Get App

लाइव ब्लॉग

Abhishek Gupta OCTOBER 30, 2025 / 11:35 PM IST

Bihar Chunav 2025 Highlights: राहुल गांधी के खिलाफ चुनाव आयोग पहुंची BJP, पीएम मोदी पर विवादित बयान को लेकर दर्ज कराई शिकायत

Bihar Elections 2025 Highlights: बिहार में एक चुनावी जनसभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ विवादित बयान देना कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भारी पड़ सकता है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राहुल गांधी के खिलाफ राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी के पास शिकायत दर्ज कराई है। उनके खिलाफ ऐक्शन की मांग की गई है

Bihar Chunav 2025 Highlights: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश का सियासी पारा हाई है। एक ओर जहां 'महागठबंधन' ने अपना घोषणापत्र पहले ही जारी कर दिया है। वहीं, शुक्रवार यानी 31 अक्टूबर को भारतीय जनता पार्टी (BJP) चुनावी घोषणापत्र जारी करने वाली है। तेजस्वी यादव के भारी-भरकम वादों के बाद अब बीजेपी अपने चुनावी घोषणापत्र में क्या लेकर आती है ये देखने वाली बात है। वैसे उम्मीद है कि य

पीएम मोदी ने कहा कि RJD और कांग्रेस कभी भी बिहार को विकसित नहीं बना सकते। इन दलों ने बिहार पर कई सालों तक राज किया और सिर्फ विश्वासघात किया
पीएम मोदी ने कहा कि RJD और कांग्रेस कभी भी बिहार को विकसित नहीं बना सकते। इन दलों ने बिहार पर कई सालों तक राज किया और सिर्फ विश्वासघात किया
OCTOBER 30, 2025 / 11:22 PM IST

Bihar Chunav 2025 Live Updates: चुनाव आयोग ने की बिहार में असामाजिक तत्वों को रोकने के उपायों की समीक्षा

चुनाव आयोग ने गुरुवार को पड़ोसी राज्यों और नेपाल से बिहार में असामाजिक तत्वों, नशीले पदार्थों और फ्री के गिफ्ट को आने से रोकने के लिए किए गए उपायों की समीक्षा की। इस बैठक में बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के टॉप अधिकारी शामिल हुए। केंद्रीय गृह मंत्रालय, केंद्रीय एजेंसियों और रेलवे के अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए। बिहार में मतदान 6 और 11 नवंबर को होगा। जबकि मतगणना 14 नवंबर को होगी।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि चुनाव आयोग के शीर्ष अधिकारियों ने बिहार और उसके पड़ोसी राज्यों में कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। इसका मकसद राज्यों और पड़ोसी देश नेपाल से लगी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर धन, हथियारों, असामाजिक तत्वों, शराब, नशीले पदार्थों और मुफ्त उपहारों की आवाजाही पर नजर रखी जा सके।

बयान के अनुसार शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीमावर्ती जिलों तथा सीमाओं को सील करने पर विशेष ध्यान दिया गया। इसके अनुसार आयोग ने मतदान के दिन मतदाताओं को सुखद और सहज अनुभव सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सुविधा निर्देशों के अनुपालन की भी समीक्षा की। बयान में कहा गया है कि मुख्य सचिवों और डीजीपी तथा केंद्रीय एजेंसियों के प्रमुखों को बिहार विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

    OCTOBER 30, 2025 / 10:33 PM IST

    Bihar Chunav 2025 Live Updates: 'डांस' वाले विवादित बयान से मुश्किल में फंसे राहुल गांधी!

    लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ बिहार के मुजफ्फरपुर में एक मामला दर्ज किया गया है। सकरा में एक चुनावी रैली में प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर गुरुवार (30 अक्टूबर) को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) की अदालत में शिकायत दर्ज की गई। रैली के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी "वोट के लिए कुछ भी कर सकते हैं, यहां तक कि डांस भी सकते हैं।"

    वकील सुधीर कुमार ओझा ने CJM कोर्ट में यह शिकायत दर्ज कराई है। न्यूज 18 की रिपोर्ट के मुताबिक, मामले की सुनवाई 11 नवंबर को होनी है। राहुल गांधी ने बुधवार को मुजफ्फरपुर और दरभंगा में अपनी जनसभाओं के दौरान कहा था, "पीएम नरेंद्र मोदी हर तरह का नाटक करने को तैयार हैं। आप किसी चुनावी रैली में उनसे यह कहकर देखिए कि प्रधानमंत्री जी, अगर आप नाचेंगे तो हम आपको वोट देंगे। वह खुशी-खुशी डांस करने लगेंगे।"

      OCTOBER 30, 2025 / 10:10 PM IST

      Bihar Chunav 2025 Live Updates: 'छठ को लेकर पीएमम मोदी के खिलाफ राहुल की टिप्पणी उनके परवरिश को दर्शाती है'

      भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने छठ पर्व के संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी के मूल्यों और परवरिश पर गुरुवार को सवाल उठाया। बिहार के बेगूसराय में एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने यह भी दावा किया कि विपक्षी नेताओं ने राजनीति का स्तर गिरा दिया है। नड्डा राहुल गांधी के उस आरोप का ज़िक्र कर रहे थे, जिसमें लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा था कि पीएम मोदी ने छठ पूजा के अवसर पर यमुना नदी में स्नान करने का ड्रामा करने की योजना बनाई थी। लेकिन यह कार्यक्रम तब रद्द कर दिया गया जब यह पता चला कि नदी के गंदा होने के चलते वहां साफ पानी का तालाब बनाकर स्नान की तैयारी की गई थी।

      कांग्रेस नेता ने यह भी दावा किया कि प्रधानमंत्री वोटों के लिए कुछ भी कर सकते हैं। यहां तक कि नाच भी सकते हैं। केंद्रीय मंत्री नड्डा ने दावा किया, "राहुल गांधी की टिप्पणी उनके मूल्यों और परवरिश को दर्शाती है... विपक्षी नेताओं ने राजनीति के स्तर को गिरा दिया है।" उन्होंने कहा कि BJP नेता मुद्दों पर बात करते हैं। वह ऐसी टिप्पणियां नहीं करते।

      नड्डा ने यह भी दावा किया कि राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता और विपक्षी दलों के गठबंधन 'इंडिया' के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने कहा है कि वह वक्फ अधिनियम को कूड़ेदान में फेंक देंगे।

