Greater Agra Project: ₹1.65 लाख से शुरू है रजिस्ट्रेशन फीस! आगरा विकास प्राधिकरण ने निकाली 744 प्लॉट्स की योजना; 2 दिसंबर है आखिरी तारीख
Greater Agra Project: आगरा विकास प्राधिकरण की ग्रेटर आगरा परियोजना के तहत गोमतीपुरम टाउनशिप में 744 आवासीय भूखंडों के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है। भूखंडों की दर ₹33,000 प्रति वर्ग मीटर निर्धारित की गई है। योजना में 100 से 250 वर्ग मीटर से अधिक तक की पांच कैटेगरी के प्लॉट शामिल हैं। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 2 दिसंबर 2026 तक चलेगा
Greater Agra Project: इच्छुक आवेदक ADA की आधिकारिक वेबसाइट या जनहित पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं
Greater Agra Project: ताजनगरी आगरा के सुनियोजित विकास और आवासीय सुविधाओं के विस्तार की दिशा में आगरा विकास प्राधिकरण (ADA) ने 'ग्रेटर आगरा प्रोजेक्ट' के तहत गोमतीपुरम टाउनशिप में आवासीय भूखंडों के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस योजना के अंतर्गत कुल 744 आवासीय भूखंड उपलब्ध कराए जा रहे हैं। आगरा विकास प्राधिकरण की ओर से जारी डिटेल्स के अनुसार भूखंडों की दर ₹33,000 प्रति वर्ग मीटर निर्धारित की गई है। इस स्कीम को उन लोगों के लिए एक अवसर के रूप में पेश किया गया है, जो आगरा में अपना घर बनाने के लिए नियोजित आवासीय क्षेत्र में जमीन खरीदना चाहते हैं।
744 भूखंडों के लिए अलग-अलग कैटेगरी
स्थानीय अखबारों में जारी विज्ञापन के मुताबिक, गोमतीपुरम टाउनशिप में भूखंडों को क्षेत्रफल के आधार पर A, B, C, D और E कैटेगरी में बांटा गया है। इनमें 100 वर्ग मीटर से लेकर 250 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्रफल तक के भूखंड शामिल हैं:-
कैटेगरी भूखंडों की संख्या क्षेत्रफल
A 140 100 वर्ग मीटर तक
B 417 101-150 वर्ग मीटर
C 117 151–200 वर्ग मीटर
D 25 201–250 वर्ग मीटर
E 45 250 वर्ग मीटर से अधिक
कुल 744
सबसे अधिक 417 भूखंड कैटेगरी B में रखे गए हैं। वहीं, 100 वर्ग मीटर तक के 140 भूखंड उन लोगों के लिए विकल्प हो सकते हैं, जो अपेक्षाकृत छोटे आकार का प्लॉट चाहते हैं।
कितनी जमा करनी होगी रजिस्ट्रेशन फीस?
आगरा विकास प्राधिकरण की ओर से जारी एक विज्ञापन में आरक्षित और अनारक्षित कैटेगरी के आवेदकों के लिए अलग-अलग रजिस्ट्रेशन राशि दर्शाई गई है, जो इस प्रकार है:-
कैटेगरी A: ₹1.65 लाख और ₹3.30 लाख
कैटेगरी B: ₹2.475 लाख और ₹4.95 लाख
कैटेगरी C: ₹3.30 लाख और ₹6.60 लाख
कैटेगरी D: ₹4.125 लाख और ₹8.25 लाख
कैटेगरी E: ₹4.95 लाख और ₹9.90 लाख
पहली राशि आरक्षित और दूसरी अनारक्षित कैटेगरी के लिए विज्ञापन में दिखाई गई है। आवेदन से पहले संबंधित कैटेगरी, आरक्षण और भुगतान की शर्तें आधिकारिक वेबसाइट से जरूर मिलान कर लें। भूखंड की वास्तविक कीमत उसके क्षेत्रफल और निर्धारित दर के आधार पर होगी।
2 दिसंबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन
गोमतीपुरम टाउनशिप के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 2 नवंबर 2026 से शुरू हुई है। अप्लाई करने की आखिरी तारीख 2 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक आवेदक आगरा विकास प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट और जनहित पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं:-
ADA की वेबसाइट: https://www.adaagra.org.in/ (www.adaagra.org.in)
जनहित पोर्टल: https://janhit.upda.in/
रायपुर और रहनकलां क्षेत्र में विकसित हो रही टाउनशिप
गोमतीपुरम टाउनशिप 'ग्रेटर आगरा प्रोजेक्ट' का हिस्सा है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार इसे आगरा के रायपुर और रहनकलां क्षेत्र में लगभग 49.45 हेक्टेयर भूमि पर विकसित किया जा रहा है। वहीं, पूरी ग्रेटर आगरा परियोजना मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत विकसित की जा रही है।
योजना में केवल आवासीय भूखंड ही नहीं, बल्कि बेहतर शहरी सुविधाओं को भी ध्यान में रखा गया है। अधिकारियों के अनुसार टाउनशिप के विकास में हरित क्षेत्र, चौड़े फुटपाथ, भूमिगत बिजली केबल, खुले स्थान और मनोरंजन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसका उद्देश्य भविष्य में विकसित होने वाली आवासीय आबादी को व्यवस्थित और बेहतर शहरी वातावरण उपलब्ध कराना है।
ग्रेटर आगरा से शहर के विस्तार को मिलेगी नई दिशा
आगरा विकास प्राधिकरण की यह परियोजना शहर के नियोजित विस्तार की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। प्राधिकरण इससे पहले गंगापुरम और नर्मदापुरम जैसी टाउनशिप में भी आवासीय भूखंड उपलब्ध करा चुका है। गोमतिपुरम को भी इसी क्रम में विकसित किया जा रहा है। हालांकि, भूखंड खरीदने की योजना बना रहे लोगों को सिर्फ विज्ञापन के आधार पर निर्णय नहीं लेना चाहिए।
पेमेंट से पहले उन्हें भूखंड का वास्तविक क्षेत्रफल, लोकेशन, आवंटन की शर्तें, भुगतान प्रक्रिया और विकास कार्यों की स्थिति आधिकारिक दस्तावेजों से जांचनी चाहिए। फिलहाल इच्छुक आवेदकों के पास 2 दिसंबर 2026 तक रजिस्ट्रेशन कराने का अवसर है। 744 भूखंडों की इस योजना में आवेदन करने से पहले आधिकारिक ब्रोशर का अध्ययन करना जरूरी है।