PM Modi Manila Visit: मनीला में खालसा दीवान गुरुद्वारे पहुंचे पीएम मोदी, आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और Quad समूह की बैठक पर रहेगी नजर

PM Modi Manila Visit: फिलीपींस में कूटनीतिक बैठकों के अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को मनीला के 100 साल से भी अधिक पुराने ऐतिहासिक गुरुद्वारा खालसा दीवान में पुनर्विकास कार्यों की शुरुआत के मौके पर आयोजित समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने सिख समुदाय की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के महत्व को रेखांकित किया

अपडेटेड Nov 17, 2026 पर 9:40 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
PM Modi Manila Visit: प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को मनीला के 100 साल से भी अधिक पुराने ऐतिहासिक गुरुद्वारे में मत्था टेका

PM Modi Manila Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस वक्त फिलीपींस की राजधानी मनीला में हैं। यहां वह अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान के प्रमुख नेताओं के साथ 'क्वाड लीडर्स समिट' (Quad Leaders Summit) में हिस्सा लेंगे। सितंबर 2024 के बाद हो रहे इस पहले शिखर सम्मेलन में समुद्री सुरक्षा, सप्लाई चेन की मजबूती, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर और महत्वपूर्ण खनिजों जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की जा रही है। समिट से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार सुबह मनीला में गुरुद्वारा खालसा दीवान पहुंचें।

फिलीपींस में कूटनीतिक बैठकों के अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार सुबह मनीला के 100 साल से भी अधिक पुराने ऐतिहासिक गुरुद्वारा खालसा दीवान में पुनर्विकास कार्यों की शुरुआत के मौके पर आयोजित समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने सिख समुदाय की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के महत्व को रेखांकित किया।

गुरुद्वारा खालसा दीवान फिलीपींस में सिख समुदाय की आस्था और एकजुटता का प्रमुख केंद्र है। इस अवसर को भारत और फिलीपींस के बीच सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सोमवार को सोशल मीडिया पर अपनी इस भागीदारी की जानकारी देते हुए उन्होंने लिखा कि 17 नवंबर एक बहुत ही खास दिन है। उन्हें इस ऐतिहासिक गुरुद्वारे के पुनर्विकास कार्य की शुरुआत के समारोह में शामिल होने का सौभाग्य मिलेगा।


रात्रिभोज में शामिल हुए पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर मार्कोस जूनियर की ओर से आसियान शिखर सम्मेलन और इससे संबंधित बैठकों में हिस्सा लेने आए नेताओं एवं गणमान्य व्यक्तियों के सम्मान में आयोजित रात्रिभोज में शिरकत की। यह रात्रिभोज मनीला स्थित फिलीपींस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र में आयोजित किया गया। इस अवसर पर PM मोदी ने 'बारोंग तागालोग' पहना, जो फिलीपींस के पुरुषों की पारंपरिक औपचारिक पोशाक है।

स्थानीय मीडिया की खबरों के मुताबिक, रात्रिभोज में पारंपरिक व्यंजन परोसे गए। PM मोदी मंगलवार को होने वाले 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए मनीला पहुंचे हैं। वह राष्ट्रपति मार्कोस के निमंत्रण पर फिलीपीन की यात्रा पर हैं। फिलीपींस के सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री रॉबर्ट जोसेफ जे मोंटेस डी क्लारो ने एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया।

PM मोदी का गर्मजोशी से स्वागत

होटल पहुंचने पर भारतीय समुदाय के लोगों ने PM मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय कलाकारों की ओर से प्रस्तुत पारंपरिक गीतों और नृत्य कार्यक्रम का आंनद लिया। दोनों देशों के बच्चों ने पीएम मोदी के समक्ष 'पूर्ण कुंभ श्लोक' का पाठ किया। इसके अलावा बॉलीवुड गीतों और भांगड़ा भी देखने को मिला। पीएम मोदी के लिए इलिगन शहर के 'इंटीग्रेटेड परफॉर्मिंग आर्ट्स गिल्ड' की ओर से रामायण की विशेष प्रस्तुति भी आयोजित की गई, जिसमें वहां की पारंपरिक शैली का समावेश था।

क्वाड समूह की बैठक पर रहेगी नजर

पीएम मोदी मंगलवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित होने वाले 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन (ईएएस) में भाग लेंगे। साल 2026 के लिए आसियान अध्यक्ष के तौर पर फिलीपींस इन बैठकों की मेजबानी कर रहा है।

दो साल बाद Quad नेताओं की बड़ी बैठक

49वें आसियान शिखर सम्मेलन के बीच होने वाली क्वाड समूह की बैठक पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी रहेंगी। करीब दो साल के अंतराल के बाद भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष नेता एक साथ मंच शेयर करने जा रहे हैं। इससे पहले सितंबर 2024 में अमेरिका के डेलावेयर में क्वाड नेताओं की शिखर बैठक हुई थी। मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और विदेश मंत्री मार्को रूबियो के मनीला पहुंचने का शेड्यूल है। इस बैठक में पीएम मोदी के साथ राष्ट्रपति ट्रंप, जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के पीएम एंथनी अल्बनीज के शामिल होने की उम्मीद है। हिंद-प्रशांत क्षेत्र में बदलते सुरक्षा समीकरण, समुद्री व्यापार रूट्स की सुरक्षा और चीन के बढ़ते प्रभाव के मद्देनजर यह बैठक बेहद अहम मानी जा रही है।

आसियान-भारत साझेदारी और भविष्य की दिशा

23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में दोनों पक्षों के बीच 'व्यापक रणनीतिक साझेदारी' को लागू करने की दिशा में हुई प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इसमें 2026 से 2030 तक की 'आसियान-भारत कार्य योजना' भी शामिल है। यह मंच मौजूदा सहयोग का आकलन करने और भारत एवं आसियान सदस्य देशों के बीच भविष्य के रिश्तों की रूपरेखा तय करने का अवसर देगा। वहीं, 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में नेता प्रमुख क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों के साथ-साथ साझा हितों से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार साझा करेंगे।

ये भी पढ़ें- Latest Jobs News: रिटायरमेंट के बाद अब इस सरकारी पोर्टल से मिलेगा काम, घर बैठे अपनी शर्तों पर करें नौकरी, जानें- सभी डिटेल्स

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।