      बीजेपी ने कहा, "आप (यादव) खुद को 'संविधान का रक्षक' बताते हैं और आपको यह भी नहीं पता कि राज्य संसद द्वारा पारित कानूनों को बदल या निरस्त नहीं कर सकते... वक्फ अधिनियम पूरे देश में लागू किया गया है और इसे बिहार में भी लागू किया जाएगा।"

      इससे पहले नड्डा ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की सरकार के तहत बिहार के विकास ने गति पकड़ी है। इसने राज्य को अंधकार के युग से निकालकर प्रगति के पथ पर ला दिया है। नालंदा जिले के बख्तियारपुर विधानसभा क्षेत्र में एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने यह भी दावा किया कि राष्ट्रीय जनता दल और उसकी सहयोगी कांग्रेस को लोगों के कल्याण की कोई फ्रिक नहीं है।

        OCTOBER 30, 2025 / 9:50 PM IST

        Bihar Chunav 2025 Live Updates: 'ये पूरा खेल सूरजभान सिंह का है…'; मोकामा हत्याकांड पर अनंत सिंह का बड़ा बयान

        बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बीच मोकामा में गुरुवार (30 अक्टूबर) को हुई सनसनीखेज हत्या ने सियासी माहौल को हिला दिया है। जन सुराज समर्थक और RJD प्रमुख लालू यादव के सहयोगी माने जाने वाले दुलारचंद यादव की चुनाव प्रचार के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद राज्य की सियासत में हलचल मच गई।

        साथ ही आरोपों की बौछार भी शुरू हो गया। इस घटना के बाद दुलारचंद के समर्थकों ने हत्या की साजिश के पीछे मोकामा से JDU उम्मीदवार एवं बाहुबली नेता अनंत सिंह का हाथ बताया। लेकिन अनंत सिंह ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि यह हत्या बाहुबली सूरजभान सिंह की साजिश है।

        अनंत सिंह ने इस घटनाक्रम पर बयान देते हुए कहा, "हम अपने समर्थकों के साथ टाल क्षेत्र में प्रचार करने निकले थे। रास्ते में करीब 100 गाड़ियां खड़ी देखी। लगा कोई उम्मीदवार वोट मांग रहा होगा। जैसे ही हम पास गए, वहां मौजूद लोग हमारे खिलाफ नारेबाजी करने लगे। उसके बाद हम बिना रुके आगे बढ़ गए।"

        अनंत सिंह का दावा है कि उनके आगे बढ़ जाने के बाद पीछे रह गई गाड़ियों पर हमला किया गया। उन्होंने कहा, "हमारी करीब 40 गाड़ियां आगे निकल चुकी थीं। पीछे 10 गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। हमला पूरी तैयारी के साथ किया गया था।"

        अनंत सिंह ने साफ-साफ कहा कि इस घटना के पीछे सूरजभान सिंह का हाथ है। उन्होंने आरोप लगाया, "पूरा खेल सूरजभान सिंह का है। वो चाहता था कि झगड़ा हो, माहौल बिगड़े और वोट बंट जाएं। पहले दुलारचंद की तरफ से ही हाथापाई शुरू हुई।"

          OCTOBER 30, 2025 / 8:54 PM IST

          Bihar Chunav 2025 Live Updates: 'राहुल गांधी ने छठी मैया का अपमान किया'

          केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुए कांग्रेस नेता पर आरोप लगाया कि उन्होंने छठ पूजा त्योहार को बदनाम किया है। बिहार में एक के बाद एक कई चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए बीजेपी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह ने दावा किया कि राज्य के लोग छठी मैया के अपमान का बदला लेंगे और 'इंडिया' गठबंधन का सफाया हो जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ महीने पहले राज्य में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कथित रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को गालियां दी थी।

            OCTOBER 30, 2025 / 7:53 PM IST

            Bihar Chunav 2025 Live Updates: राहुल गांधी के खिलाफ चुनाव आयोग पहुंचीं BJP, पीएम मोदी पर विवादित बयान को लेकर दर्ज कराई शिकायत

            भारतीय जनता पार्टी (BJP) की बिहार इकाई ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है। बीजेपी के मुताबिक, उन्होंने एक चुनावी रैली के दौरान प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक, व्यक्तिगत और अपमानजनक टिप्पणी की थी, जो आदर्श आचार संहिता और जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 का उल्लंघन है। उन्होंने आयोग से अनुरोध किया है कि आयोग उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करे और बिना शर्त सार्वजनिक रूप से माफी मांगने का निर्देश दे। साथ ही लोकतांत्रिक और चुनावी मर्यादा की पवित्रता बनाए रखने के लिए उन्हें एक निश्चित अवधि के लिए चुनाव प्रचार करने से रोके।

              OCTOBER 30, 2025 / 7:46 PM IST

              Bihar Chunav 2025 Live Updates: 'आचार संहिता में कैसे लोग बंदूक गोली लेकर घूम रहे हैं?'; मोकामा हत्याकांड पर बोले तेजस्वी यादव

              बिहार के मोकामा हत्याकांड पर RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "चुनाव में हिंसा की कोई जरूरत नहीं है। हम कभी हिंसा के पक्षधर नहीं रहे हैं। अभी आचार संहिता है। फिर भी चुनाव के दौरान कैसे कुछ लोग बंदूक गोली लेकर घूम रहे हैं? प्रधानमंत्री 30 साल पुरानी बाते करते हैं। 30 मिनट पहले क्या हुआ? आज ASI की सिवान में गला रेतकर हत्या हो गई। मोकामा में दुलारचंद यादव की हत्या कर दी गई, ये क्या है? प्रधानमंत्री को ये चीजे देखनी चाहिए। किन लोगों ने इन अपराधियों को संरक्षण दिया है? आचार संहिता में बंदूक लेकर घूमने को कौन सा राज कहा जाएगा?"

