'सपा गुंडागर्दी की पर्याय है'; अखिलेश यादव के रोडशो में युवक की मौत पर भड़के सीएम योगी, अधिकारियों को दिए ये निर्देश

UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर में समाजवादी पार्टी (SP) प्रमुख अखिलेश यादव के रोडशो के दौरान 13 साल के एक लड़के की मौत पर सपा की कड़ी आलोचना की। सीएम योगी ने सपा को गुंडागर्दी और कानून-व्यवस्था की कमी का पर्याय बताया। साथ ही जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई का वादा किया

अपडेटेड Nov 19, 2026 पर 4:29 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
UP News: सीएम योगी ने कहा कि नाबालिग लड़के को सपा ने अपने रोड शो का शिकार बना दिया

UP News: गोरखपुर में बुधवार (18 नवंबर) को समाजवादी पार्टी (SP) के प्रमुख अखिलेश यादव के रोडशो के दौरान कथित रूप से एक जेसीबी मशीन की चपेट में आने से 13 साल के लड़के की मौत हो गई। इस घटना के बाद पीड़ित के परिवार और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस बीच, सत्तारूढ़ पार्टी बीजेपी तथा विपक्षी सपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप भी शुरू हो गया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार (19 नवंबर) को युवक की मौत पर सपा की कड़ी आलोचना की। मुख्यमंत्री ने पार्टी को गुंडागर्दी और कानून-व्यवस्था की कमी का पर्याय बताया और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई का वादा किया।

क्या है पूरा मामला?

पीड़ित परिवार के अनुसार, बीजेपी नेता ओंकार सिंह के बेटे आर्यवर्धन को बुधवार दोपहर करीब 2.30 बजे कथित तौर पर जेसीबी ने टक्कर मार दी। घटना के वक्त आर्यवर्धन अपनी बहन समृद्धि को लेने के लिए पास के एक चौराहे की ओर जा रहा था। परिवार और पुलिस ने पीटीआई को बताया कि केंद्रीय विद्यालय, नंद नगर के कक्षा 10 के छात्र आर्यवर्धन को एम्स गोरखपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


पुलिस ने कहा कि जेसीबी चालक और रोडशो के आयोजकों की भूमिका की जांच की जा रही है। जांच के नतीजों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना बुधवार को उस वक्त हुई जब अखिलेश यादव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह क्षेत्र गोरखपुर में अपनी 'रथ यात्रा' निकाल रहे थे। किशोर की मौत से परिवार के सदस्यों और BJP कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। उन्होंने पुलिस पर कार्रवाई में देरी करने का आरोप लगाया है।

66 लोगों पर FIR दर्ज

मुख्यमंत्री आदित्यनाथ के निर्देश पर गोरखपुर के मेयर मंगलेश श्रीवास्तव और स्थानीय विधायक सरवन निषाद ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उनके प्रति संवेदना जताई। जिलाधिकारी ने कहा कि परिवार की मांगों को गंभीरता से लिया गया है। संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए है। लड़के के पिता की शिकायत पर गुरुवार को एम्स थाने में 66 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई। इनमें जेसीबी चालक साधु यादव उर्फ साधु भैया, मनोज यादव, मृत्युंजय यादव उर्फ बिट्टू, योगेश यादव और चंद्र प्रकाश के अलावा 60 अज्ञात लोग शामिल हैं।

सीएम योगी हुए हमलावर

गोरखपुर जिले के कैंपियरगंज में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम आदित्यनाथ ने उस घटना का जिक्र किया। उन्होंने पूछा, "उस मासूम लड़के की क्या गलती थी, जो मुश्किल से 13 साल का था?" उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने उस बच्चे को अपने रोडशो का शिकार बना दिया। मुख्यमंत्री ने सपा को गुंडागर्दी, अराजकता, दंगों और कर्फ्यू का पर्याय बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पार्टी माफिया तत्वों से जुड़ी हुई है। इसने बार-बार जनता को धोखा दिया है और उनका शोषण किया है।

सपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, "जैसे कुत्ते की पूंछ कभी सीधी नहीं हो सकती, वैसे ही इन गुंडों और माफियाओं को तब तक नहीं सुधारा जा सकता, जब तक कि उन्हें डंडे से सीधा न किया जाए।" आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार ने गुंडागर्दी पर लगाम लगाई है। अब ऐसे तत्वों पर फिर से सख्ती बरतने की तैयारी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक अच्छे स्कूल में पढ़ने वाला और अपने परिवार के साथ रहने वाला यह लड़का बेहद क्रूर तरीके से मारा गया। उन्होंने माफिया और गुंडागर्दी का समर्थन करने वालों की आलोचना की, जिन्होंने इस घटना पर संवेदना तक नहीं जताई।

सीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

सीएम योगी ने आगे कहा, "मैं इस मासूम लड़के की मौत पर अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। आज शाम मैं उसके परिवार से भी मिलूंगा और उनके प्रति अपनी सहानुभूति जताऊंगा।" मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया है कि सड़कों पर अव्यवस्था फैलाने वालों की पहचान की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि उन्हें सजा मिले। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सड़कें इसलिए बनाई गई हैं ताकि आम जनता का आना-जाना आसान हो सके, न कि इसलिए कि सपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता वहां हंगामा खड़ा करें।

