सोनिया गांधी की आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग' के विमोचन पर राजनीतिक हलचल, कांग्रेस ने यूपी से लेकर पंजाब की चुनावी राजनीति को कैसे साधा?

UP-Punjab Elections: सोनिया गांधी की आत्मकथा 'Belonging: A Journey of Love' का विमोचन साहित्यिक आयोजन से आगे बढ़कर राष्ट्रीय राजनीति और विपक्षी एकजुटता का मंच बन गया। 16 नवंबर 2026 को दिल्ली में आयोजित विमोचन समारोह में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, बीजेपी नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह और सपा प्रमुख अखिलेश यादव सहित INDIA गठबंधन के कई प्रमुख नेता शामिल हुए

अपडेटेड Nov 17, 2026 पर 11:32 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
UP-Punjab Elections: समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह चर्चा में रहे

UP-Punjab Elections 2026 News: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' के लॉन्च का कार्यक्रम सिर्फ साहित्यिक आयोजन नहीं, बल्कि सियासी लिहाज से भी काफी अहम रहा। इस कार्यक्रम में सोनिया गांधी ने अपने पुराने सहयोगियों, राजनीतिक मित्रों और अलग-अलग पार्टियों के नेताओं को एक मंच पर लाकर एक बार फिर अपनी राजनीतिक सूझबूझ का परिचय दिया। अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश और पंजाब विधानसभा चुनावों के मद्देनजर इस आयोजन के राजनीतिक संदेशों पर भी चर्चा हुई। उत्तर प्रदेश से अखिलेश यादव की मौजूदगी ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (SP) के बीच विपक्षी समन्वय का संकेत दिया।

वहीं, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह की मौजूदगी ने समारोह को एक अलग राजनीतिक आयाम दिया। कभी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे अमरिंदर सिंह पार्टी छोड़ने के पांच साल बाद सोनिया गांधी और कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी वाले किसी कार्यक्रम में पहुंचे हैं। वह गांधी परिवार के करीबी माने जाते हैं।

राहुल गांधी ने अमरिंदर सिंह का किया खास जिक्र


कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने इस किताब के विमोचन कार्यक्रम में अपने पिता राजीव गांधी और मां सोनिया गांधी के बीच एक बार हुए झगड़े का किस्सा बयां करते हुए अमरिंदर सिंह का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी और राजीव गांधी के बीच गहरा प्रेम था। बचपन में उन्होंने अपने माता-पिता को केवल एक बार झगड़ते देखा था, जब राजीव गांधी फोन पर अमरिंदर सिंह से बात कर रहे थे। राहुल गांधी ने बताया कि उनके पिता फोन पर अमरिंदर सिंह से बात कर रहे थे। उसी दौरान उनकी मां कुछ कहना चाह रही थीं। बार-बार अपनी बात दोहराने के बावजूद जब मां को जवाब नहीं मिला, तो दोनों के बीच बहस हुई। राहुल ने कहा कि संयोग से यही एकमात्र मौका था, जब उन्होंने अपने माता-पिता को झगड़ते देखा।

अमरिंदर सिंह के अलावा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी कार्यक्रम में मौजूद थे। समारोह में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बनर्जी, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला सहित कई विपक्षी दलों के नेता शामिल हुए।

क्यों अहम है अमरिंदर सिंह की मौजूदगी?

कैप्टन अमरिंदर सिंह की मौजूदगी ऐसे समय में सामने आई है, जब पंजाब में अगले विधानसभा चुनाव होने वाला है। पिछले दिनों कांग्रेस में उनकी वापसी को लेकर अटकलों का बाजार गर्म रहा था। वह सितंबर, 2021 में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के कुछ सप्ताह बाद कांग्रेस से अलग हो गए थे। उन्होंने पंजाब लोक कांग्रेस नाम से अपनी पार्टी बनाई थी और बाद में 2022 में उसका बीजेपी में विलय कर दिया था। वह फिलहाल भगवा पार्टी में ही हैं। किताब में सोनिया गांधी ने अपने इटली के बचपन, राजीव गांधी से विवाह, इंदिरा गांधी के साथ संबंधों और राजीव गांधी की हत्या के बाद के कठिन दौर को शेयर किया है। साथ ही 1984 के सिख विरोधी दंगों, इमरजेंसी और कांग्रेस के राजनीतिक इतिहास से जुड़े मुद्दों ने बीजेपी और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप को भी हवा दी है।

कार्यक्रम में सबसे ज्यादा चर्चा पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और अब बीजेपी नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह की मौजूदगी को लेकर हुई। पंजाब चुनाव से पहले उनकी सोनिया गांधी के कार्यक्रम में मौजूदगी को राजनीतिक नजरिए से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कैप्टन अमरिंदर सिंह और राजीव गांधी पुराने मित्र रहे हैं। सोनिया गांधी के साथ भी उनके संबंध हमेशा सौहार्दपूर्ण रहे हैं। बीजेपी में शामिल होने के बावजूद गांधी परिवार के साथ उनका व्यक्तिगत रिश्ता बना हुआ है।