                OCTOBER 30, 2025 / 7:37 PM IST

                Bihar Chunav 2025 Live Updates: ''RJD-कांग्रेस की पहचान- कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन और करप्शन है'

                बिहार विधानसभा चुनाव (2025) से पहले राजनीतिक माहौल गरमा गया है। गुरुवार (30 अक्टूबर) को मुजफ्फरपुर में आयोजित एक विशाल जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'महागठबंधन' पर सीधा हमला किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लिए बिहार का विकसित होना जरूरी है। लेकिन RJD और कांग्रेस बिहार को फिर से पीछे धकेलना चाहती है। इनकी पहचान- कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन और करप्शन है।

                  OCTOBER 30, 2025 / 6:53 PM IST

                  Bihar Chunav 2025 Live Updates: 'बिहार चुनाव NDA जीता तो मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे नीतीश कुमार'

                  समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को दावा किया कि अगर भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) बिहार विधानसभा चुनाव जीतता है, तो बीजेपी नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री नहीं बनाएगी। सैदपुर में पार्टी विधायक अंकित भारती के विवाह समारोह में शिरकत करने के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी ने नीतीश कुमार को भले ही चुनाव का दूल्हा घोषित किया हो। लेकिन चुनाव में जीत मिलने के बाद बीजेपी कुमार को मुख्यमंत्री नहीं बनाएगी।

                    OCTOBER 30, 2025 / 6:11 PM IST

                    Bihar Chunav 2025 Live: कौन थे दुलारचंद यादव? बदमाशों ने सरेआम कर दी हत्या

                    दुलारचंद यादव पहले लालू प्रसाद के बेहद करीबी थे। फिलहाल, प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज के उम्मीदवार के लिए प्रचार कर रहे थे। दुलारचंद यादव की पहचान मोकामा टाल क्षेत्र के एक प्रभावशाली नेता के रूप में थी। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, वह लालू प्रसाद यादव के करीबी लोगों में गिने जाते थे।

                    लोगों का कहना है कि दुलारचंद यादव एक दौर में लालू यादव के बेहद करीबी हुआ करते थे। लेकिन वर्तमान में वह अपने भतीजे पीयूष प्रियदर्शी के समर्थन में जोर-शोर से प्रचार कर रहे थे। यादव के परिजनों ने इस हत्या के लिए जदयू उम्मीदवार अनंत सिंह को जिम्मेदार ठहराया है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

                      OCTOBER 30, 2025 / 5:48 PM IST

                      Bihar Chunav 2025 Live Updates: लालू के सहयोगी दुलारचंद यादव की हत्या, मोकामा में बदमाशों ने सरेआम मारी गोली

                      बिहार के मोकामा क्षेत्र से एक बहुत ही बड़ी खबर सामने आ रही है। RJD प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बेहद करीबी सहयोगी दुलारचंद यादव की गुरुवार (30 अक्टूबर) को चुनाव प्रचार के दौरान हत्या कर दी गई है। दुलारचंद यादव मोकामा टाल क्षेत्र में पीयूष प्रियदर्शी के पक्ष मे चुनाव प्रचार करने गए थे। इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। बताया जा रहा है कि गोली लगने के बाद मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इस हत्याकांड को लेकर इलाके में तनाव है।

                        OCTOBER 30, 2025 / 5:08 PM IST

                        Bihar Chunav 2025 Live Updates: 'बिहार में हमने पहले ही मुस्लिम राज्यपाल दे दिया है'

                        उत्तर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (BJP) की गठबंधन सरकार के इकलौते मुस्लिम मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में बीजेपी द्वारा किसी मुसलमान उम्मीदवार को टिकट न देना कोई मुद्दा नहीं है। क्योंकि बिहार में पहले से ही एक मुस्लिम राज्यपाल नियुक्त हैं। अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री अंसारी ने गुरुवार को पीटीआई से इस मुद्दे पर पूछे गए सवाल का सीधा जवाब देने से बचते हुए कहा, "बिहार को हमने मुसलमान राज्यपाल दे दिया है, जो राज्य में नीति निर्माण का कार्य कर रहे हैं। इससे बड़ा उदाहरण और क्या हो सकता है?"

                        BJP के वरिष्ठ नेता आरिफ मोहम्मद खान वर्तमान में बिहार के राज्यपाल हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इस बयान कि 'प्रधानमंत्री वोट के लिए नाच भी लेंगे' पर प्रतिक्रिया देते हुए अंसारी ने कहा कि विपक्षी नेता अपनी हार की खीझ निकालने के लिए ऐसे हल्के बयान दे रहे हैं। अंसारी ने कहा, "लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ऐसे बयान यह दिखाते हैं कि बिहार में उनकी दाल गलने वाली नहीं है। यह सिर्फ हार की झुंझलाहट को छिपाने की कोशिश है।"

                          OCTOBER 30, 2025 / 4:37 PM IST

                          Bihar Chunav 2025 Live Updates: सरकारी नौकरी, बिहार से पलायन रोकने और महिलाओं पर खास फोकस, NDA के घोषणापत्र में क्या-क्या होगा?

                          NDA के घोषणापत्र में सरकारी नौकरियों, बिहार से पलायन रोकने और दलितों एवं पिछड़ों को भागीदारी दिलाने जैसे कई वादे शामिल होने की संभावना है। इसमें महिलाओं के लिए भी विशेष घोषणाएं हो सकती हैं। घोषणापत्र जारी होने के अवसर पर गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपेंद्र कुशवाहा, जीतन राम मांझी और चिराग पासवान समेत कई प्रमुख नेताओं के मौजूद रहने की उम्मीद है। पहले चरण का चुनाव 6 नवंबर को होना है। इसके लिए सभी राजनीतिक दलों के नेता प्रचार कर रहे हैं।

                          एनडीए के घोषणापत्र में गरीबों, किसानों और महिलाओं से जुड़े मुद्दों को शामिल किए जाने की संभावना है। सरकार ने राज्य की महिलाओं को स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए उन्हें 10,000 रुपये प्रति कैश सहायता दे रही है। इसके अलावा, यदि कारोबार सफल होता है, तो उसे विस्तार के लिए ₹2 लाख का लोन भी दिया जाएगा।

                            OCTOBER 30, 2025 / 4:23 PM IST

                            Bihar Chunav 2025 Live Updates: बिहार चुनाव के लिए 31 अक्टूबर को जारी होगा NDA का घोषणापत्र

                            बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर राज्य में सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का घोषणापत्र शुक्रवार (31 अक्टूबर) को सुबह जारी किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह खुद इस घोषणा पत्र को शुक्रवार सुबह 9.30 बजे जारी करेंगे। इस दौरान NDA के सभी प्रमख नेता मौजूद रहेंगे। NDA का घोषणा पत्र बिहार चुनाव के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। इसका बिहारवासियों को बेसब्री से इंतजार है।

                            इस बार के बिहार विधानसभा चुनाव में वादों की झड़ी लग चुकी है। तेजस्वी यादव के नेतृत्व में महागठबंधन के घोषणापत्र के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) की अगुवाई वाला NDA अपना घोषणापत्र 31 अक्टूबर को जारी करेगा। एनडीए 'संकल्प पत्र' नाम से अपना घोषणापत्र जारी करेगा। इस पर सबकी नजर है। बीजेपी का घोषणापत्र महागठबंधन के 'तेजस्वी प्रण' का मुकाबला करेगा।