मुख्यमंत्री ने कहा, "अच्छी सड़कें इसलिए नहीं बनाई गई हैं कि सपा और कांग्रेस के गुंडे आएं और अव्यवस्था फैलाएं। अगर कोई फिर से माफिया जैसा बर्ताव करने की कोशिश करेगा, तो ऐसे माफिया को कुचलने में कोई देरी नहीं की जाएगी।" आदित्यनाथ ने उन लोगों को भी चेतावनी दी जो जनसमर्थन पाने के लिए जबरन हंगामा खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने ऐसे लोगों को बार-बार नकारा है और 2027 के चुनाव में भी वे ऐसा ही करने के लिए तैयार हैं।

उन्होंने कहा कि महिलाएं और लड़कियां आज बेखौफ होकर आ-जा सकती हैं, क्योंकि उन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार पर भरोसा है कि वह उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो कोई भी गरीबों की जमीन पर कब्जा करेगा या महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करेगा, उसे या तो जेल जाना होगा या फिर नर्क, इसके अलावा कोई तीसरा विकल्प नहीं है।

गोरखपुर के सांसद ने क्या कहा?

गोरखपुर से सांसद और BJP नेता रवि किशन ने किशोर की मौत पर गहरा दुख जताया। उन्होंने ऐसी राजनीतिक संस्कृति पर सवाल उठाए जिससे इंसानी जान खतरे में पड़ रही है। रवि किशन ने गुरुवार को कहा, "ओंकार सिंह मेरे दोनों चुनाव के दौरान मेरे साथ थे। उनके छोटे बेटे को कुचलकर मार दिया गया। राजनीतिक पद और सत्ता तो आती-जाती रहती है। लेकिन यह कैसी राजनीति है, जहां जीतने की चाहत में किसी की जान चली जाए? राजनीति में भी इंसान को अपनी मानवता नहीं खोनी चाहिए और जानवर नहीं बन जाना चाहिए।"

जिलाधिकारी का बयान

जिलाधिकारी (डीएम) दीपक मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कौस्तुभ और पुलिस अधीक्षक (एसपी) नगर निमिश पाटिल कई थानों से पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन द्वारा परिवार को उनकी मांगें पूरी करने का आश्वासन दिए जाने के बाद रात करीब आठ बजे विरोध-प्रदर्शन खत्म हुआ। BJP के चुनाव आयोग संपर्क विभाग के जिला सह-संयोजक ओंकार सिंह ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई। उत्तर प्रदेश के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने भी इस घटना को लेकर यादव पर निशाना साधा।

अखिलेश यादव का आया बयान

युवक की मौत सीएम योगी के बयान के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव का भी बयान सामने आ गया है। अखिलेश ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लटेफॉर्म X पर लिखा, "किसी मासूम की हादसे में हुई मृत्यु से हम सब आहत हैं और परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते है। अपने लोगों से उस परिवार से मिलकर उनकी हर संभव सहायता करने के लिए कह चुके हैं। इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे पर राजनीति करनेवाले लोग याद रखें कि उन्होंने लखनऊ अग्निकांड में युवा मृतक की दुखी मां के साथ कैसा दुर्व्यवहार करते हुए उन्हें धमकी दी थी। शोक का नाटक करनेवालों का स्वांग जनता समझ चुकी है।"

सपा का पलटवार

इसके जवाब में समाजवादी पार्टी के मीडिया सेल ने लखनऊ की 2024 की एक घटना का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के काफिले की गाड़ियों ने अर्जुनगंज के पास सड़क किनारे काम कर रहे मजदूरों को कुचल दिया था, जिसमें कई लोग मारे गए थे। साथ ही अन्य घायल हुए थे। सपा ने x पर किए गए पोस्ट में आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री पीड़ितों का हाल जानने के लिए वहां नहीं रुके और बाद में इस घटना को दबा दिया गया।

एक अन्य पोस्ट में सपा मीडिया सेल ने गोरखपुर घटना का सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे यह साफ हो सकेगा कि असल में क्या हुआ था। साथ ही तथ्यों को आरोपों से अलग करने में मदद मिलेगी। पोस्ट में कहा गया, "गोरखपुर में हुए दुखद सड़क हादसे की सच्चाई इस सीसीटीवी फुटेज और AI तकनीक के जरिए सामने आ सकती है। इससे सच और झूठ का फर्क पता चल सकता है।"

ये भी पढ़ें- Greater Agra Project: ₹1.65 लाख से शुरू है रजिस्ट्रेशन फीस! आगरा विकास प्राधिकरण ने निकाली 744 प्लॉट्स की योजना; 2 दिसंबर है आखिरी तारीख

साथ ही, सपा की तरफ से यह मांग भी की गई है कि इस फुटेज को सार्वजनिक किया जाए ताकि लोग इसे देख सकें। समाजवादी पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि एक साजिश के तहत इस हादसे को सपा से जोड़ने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और उनके खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।