दिल्ली की जहरीली हवा पर सुप्रीम कोर्ट की चुटकी! बेटे को सिंगापुर से भारत लाने की बात पर जज बोले- 'पहले AQI सुधरने दीजिए'

Delhi Air Pollution: दिल्ली के खराब एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) पर सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार (18 नवंबर) को बच्चे की कस्टडी से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान हल्के-फुल्के अंदाज में टिप्पणी की। सिंगापुर में रह रहे बेटे को दिल्ली लाने की पिता की इच्छा पर जज ने कहा कि पहले AQI थोड़ा नीचे आने दीजिए, क्योंकि सिंगापुर बहुत साफ है। इस दौरान वरिष्ठ वकील सिद्धार्थ लूथरा ने भी प्रदूषण को लेकर मजाकिया टिप्पणी की

अपडेटेड Nov 19, 2026 पर 1:23 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Delhi Air Pollution: दिल्ली की जहरीली हवा पर सुप्रीम कोर्ट की चुटकी ली है जो चर्चा का विषय बना हुआ है

Delhi Air Pollution: देश की राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण का मुद्दा एक बार फिर चर्चा का विषय बना हुआ है। दिल्ली की खराब एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) को लेकर बुधवार (18 नवंबर) को सुप्रीम कोर्ट में भी हल्के-फुल्के अंदाज में टिप्पणी सुनने को मिली। बच्चे की कस्टडी से जुड़े एक मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट के जज जस्टिस जेबी पारदीवाला ने दिल्ली की जहरीली हवा पर चुटकी लेते हुए एक पिता को सलाह दी कि वह अपने सिंगापुर में रह रहे बेटे को फिलहाल दिल्ली न लाएं। उन्होंने कहा कि पहले दिल्ली का AQI थोड़ा सुधरने दें। पीठ ने पिता को सलाह दी कि जब तक प्रदूषण का स्तर सुधर नहीं जाता, तब तक वे सिंगापुर में रह रहे अपने बेटे को दिल्ली न लाएं।

जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस केवी विश्वनाथन की पीठ एक लंबे समय से चल रहे बच्चे की कस्टडी विवाद पर सुनवाई कर रही थी। इस मामले में दिल्ली में रहने वाले पिता ने आरोप लगाया था कि उनकी अलग रह रही पत्नी अदालत के मुलाकात संबंधी आदेश के बावजूद बच्चों को सिंगापुर ले गई थीं। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने पति-पत्नी से बातचीत की। इस दौरान उनका छोटा बेटा भी सिंगापुर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ऑनलाइन कार्यवाही में शामिल हुआ।

पिता को सिंगापुर जाने और बच्चों से मिलने का सुझाव


सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने पिता को सुझाव दिया कि वह समय-समय पर सिंगापुर जाकर अपने बेटे से मिल सकते हैं। इसके अलावा अदालत ने यह भी सुझाव दिया कि उनकी बेटी एक हफ्ते उनके साथ बिताने के लिए आ सकती है। पिता ने अदालत के इस सुझाव का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह भी अच्छा होगा अगर उनका बेटा स्कूल की छुट्टियों के दौरान दिल्ली आकर उनके साथ समय बिता सके। इसी बात पर जस्टिस जेबी पारदीवाला ने मुस्कुराते हुए कहा, "कुछ व्यवस्था कीजिए। लेकिन पहले AQI थोड़ा नीचे आने दीजिए, क्योंकि सिंगापुर बहुत साफ है।"

वकील ने भी दिल्ली के प्रदूषण पर किया मजाक

सुनवाई के दौरान वरिष्ठ वकील सिद्धार्थ लूथरा ने भी इस बातचीत में हिस्सा लिया। उन्होंने प्रदूषण पर टिप्पणी करते हुए कहा कि AQI से बचने के लिए उन्हें भी सिंगापुर जाने का सुझाव देना चाहिए। इस पर जस्टिस पारदीवाला ने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया, "अगले जन्म में। हमारे अगले जन्म में...।" अदालत में हुई इस हल्की-फुल्की बातचीत ने दिल्ली के वायु प्रदूषण की गंभीर समस्या को एक बार फिर चर्चा में ला दिया। बता दें कि दिल्ली में प्रदूषण का स्तर बढ़ने पर हर साल लोगों को खराब हवा, सांस लेने में परेशानी और स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों का सामना करना पड़ता है।

'खराब' कैटेगरी दिल्ली का AQI

गुरुवार 19 नवंबर को दिल्ली में इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी सुबह दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान गिरकर 10.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 1.7 डिग्री कम है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिन के समय हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

ये भी पढ़ें- UP Election 2027: यूपी में सपा-कांग्रेस सीट शेयरिंग का पेच! 334 सीटों पर सपा का दावा, कांग्रेस के लिए बचीं सिर्फ 69 सीटें?

वहीं, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार सुबह 9:00 बजे दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 289 दर्ज किया गया, जो 'खराब' (poor) कैटेगरी में आता है। CPCB के मानकों के अनुसार, 0–50 के बीच का AQI 'अच्छा', 51–100 'संतोषजनक', 101–200 'मध्यम', 201–300 'खराब', 301–400 'बहुत खराब' और 401–500 'गंभीर' माना जाता है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।