                              OCTOBER 30, 2025 / 3:43 PM IST

                              Bihar Chunav 2025 Live Updates: 'जो आदमी विदेश भाग जाता हो उसको छठ पर्व का क्या ज्ञान है?' तेज प्रताप यादव का राहुल गांधी पर हमला

                              बिहार में जारी चुनावी घमासान के बीच जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने गुरुवार (30 अक्टूबर) को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला बोला है। RJD प्रमुख लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप ने कहा, "राहुल गांधी जी को छठ के बारे में क्या पता है? राहुल गांधी जी छठ किए हैं? उनको कुछ पता है? जो आदमी विदेश भाग जाता हो उसको छठ पर्व का क्या ज्ञान है?" छठ वाले बयान को लेकर पीएम मोदी ने भी राहुल गांधी पर हमला बोला है

                                OCTOBER 30, 2025 / 3:24 PM IST

                                Bihar Chunav 2025 Live Updates: 'तेजस्वी मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं': अखिलेश यादव का दावा

                                बिहार विधानसभा चुनाव पर सपा प्रमुख और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने गुरुवार दावा किया कि RJD नेता तेजस्वी यादव इस बार मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा, "सभी जानते हैं कि नीतीश कुमार को केवल चुनावी मुख्यमंत्री बनाया हुआ है। चुनाव के बाद वे चेहरा नहीं होंगे। कोई नया लाया जाएगा... तेजस्वी मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं हम सब लोग उनके समर्थन में हैं। सरकार चलाने में हम जो भी सहयोग कर सकते हैं उनकी मदद के लिए हम तैयार हैं।"

                                  OCTOBER 30, 2025 / 3:00 PM IST

                                  Bihar Chunav 2025 Live Updates: 'मोदी डरपोक हैं, यह कहने का दम नहीं कि ट्रंप झूठ बोल रहे हैं'; राहुल गांधी

                                  कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को आरोप लगाया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 'ऑपरेशन सिंदूर' रुकवाने का दावा करके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 50 बार अपमान किया है। लेकिन मोदी 'डरपोक' हैं। उनमें यह कहने का दम नहीं है कि ट्रंप झूठ बोल रहे हैं। उन्होंने नालंदा में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए यह दावा भी किया कि बिहार में सरकार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नहीं चला रहे हैं। बल्कि प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और नागपुर (आरएसएस) चला रहे हैं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि केंद्र में 'इंडिया' गठबंधन की सरकार बनने पर नालंदा को एक फिर शिक्षा का वैश्विक केंद्र बनाया जाएगा।

                                    OCTOBER 30, 2025 / 2:40 PM IST

                                    Bihar Chunav 2025 Live Updates: 'आपने कभी कांग्रेस-आरजेडी वालों को अयोध्या जाते देखा'; महागठबंधन पर बरसे पीएम मोदी

                                    बिहार के छपरा पर एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महागठबंधन पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि 500 साल के इंतजार और अवरित संघर्ष के बाद जब अयोध्या में भव्य राम मंदिर बना। तब प्रभु श्रीराम के दर्शन के लिए लाखों लाख लोग अयोध्या चल पड़े। लेकिन कांग्रेस एवं आरजेडी के नेताओं को राम मंदिर के निर्माण से भी परेशानी है। आपने कभी कांग्रेस एवं आरजेडी वालों को अयोध्या जाते देखा... नहीं! क्योंकि उन्हें (कांग्रेस और आरजेडी) डर है कि अयोध्या जाकर अगर वे श्रीराम के दर्शन करेंगे, तो उनका वोट बैंक नाराज हो जाएगा। तुष्टिकरण का गणित बिगड़ जाएगा। ये घुसपैठिए उनके माथे पर चढ़ जाएंगे।

                                      OCTOBER 30, 2025 / 2:28 PM IST

                                      Bihar Chunav 2025 Live Updates: 'विदेश घूमने जाते है, क्या इन्हें अयोध्या जाते देखा है?' PM मोदी ने बिना नाम लिए साधा राहुल गांधी पर निशाना

                                      प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छपरा की जनसभा में RJD और कांग्रेस पर सीधा हमला बोलते हुए उन्हें 'आस्था और विकास विरोधी' करार दिया। पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि ये दल घुसपैठियों को बचाने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा रहे हैं। राम मंदिर निर्माण का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 500 साल के संघर्ष के बाद भव्य राम मंदिर बना है। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए पूछा कि 'क्या कभी किसी ने इन्हें (RJD-कांग्रेस) अयोध्या जाते देखा है?' पीएम मोदी ने कहा कि ये लोग इसलिए अयोध्या नहीं जाते, क्योंकि इन्हें डर है कि इनका वोटबैंक नाराज हो जाएगा और ये घुसपैठियों को नाराज नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि RJD और कांग्रेस वालों को विदेश घूमने की इच्छा रहती है, लेकिन 500 साल बाद बने भव्य अयोध्या धाम को देखने की नहीं।

                                        OCTOBER 30, 2025 / 2:15 PM IST

                                        Bihar Chunav 2025 Live Updates: 'जंगलराज की सबसे बड़े शिकार बच्चे और महिलाएं': PM मोदी का RJD पर हमला

                                        प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के पुराने 'जंगलराज' को लेकर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि उस दौर में बच्चे और महिलाएँ सबसे बड़े शिकार रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि बिहार में हर परिवार के पास उस समय की कोई न कोई दर्द भरी कहानी ज़रूर है। पीएम मोदी ने कानून-व्यवस्था की बदहाली को रेखांकित करते हुए 1998 की एक घटना का जिक्र किया, जब एक दलित आईएएस अधिकारी की पत्नी के साथ दरिंदगी हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय की RJD सरकार ने न्याय दिलाने के बजाय अपराधियों को बचाने की कोशिश की थी, जो उस कालखंड की शासन-प्रणाली को दर्शाता है।

                                          OCTOBER 30, 2025 / 2:05 PM IST

                                          Bihar Chunav 2025 Live Updates: 'लालटेन और पंजे वालों ने बिहारियों का अपमान किया': PM मोदी

                                          प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुजफ्फरपुर रैली में विपक्ष, विशेषकर RJD ('लालटेन वाले') और कांग्रेस ('पंजे वाले') पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि 'सभी ने बिहारियों का अपमान किया है।' पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने लगातार बिहार के लोगों के साथ भेदभाव किया है। उन्होंने एक पुरानी घटना का ज़िक्र करते हुए कहा कि एक बार कांग्रेस के मुख्यमंत्री ने खुलेआम बयान दिया था कि बिहारियों को पंजाब में घुसने नहीं देंगे, और हैरानी की बात यह है कि उस वक्त गांधी परिवार की एक बेटी मंच पर बैठी तालियां बजा रही थीं।