डिंपल के साथ अखिलेश भी रहे मौजूद

वहीं, कार्यक्रम में सोनिया गांधी के साथ सपा प्रमुख अखिलेश यादव और डिंपल यादव की मौजूदगी ने उत्तर प्रदेश की राजनीति को लेकर भी चर्चाओं को हवा दी। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत के बीच इस मुलाकात को अहम माना जा रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या यह आयोजन आने वाले पंजाब-यूपी के चुनावों के मद्देनजर नए राजनीतिक समीकरणों का संकेत है?

कार्यक्रम में यूपीए सरकार के गठन के दौरान सोनिया गांधी के साथ काम करने वाले कई पुराने सहयोगी भी नजर आए। सोनिया गांधी ने किताब प्रकाशित करने की वजह बताते हुए कहा कि उनके और उनके परिवार के बारे में कई तरह की गलत बातें कही जाती रही हैं। किताब के जरिए वह अपनी बात और अपना पक्ष सामने रखना चाहती हैं। किताब में सीमित तथ्यों और कुछ बातों को सामने न रखने को लेकर आलोचना भी हुई है। हालांकि, इसे सोनिया गांधी की राजनीतिक समझ से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि उन्होंने अपनी निजी और राजनीतिक जिंदगी के सभी पहलुओं को सार्वजनिक करने से परहेज किया है।

सोनिया गांधी ने क्यों लिखी किताब? खुद किया खुलासा

कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने सोमवार को कहा कि उनके परिवार, पति राजीव गांधी, सास इंदिरा गांधी और बच्चों के बारे में कई ऐसी बातें कही गईं, जो सही नहीं थीं। यह किताब लिखने की एक प्रमुख वजह भी थी, ताकि लोगों को सही कहानी बताई जा सके। अपनी कितब के विमोचन अवसर पर सोनिया गांधी ने कहा कि वह हमेशा अपनी भावनाओं और लोगों, स्थानों तथा घटनाओं के बारे में अपने विचार सार्वजनिक करने में संकोच करती रही हैं। हालांकि, बेटे राहुल गांधी, बेटी प्रियंका गांधी और अपनी एक करीबी मित्र मंजुलिका दुबे के आग्रह पर उन्होंने अपनी कहानी लिखने का फैसला किया।

उन्होंने कहा कि शुरुआत में अपनी जिंदगी के बारे में लिखना थोड़ा मुश्किल लगा। लेकिन जैसे ही उन्होंने लिखना शुरू किया, पुरानी यादें एक साथ उमड़ पड़ीं। इनमें बचपन के दिन और अपने पति राजीव गांधी से मुलाकात के प्रसंग भी शामिल थे। किताब को लेकर लोगों की प्रतिक्रिया पर सोनिया गांधी ने कहा कि उन्हें लोगों से जो प्यार और स्नेह मिला है, वह उनके लिए अभिभूत करने वाला है। उन्होंने कहा कि आलोचना करने वाले लोगों की टिप्पणियों में भी व्यक्त स्नेह और भावनाओं ने उन्हें प्रभावित किया है।

उन्होंने कहा कि पुस्तक में 'अपनेपन' (बिलॉन्गिंग) का विचार बार-बार सामने आता है, जो इस बात की कहानी है कि उन्होंने किस तरह एक बाहरी व्यक्ति होने की भावना से निकलकर स्वीकार्यता और अपनेपन का एहसास हासिल करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि यह अनुभव केवल उनका नहीं है, जो इटली से भारत आई थीं। बल्कि भारत की अनेक महिलाओं का भी ऐसा ही अनुभव हो सकता है।

ये भी पढ़ें- PM Modi Manila Visit: मनीला में 100 साल पुराने खालसा दीवान गुरुद्वारा पहुंचे पीएम मोदी, आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और Quad समूह की बैठक पर रहेगी नजर

यह पूछे जाने पर कि क्या उन्होंने कभी डायरी लिखी थी, सोनिया गांधी ने कहा कि उन्होंने कभी डायरी नहीं लिखी। इसे वह अपनी एक बड़ी भूल मानती हैं। सोनिया गांधी ने कहा कि उन्होंने किताब के माध्यम से अपनी भावनाएं व्यक्त करने और अपने परिवार के बारे में उन बातों को साझा करने की कोशिश की है, जिन्हें वह सही मानती हैं। उन्होंने कहा कि उनके और उनके परिवार के बारे में कई ऐसी कहानियां गढ़ी गईं जिनका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं था। उन्होंने कहा कि राजनीति में उनके सहयोगियों और मित्रों ने भी संभवत: इस तरह की परिस्थितियों का सामना किया होगा।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।