चुनाव के लिए जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी है, जिसमें 57 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया है। JDU की रणनीति के मुताबिक, पार्टी ने इस बार सामाजिक संतुलन और क्षेत्रीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए टिकट बांटे हैं। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने रविवार को आगामी बिहार विधानसभा चुनावों के लिए अपने घटक दलों के बीच सीट बंटवारे की व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया।
बड़ी बात ये है कि उम्मीदवारों की पहली ही लिस्ट में अनंत सिंह को मोकामा निर्वाचन क्षेत्र से मैदान में उतारा गया है, जो हाल ही में राजनीतिक चर्चाओं का केंद्र बिंदु रहा है। उससे भी बड़ी बात ये है कि अनंत सिंह ने टिकट मिलने से पहले ही कल यानी मंगलवार को अपना नामांकन भी कर दिया था।
इसके अलावा JDU ने उन चार विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की भी घोषणा की है, जिन पर पहले चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का दावा था, जो NDA के भीतर अपनी स्थिति मजबूत करने की एक रणनीतिक पहल का संकेत है।
इसमें सोनबरसा से रत्नेश सादा, मोरवा से विद्यासागर निषाद, एकमा से धूमल सिंह और राजगीर से कौशल किशोर शामिल हैं।
राज्य सरकार में मंत्री विजय कुमार चौधरी सरायरंजन से चुनाव लड़ेंगे। लिस्ट में कुछ नाम हैं:
243 सदस्यीय विधानसभा के लिए हुए समझौते के अनुसार, BJP और JDU 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। चिराग पासवान की LJP (रामविलास) को 29 सीटों का बड़ा हिस्सा मिला है। उपेंद्र कुशवाहा की RLM और जीतन राम मांझी की हम को छह-छह सीटें मिली हैं।
बिहार के चुनावी इतिहास में पहली बार, BJP और JDU आगामी 2025 के विधानसभा चुनावों में बराबर-बराबर सीटों पर चुनाव लड़ेंगे - 101-101। यह राज्य के राजनीतिक समीकरण में एक बड़ा बदलाव है, क्योंकि जब भी दोनों दल गठबंधन में रहे हैं, नीतीश कुमार की पार्टी ने पारंपरिक रूप से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ा है।