                                            OCTOBER 30, 2025 / 1:54 PM IST

                                            Bihar Chunav 2025 Live Updates: 'गड़बड़ आदमियों को वोट मत दीजिए': नीतीश कुमार ने लालू परिवार पर साधा निशाना

                                            मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बेगूसराय में अपनी चुनावी जनसभा के दौरान राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव के परिवार पर तीखा निशाना साधा। उन्होंने जनता से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि 'गड़बड़ आदमियों को कोई वोट मत दीजिएगा,' और आरोप लगाया कि "वो सब अपने लड़का-लड़की, अपनी पत्नी इसी सब में किए रहता है… उ सब और कोई काम नहीं किया।' इसके विपरीत, नीतीश कुमार ने केंद्र की NDA सरकार की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें भरपूर सहयोग मिल रहा है, जिसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आदरपूर्वक नमन किया।

                                              OCTOBER 30, 2025 / 1:42 PM IST

                                              Bihar Chunav 2025 Live Updates: लखीसराय में अमित शाह ने गिनाए RJD प्रमुख लालू यादव के घोटाले

                                              केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लखीसराय की जनसभा में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव पर सीधा हमला बोलते हुए उनके कथित घोटालों का जिक्र किया। शाह ने जनता से पूछा, 'चारा घोटाला किसने किया? 'लैंड फॉर जॉब' घोटाला किसने किया?' इसके विपरीत, उन्होंने NDA के नेता और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जमकर तारीफ की। शाह ने कहा कि 'नीतीश कुमार पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं है।' उन्होंने भ्रष्टाचार मुक्त शासन की तुलना NDA की जनकल्याणकारी योजनाओं से करते हुए, 10 हजार रुपये के बाद 2 लाख रुपये तक के लोन की योजना का भी जिक्र किया।

                                                OCTOBER 30, 2025 / 1:36 PM IST

                                                Bihar Chunav 2025 Live Updates: '2005 से पहले बिहार में जंगलराज था': अमित शाह ने नीतीश कुमार को सुशासन का श्रेय दिया

                                                केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लखीसराय की जनसभा में दावा किया कि देश अब नक्सलवाद मुक्त हो रहा है, और इसी संदर्भ में उन्होंने बिहार के पुराने शासनकाल पर निशाना साधा। शाह ने कहा कि 2005 से पहले बिहार में 'जंगलराज' था जहां नरसंहार होते थे, जिसे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने शासन में खत्म किया। इसके साथ ही, उन्होंने एक बार फिर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर छठ महापर्व के अपमान का आरोप लगाया, और कहा कि 'राहुल बाबा छठ को नहीं समझ पाएंगे, और उनकी माताजी भी नहीं समझ सकतीं।' गृहमंत्री ने बिहार की जनता से अपील की कि उनका एक वोट राज्य में फिर से सुशासन लाएगा।

                                                  OCTOBER 30, 2025 / 12:51 PM IST

                                                  Bihar Chunav 2025 Live Updates: 'छठी मैया का अपमान बिहार की जनता माफ नहीं करेगी': अमित शाह

                                                  केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लखीसराय में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर छठ पूजा के अपमान का तीखा आरोप लगाया। शाह ने कहा कि 'कल राहुल बाबा आए थे, उन्होंने मोदी जी को अपमानित करते-करते छठी मैया का अपमान कर दिया।' उन्होंने जोर देकर कहा कि राहुल गांधी छठ मैया को नहीं समझ पाएंगे, और उनकी माताजी भी नहीं समझ पाएंगी। शाह ने यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री मोदी की माताजी का भी अपमान किया है। गृहमंत्री ने घोषणा की कि कांग्रेस ने छठ मैया का जो अपमान किया है, उसे बिहार की जनता कभी माफ नहीं करेगी, और चुनाव में इसका जवाब देगी।

                                                    OCTOBER 30, 2025 / 12:39 PM IST

                                                    Bihar Chunav 2025 Live Updates: अगर विकास हुआ तो प्रचार क्यों?: राबड़ी देवी का NDA के दावों पर तंज

                                                    बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने विधानसभा चुनाव पर पहली बार बयान देते हुए NDA के बिहार में विकास के दावों पर करारा तंज कसा है। उन्होंने सवाल किया कि 'जब NDA की सरकार ने बिहार में विकास कर दिया है तो चुनाव प्रचार के लिए क्यों घूम रहे हैं?' राबड़ी देवी ने कहा कि अगर वास्तव में विकास हुआ होता, तो उन्हें तो बिना प्रचार किए ही वोट मिल जाना चाहिए था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर NDA ने बिहार में सचमुच विकास किया होता, तो प्रधानमंत्री समेत BJP के तमाम बड़े नेताओं को इस तरह घूम-घूमकर प्रचार करने की जरूरत नहीं पड़ती।

                                                      OCTOBER 30, 2025 / 12:26 PM IST

                                                      Bihar Chunav 2025 Live Updates: 'नामदार' हमें गंदी गालियां देते हैं', पीएम मोदी का राहुल गांधी पर पलटवार

                                                      प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुजफ्फरपुर की जनसभा में राहुल गांधी द्वारा की गई व्यक्तिगत टिप्पणियों पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा कि 'वो नामदार हैं, हम कामदार हैं, और कामदार को गालियां दिए बगैर नामदार का खाना नहीं पचता है।' पीएम मोदी ने कहा कि राहुल गांधी अपने अहंकार में डूबे हुए हैं, और उन्हें दी जा रही गालियां असल में RJD और कांग्रेस के बीच चल रहे आपसी झगड़े का नतीजा है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में RJD कार्यकर्ता कांग्रेसियों को नीचा दिखा रहे हैं और कांग्रेस कार्यकर्ता भी RJD से अपनी दुश्मनी निकाल रहे हैं, जिससे दोनों के बीच भयंकर आपसी लड़ाई चल रही है। पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि इन दोनों दलों को सिर्फ सत्ता का लालच है, ताकि वे एक बार फिर बिहार को लूट सकें।

