Latest Jobs News: रिटायरमेंट के बाद अब इस सरकारी पोर्टल से मिलेगा काम, घर बैठे अपनी शर्तों पर करें नौकरी, जानें- सभी डिटेल्स

Latest Jobs News: रिटायरमेंट के बाद भी नौकरी और कमाई के अवसर तलाशने वाले लोगों के लिए केंद्र सरकार का नेशनल करियर सर्विस (NCS) पोर्टल मददगार साबित हो सकता है। इस पोर्टल के जरिए रिटायर्ड व्यक्ति अपनी योग्यता, अनुभव और रुचि के अनुसार नौकरी खोज सकते हैं। इसके लिए उन्हें NCS की आधिकारिक वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन कर अपनी प्रोफाइल बनानी होगी

अपडेटेड Nov 16, 2026 पर 4:28 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Latest Jobs News: रिटायरमेंट के बाद भी अनुभवी लोग अपनी शर्तों पर काम करके आर्थिक रूप से सक्रिय रह सकते हैं

Jobs After Retirement: नौकरी से रिटायरमेंट का मतलब अब कामकाज और कमाई पर विराम लगना नहीं है। अगर आपके पास सालों का अनुभव, काम करने का जज्बा और कुछ नया करने की इच्छाशक्ति है, तो रिटायरमेंट के बाद भी आप अपनी शर्तों पर काम कर सकते हैं। खास बात यह है कि इसके लिए आपको नौकरी की तलाश में इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं होगी। केंद्र सरकार का नेशनल करियर सर्विस (NCS) पोर्टल अनुभवी और रिटायर्ड लोगों को रोजगार के अवसर तलाशने में मदद कर सकता है।

अनुभव बनेगा कमाई का जरिया, घर बैठे खोज सकेंगे मनपसंद काम

रिटायरमेंट के बाद कई लोगों के पास अच्छा खासा अनुभव होता है। लेकिन उम्र और समय की परिस्थितियों के चलते वे दोबारा नियमित नौकरी नहीं करना चाहते। ऐसे लोगों के लिए NCS पोर्टल एक उपयोगी माध्यम बन सकता है। यहां अपनी योग्यता, अनुभव, रुचि और उपलब्ध समय के अनुसार नौकरी के अवसर तलाशे जा सकते हैं। इसका फायदा उन लोगों को मिल सकता है जो रिटायरमेंट के बाद भी एक्टिव रहना चाहते हैं। अपनी आर्थिक स्वतंत्रता बनाए रखना चाहते हैं। खास बात यह है कि अपनी सुविधा के अनुसार काम और अवसर तलाशने का विकल्प मिलता है।


नौकरी पाने के लिए अपनाएं ये 4 आसान कदम

1. NCS पोर्टल पर करें रजिस्ट्रेशन

  • सबसे पहले नेशनल करियर सर्विस की आधिकारिक वेबसाइट https://www.ncs.gov.in पर जाएं। यहां जॉब सीकर के रूप में अपना रजिस्ट्रेशन करें। इसके लिए जरूरी व्यक्तिगत जानकारी दर्ज करें।

2. अपनी प्रोफाइल को बनाएं मजबूत

  • रजिस्ट्रेशन के बाद अपनी शैक्षणिक योग्यता, पुराने कार्य अनुभव, टेक्निकल जानकारी और अन्य कौशल की डिटेल्स भरें। अपनी प्रोफाइल में यह भी बताएं कि आप किस तरह का काम करना चाहते हैं।

3. अपनी शर्तों के अनुसार चुनें नौकरी

नौकरी तलाशते समय काम का प्रकार, लोकेशन, दूरी, वेतन और काम के समय जैसी बातों पर ध्यान दें। अपनी सुविधा के अनुसार घर से काम करने वाले या पार्ट टाइम अवसर भी तलाश सकते हैं।

4. पोर्टल की मदद से आगे बढ़ाएं करियर

अपनी पसंद की नौकरी मिलने पर आवेदन करें और संबंधित नियोक्ता से संपर्क करें। जरूरत पड़ने पर करियर सेंटर की मदद भी ली जा सकती है।

रिटायरमेंट के बाद इन क्षेत्रों में आजमा सकते हैं हाथ

रिटायर्ड लोगों के पास अपने लंबे अनुभव के आधार पर कई क्षेत्रों में काम करने का अवसर हो सकता है। उदाहरण के तौर पर:-

  • टीचिंग और ट्रेनिंग: स्कूल, कोचिंग और संस्थानों में पढ़ाने का काम।
  • कंसल्टेंसी: अपने पुराने पेशे से जुड़े लोगों और कंपनियों को सलाह देना।
  • अकाउंटिंग: वित्तीय और लेखा संबंधी काम।
  • प्रशासनिक कार्य: ऑफिस मैनेजमेंट एंड सुपरविजन।
  • ऑनलाइन काम: अपनी विशेषज्ञता के अनुसार घर से काम करने के अवसर।

अप्लाई करने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

NCS पोर्टल पर प्रोफाइल बनाते समय अपनी सही जानकारी दें। जैसे अनुभव को स्पष्ट रूप से लिखें। नौकरी के लिए आवेदन करने से पहले सैलरी, काम की जिम्मेदारी और टाइमिंग की जानकारी जरूर लें। किसी भी नौकरी के नाम पर पैसे मांगने वाले लोगों से सावधान रहें।

उम्र नहीं, अनुभव बनेगा आपकी सबसे बड़ी ताकत

रिटायरमेंट के बाद जीवन का एक नया अध्याय शुरू किया जा सकता है। जरूरी नहीं कि हर व्यक्ति दोबारा फुल टाइम नौकरी ही करे। अपनी रुचि और क्षमता के मुताबिक पार्ट टाइम काम, सलाहकार की भूमिका या अन्य रोजगार विकल्प चुनकर आर्थिक रूप से सक्रिय रहा जा सकता है। नेशनल करियर सर्विस पोर्टल की मदद से अनुभवी लोग रिटायरमेंट के बाद भी रोजगार के नए अवसर तलाश सकते हैं। यानी अब रिटायरमेंट के बाद आराम के साथ-साथ अपनी पसंद का काम और कमाई करने का रास्ता भी खुला है।

ये भी पढ़ें- Punjab Election 2027: पंजाब में फिर साथ आएंगे BJP और अकाली दल? गुरु नानक जयंती पर हो सकता है गठबंधन का ऐलान, जानें- किसे कितनी सीटें मिलेंगी

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "रिटायरमेंट के बाद भी व्यक्ति का अनुभव, हुनर और क्षमता समाज की बड़ी पूंजी है। वरिष्ठ नागरिकों और सेवानिवृत्त लोगों को उनकी योग्यता एवं सुविधा के अनुसार रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार का नेशनल करियर सर्विस (NCS) पोर्टल एक उपयोगी पहल है। इस पोर्टल के माध्यम से वे अपनी पसंद का काम तलाश सकते हैं और देशभर में स्थापित 407 मॉडल करियर सेंटरों से मार्गदर्शन भी प्राप्त कर सकते हैं। भाजपा सरकार का प्रयास है कि हर उम्र में लोगों का अनुभव देश के विकास में योगदान देता रहे और वे आत्मनिर्भर एवं सक्रिय बने रहें।"

आधिकारिक वेबसाइट पर करें अप्लाई: https://www.ncs.gov.in

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।