                                                        OCTOBER 30, 2025 / 12:16 PM IST

                                                        Bihar Chunav 2025 Live Updates: पीएम मोदी ने RJD के जंगलराज की दिलाई याद

                                                        प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुजफ्फरपुर में अपनी जनसभा के दौरान RJD के 'जंगलराज' की भयावहता को याद दिलाते हुए एक दर्दनाक घटना का हवाला दिया। उन्होंने कहा, 'जब हम जंगलराज के दिनों को याद करते हैं, तो अंदाजा लगता है कि हालात कितने खतरनाक थे।' पीएम मोदी ने मुजफ्फरपुर के लोगों को 'गोलू अपहरण कांड' नहीं भूलने की अपील की। उन्होंने बताया कि इसी शहर में वर्ष 2001 में स्कूल जाते हुए एक छोटे से बालक का अपराधियों ने दिन-दहाड़े अपहरण कर लिया था और फिरौती न मिलने पर RJD के 'चट्टे-बट्टों' ने उस छोटे बालक के टुकड़े-टुकड़े कर दिए थे। उन्होंने कहा कि यह घटना RJD के शासन में कानून-व्यवस्था की स्थिति को दिखाती है।

                                                          OCTOBER 30, 2025 / 12:00 PM IST

                                                          Bihar Chunav 2025 Live Updates: मुजफ्फरपुर रैली में पीएम मोदी ने 5 'क' से बताई RJD-कांग्रेस की पहचान

                                                          प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुजफ्फरपुर की जनसभा में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और कांग्रेस पर सीधा और तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए बिहार का विकसित होना अत्यंत आवश्यक है, लेकिन RJD और कांग्रेस कभी भी बिहार को विकसित नहीं बना सकते। पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि इन दलों ने बिहार पर कई सालों तक राज किया और सिर्फ विश्वासघात किया। उन्होंने आगे कहा कि RJD और कांग्रेस की पहचान 5 'क' से है, जो 'जंगलराज' की पहचान है: कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन और करप्शन। उन्होंने जनता से NDA को वोट देकर बिहार को इन पांच 'क' से मुक्त करने की अपील की।

                                                            OCTOBER 30, 2025 / 11:54 AM IST

                                                            Bihar Chunav 2025 Live Updates: पीएम मोदी ने छठ पूजा के अपमान पर महागठबंधन को घेरा

                                                            प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुजफ्फरपुर की जनसभा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी का नाम लिए बिना, महागठबंधन पर छठी मैया के अपमान का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि महागठबंधन के नेता छठ पूजा को गाली देने का काम कर रहे हैं और इसे 'ड्रामा' या 'नौटंकी' बता रहे हैं। भावुक होते हुए पीएम मोदी ने जनता से सवाल किया, 'क्या ऐसा अपमान हिंदुस्तान सहेगा? क्या मेरी माताएं जो निर्जला उपवास करती हैं, वो सहेंगी?' प्रधानमंत्री ने इस टिप्पणी को बिहार के गौरव और आस्था पर सीधा हमला बताते हुए, मतदाताओं से इसका जवाब वोट से देने की अपील की।

                                                              OCTOBER 30, 2025 / 11:45 AM IST

                                                              Bihar Chunav 2025 Live Updates: 'NDA को इंडस्ट्री नहीं, सिर्फ सत्ता चाहिए': अमित शाह के बयान पर तेजस्वी यादव का तीखा पलटवार

                                                              RJD नेता तेजस्वी यादव ने गृहमंत्री अमित शाह के उस बयान पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की है, जिसमें शाह ने कहा था कि बिहार में जमीन से जुड़ी दिक्कतों के कारण फैक्ट्रियां और उद्योग लगाना मुश्किल है। तेजस्वी यादव ने पलटवार करते हुए कहा कि उन्होंने ऐसा गृहमंत्री पहले कभी नहीं देखा, जो खुद यह स्वीकार करे कि उसके देश के एक राज्य में उद्योग स्थापित नहीं हो सकते। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि इसका सीधा मतलब है कि BJP और NDA सरकार का बिहार को आगे बढ़ाने का कोई इरादा ही नहीं है। उन्होंने कहा कि 'उनका मकसद सिर्फ बिहार पर पकड़ बनाकर सत्ता में बने रहना है,' न कि राज्य में रोजगार पैदा करना या विकास लाना।

                                                                OCTOBER 30, 2025 / 11:25 AM IST

                                                                Bihar Chunav 2025 Live Updates: चुनावी माहौल के बीच सीवान में दरोगा की हत्या, कानून व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

                                                                बिहार में विधानसभा चुनाव की तैयारियों और उल्टी गिनती के बीच सीवान जिले में एक सहायक उप-निरीक्षक (ASI) की हत्या कर दी गई है। मृतक ASI अनिरुद्ध कुमार सीवान जिले के दरौदा थाने में तैनात थे, जिनकी सिरसवा नवका टोला गांव में गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने उनका खून से लथपथ शव अरहर के खेत से बरामद किया है। मतदान की तैयारी जैसे संवेदनशील समय में हुई इस हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, और राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल उठाए जा रहे हैं।

                                                                  OCTOBER 30, 2025 / 11:11 AM IST

                                                                  Bihar Chunav 2025 Live Updates: बिहार में लालू ही नहीं, नीतीश के राज में भी जंगलराज': असदुद्दीन ओवैसी

                                                                  AIMIM के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान NDA सरकार और RJD दोनों पर तीखा हमला बोला है। ओवैसी ने कहा कि बिहार में 'जंगलराज' केवल लालू प्रसाद यादव के शासनकाल में ही नहीं था, बल्कि अब 'नया जंगलराज' NDA के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शासनकाल में है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता अब सब कुछ समझ चुकी है और दोनों प्रमुख गठबंधनों से निराश है। ओवैसी ने विश्वास व्यक्त किया कि इस बार बिहार की जनता उनकी पार्टी, AIMIM, को वोट देगी।

                                                                    OCTOBER 30, 2025 / 10:56 AM IST

                                                                    Bihar Chunav 2025 Live Updates: 'बिहार का बेटा ही बिहार चलाएगा, कोई बाहरी नहीं': तेजस्वी यादव

                                                                    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बिहार में आज होने वाली दो चुनावी सभाओं से ठीक पहले, महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने एक बड़ा बयान दिया है। तेजस्वी यादव ने सीधे तौर पर क्षेत्रीय गौरव का मुद्दा उठाते हुए कहा कि 'बिहार का बेटा ही बिहार चलाएगा, कोई बाहरी आकर नहीं चलाएगा।' उन्होंने जोर देकर कहा कि चाहे राज्य में कोई कितनी भी जनसभा कर ले, जनता अब बदलाव का मन बना चुकी है।

                                                                      OCTOBER 30, 2025 / 10:45 AM IST

                                                                      Bihar Chunav 2025 Live Updates: वैशाली के महनार में तेज प्रताप यादव के काफिले पर हमला

                                                                      बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान वैशाली जिले के महनार में तेज प्रताप यादव के काफिले को तीखे विरोध का सामना करना पड़ा। तेज प्रताप यादव वहां अपनी पार्टी JJD के उम्मीदवार जय सिंह राठौर के समर्थन में पहुंचे थे, तभी RJD समर्थकों की भारी भीड़ ने 'तेजस्वी यादव जिंदाबाद' के नारे लगाते हुए उनके काफिले पर पत्थरबाजी की और उन्हें खदेड़ दिया। इस घटना के बाद JJD उम्मीदवार जय सिंह राठौर ने RJD उम्मीदवार रविंद्र सिंह पर यह हमला करवाने की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है।

                                                                        OCTOBER 30, 2025 / 10:39 AM IST
                                                                        Bihar Chunav 2025 Live Updates: 30 अक्तूबर की महत्वपूर्ण रैली रैलियों की लिस्ट
                                                                        • पीएम मोदी की मुजफ्फरपुर के मोतीपुर में और छपरा में जनसभा
                                                                        • गृह मंत्री अमित शाह की लखीसराय, मुंगेर, नालंदा और पटना में जनसभा
                                                                        • सीएम नीतीश की बेगूसराय के मटिहानी, मुंगेर, लखीसराय और शेखपुरा में जनसभा
                                                                        • तेजस्वी यादव और मुकेश सहनी की मधेपुरा, दरभंगा और मुजफ्फरपुर में 10 जनसभा
                                                                        • शेखपुरा और बरबीघा विधानसभा क्षेत्र में राहुल गांधी की जनसभा
                                                                        • बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की बेगूसराय और नालंदा में जनसभा
                                                                        • गया के शेरघाटी और फतेहपुर में चिराग पासवान की जनसभा
                                                                        • अररिया के सिकटी में मनोज तिवारी की चुनावी सभा
                                                                          OCTOBER 30, 2025 / 10:28 AM IST

                                                                          Bihar Chunav 2025 Live Updates: रैली से पहले पीएम मोदी ने एक्स पर बिहार के लोगों को दिया संदेश

                                                                          बिहार विधानसभा चुनाव का प्रचार आज अपने चरम पर है, जहां देश के चार बड़े राजनीतिक चेहरे- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और बीजेपी अध्यक्ष जे. पी. नड्डा कई जनसभाओं को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी आज मुजफ्फरपुर और छपरा में दो बड़ी रैलियां करेंगे। पीएम मोदी ने 'एक्स' पर पोस्ट कर विश्वास जताया कि 'बिहार के मेरे परिवारजन भाजपा-राजग को प्रचंड जीत दिलाने के लिए खुद चुनाव मैदान में हैं' और उन्हें यकीन है कि राज्य के लोग 'एक बार फिर महाविजय का शंखनाद करेंगे।'

                                                                            OCTOBER 30, 2025 / 10:13 AM IST

                                                                            Bihar Chunav 2025 Live Updates: तेजस्वी की ताबड़तोड़ रैलियां और नीतीश के गढ़ में आज राहुल गांधी

                                                                            बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन ने प्रचार की गति तेज कर दी है, जिसके तहत मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव आज मधेपुरा, दरभंगा और मुजफ्फरपुर सहित कई स्थानों पर जनसभाओं को संबोधित करेंगे। वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा और बरबीघा में चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी इससे पहले मुजफ्फरपुर और दरभंगा में रैलियां कर चुके हैं, जहां उन्होंने NDA सरकार और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा था।

                                                                              OCTOBER 30, 2025 / 9:41 AM IST

                                                                              Bihar Chunav 2025 Live Updates: गया में NDA प्रत्याशी के काफिले पर जानलेवा हमला

                                                                              बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान गया जिले की टिकारी विधानसभा सीट पर तनाव की खबर है, जहां NDA प्रत्याशी और HAM नेता डॉ. अनिल कुमार के काफिले पर जनसंपर्क के दौरान जानलेवा हमला हुआ। दीघौरा गांव में कुछ असामाजिक तत्वों ने प्रत्याशी के काफिले पर पथराव और फायरिंग की, जिसके परिणामस्वरूप प्रत्याशी डॉ. अनिल कुमार और उनके भाई समेत कई कार्यकर्ता घायल हो गए। हालांकि, सुरक्षाकर्मियों द्वारा जवाबी हवाई फायरिंग करने से वहां मौजूद लोगों की जान बच पाई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और इस मामले में नौ लोगों को हिरासत में लिया है।

                                                                                OCTOBER 30, 2025 / 9:23 AM IST

                                                                                Bihar Chunav 2025 Live Updates: 'शर्मनाक टिप्पणी करना कांग्रेस की संस्कृति बन गई है': JDU सांसद संजय झा

                                                                                जनता दल (यूनाइटेड) के सांसद संजय झा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा किए गए 'डांस' तंज की कड़ी आलोचना की है। संजय झा ने हमला बोलते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ इस तरह की 'शर्मनाक' टिप्पणी करना अब विपक्षी पार्टी कांग्रेस की संस्कृति का हिस्सा बन चुका है। उन्होंने कहा, "देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ उन्होंने जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया, उससे ज्यादा शर्मनाक कुछ नहीं हो सकता।' झा ने आगे कहा कि दरभंगा में उनकी पार्टी के सदस्यों ने प्रधानमंत्री की मां के बारे में जो कहा, उस पर गौर करना चाहिए, क्योंकि 'नेता जो कहता है, कार्यकर्ता भी वही करेगा।'

                                                                                  OCTOBER 30, 2025 / 9:10 AM IST

                                                                                  Bihar Chunav 2025 Live Updates: NDA का घोषणापत्र आज होगा जारी

                                                                                  बिहार विधानसभा चुनाव का प्रचार अब अंतिम और निर्णायक दौर में पहुंच चुका है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में आज बीजेपी का घोषणापत्र सामने आएगा। महागठबंधन पहले ही अपना 'तेजस्वी प्रण पत्र' पेश कर चुका है, जिसमें उसने कई बड़े वादे किए हैं।

                                                                                    OCTOBER 30, 2025 / 8:41 AM IST

                                                                                    Bihar Chunav 2025 Live Updates: चुनावी सरगर्मी के बीच साइक्लोन 'मोंथा' ने बदला मौसम का मिजाज

                                                                                    बिहार में चुनावी सरगर्मी के बीच बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान 'मोंथा' के प्रभाव से प्रदेश के मौसम ने करवट ले ली है, जिसके कारण अगले तीन दिनों राज्य में तेज हवाओं, बारिश और बिजली गिरने को लेकर चेतावनी जारी की गई है। अगले 24 घंटों के दौरान, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, मधुबनी, सीतामढ़ी, दरभंगा और सुपौल समेत आठ जिलों में अति भारी वर्षा का अलर्ट है, जबकि कई अन्य जिलों में भारी वर्षा के आसार हैं।

                                                                                      OCTOBER 30, 2025 / 8:31 AM IST

                                                                                      Bihar Chunav 2025 Live Updates: 'कोई भ्रम नहीं, NDA की जीत पर नीतीश कुमार ही होंगे CM': अमित शाह

                                                                                      बिहार विधानसभा चुनाव में NDA की जीत के बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही अटकलों पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने स्पष्ट रूप से विराम लगा दिया। जब उनसे पूछा गया कि अगर NDA की सरकार बनती है, तो मुख्यमंत्री कौन बनेगा, तो उन्होंने कहा, 'आप भ्रम फैलाने का प्रयास न करें।' शाह ने कहा कि NDA गठबंधन नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ रहा है, और इस पर कोई भ्रम नहीं है।' उन्होंने यह भी तंज कसा कि लालू प्रसाद यादव अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं और सोनिया गांधी अपने बेटे को प्रधानमंत्री, लेकिन 'बिहार और दिल्ली में कहीं जगह खाली नहीं है। यहां नीतीश बाबू बैठे हैं, वहां मोदी जी बैठे हैं।'

                                                                                        OCTOBER 30, 2025 / 8:24 AM IST

                                                                                        Bihar Chunav 2025 Live Updates: 'नीतीश कुमार का रिमोट कंट्रोल BJP के पास': राहुल गांधी का CM पर तीखा हमला

                                                                                        बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान बीते दिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जोरदार हमला बोला है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि चुनाव में नीतीश कुमार का चेहरा इस्तेमाल तो किया जा रहा है, लेकिन असलियत यह है कि उन्हें भारतीय जनता पार्टी (BJP) 'रिमोट कंट्रोल' कर रही है। राहुल गांधी ने दावा किया कि BJP के हाथों में नियंत्रण होने के कारण, नीतीश कुमार का अब 'सामाजिक न्याय' से कोई लेना-देना नहीं रह गया है।

                                                                                          OCTOBER 30, 2025 / 8:16 AM IST

                                                                                          Bihar Chunav 2025 Live Updates: बिहार में NDA बनाएगी दो-तिहाई बहुमत की सरकार: गृहमंत्री अमित शाह का दावा

                                                                                          केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा है कि इस बार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) दो-तिहाई बहुमत से अधिक सीटें जीतकर राज्य में अपनी सरकार बनाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि NDA गठबंधन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार बनाएगा। अमित शाह ने बिहार में अपने चुनावी दौरों का हवाला देते हुए कहा कि वह 'स्पष्ट रूप से देख रहे हैं कि NDA के पक्ष में एक मजबूत लहर है।' उन्होंने विश्वास जताया कि इस चुनाव में NDA की सीटों के मार्जिन में भी अअप्रत्याशित बढ़ोतरी होने वाली है।

                                                                                            OCTOBER 30, 2025 / 8:07 AM IST

                                                                                            Bihar Chunav 2025 Live Updates: महागठबंधन के मुख्यमंत्री चेहरा तेजस्वी यादव आज करेंगे 9 जनसभाएं

                                                                                            राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव आज बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंकते हुए 9 जनसभाएं करेंगे। उनके आज के चुनावी कार्यक्रम में मुजफ्फरपुर, मधेपुरा, दरभंगा और अन्य कई महत्वपूर्ण स्थानों पर रैलियां और जनता को संबोधित करने का कार्यक्रम तय है।

                                                                                              OCTOBER 30, 2025 / 8:03 AM IST

                                                                                              Bihar Chunav 2025 Live Updates: नीतीश कुमार के गढ़ में आज राहुल गांधी महागठबंधन के लिए जुटाएंगे समर्थन

                                                                                              कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा में चुनावी रैलियां करेंगे। वह महागठबंधन के समर्थन में नालंदा और बरबीघा में जनसभाओं को संबोधित करेंगे, जहां उनका मुख्य जोर युवाओं और आम जनता को साधने पर रहेगा। राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस की ओर से प्रियंका गांधी, शशि थरूर और अन्य वरिष्ठ नेता भी बिहार चुनाव प्रचार में एक्टिव हैं।

                                                                                                OCTOBER 30, 2025 / 8:00 AM IST

                                                                                                Bihar Chunav 2025 Live Updates: कन्हैया कुमार का दावा- बिहार में इस बार बदलाव की बयार

                                                                                                बिहार विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने दावा किया है कि राज्य में जल्द ही महागठबंधन की सरकार बनने जा रही है। कन्हैया कुमार ने कहा कि इस बार बिहार में बदलाव की लहर चल रही है और जनता पूरी तरह से परिवर्तन के मूड में है। उन्होंने यहां तक दावा किया कि अगर NDA को गलती से बहुमत मिल भी गया, तो वर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को दोबारा मुख्यमंत्री नहीं बनाया जाएगा। कन्हैया कुमार ने विश्वास जताया कि 14 नवंबर को जब चुनाव परिणाम घोषित होंगे, तो बिहार को एक नई सरकार मिलेगी, जो युवाओं के लिए रोजगार पैदा करेगी और राज्य से पलायन की गंभीर समस्या को समाप्त करने की दिशा में काम करेगी।

                                                                                                  OCTOBER 30, 2025 / 7:57 AM IST

                                                                                                  Bihar Chunav 2025 Live Updates: आज मुजफ्फरपुर और छपरा में पीएम मोदी करेंगे बड़ी रैलियां

                                                                                                  बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राज्य में दो बड़ी चुनावी रैलियां करेंगे। NDA उम्मीदवारों के समर्थन में आयोजित पहली जनसभा सुबह 11 बजे मुजफ्फरपुर के मोतीपुर में होगी, जबकि दूसरी रैली दोपहर 12 बजकर 45 मिनट पर छपरा में रखी गई है। इन दोनों सभाओं में केंद्र और राज्य स्तर के सभी प्रमुख NDA नेता मंच पर मौजूद रहेंगे।