UP Election 2027: यूपी में सपा-कांग्रेस सीट शेयरिंग का पेच! 334 सीटों पर सपा का दावा, कांग्रेस के लिए बचीं सिर्फ 69 सीटें?
UP Election 2027: अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी (SP) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर पेंच फंसता दिख रहा है। सपा मुखिया अखिलेश यादव की 334 सीटों पर दावेदारी से कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। जानिए पूरा मामला
UP Election 2027: समाजवादी पार्टी सहयोगी दल कांग्रेस को 100 से ज्यादा सीटें देने के मूड में नहीं है
UP Election 2027: अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी (SP) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर अभी से खींचतान शुरू होती दिखाई दे रही है। समाजवादी पार्टी, कांग्रेस को 100 से ज्यादा सीटें देने के मूड में नहीं है। NDTV की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सपा नेतृत्व उन विधानसभा सीटों पर समझौता करने को तैयार नहीं है, जहां पार्टी ने 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की थी या दूसरे नंबर पर रही थी। सपा के इस रुख से कांग्रेस के सामने सीटों को लेकर बड़ी चुनौती खड़ी हो सकती है।
दोनों दलों के बीच अभी औपचारिक रूप से सीट बंटवारे की बातचीत शुरू नहीं हुई है। लेकिन संभावित समझौते को लेकर मतभेद सामने आने लगे हैं। समाजवादी पार्टी का जोर उम्मीदवारों की जीतने की क्षमता और अपने मजबूत चुनावी आधार पर है। वहीं, कांग्रेस चाहती है कि INDIA गठबंधन में उसकी राजनीतिक हैसियत और सम्मान का पूरा ध्यान रखा जाए।
NDTV की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि सोनिया गांधी की किताब के विमोचन के मौके पर नई दिल्ली में सपा प्रमुख अखिलेश यादव की राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा से मुलाकात के बाद दोनों दलों ने बातचीत शुरू करने के लिए अलग-अलग कमेटियां बनाने पर सहमति जताई है।
कौन-कौन होगा सीट बंटवारे की कमेटी में शामिल?
कांग्रेस की ओर से प्रस्तावित कमेटी में पार्टी के महासचिव केसी वेणुगोपाल, उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद को शामिल किए जाने की संभावना है। प्रियंका गांधी वाड्रा इस बातचीत की निगरानी कर सकती हैं। वहीं, समाजवादी पार्टी की ओर से वरिष्ठ नेता राजीव राय और धर्मेंद्र यादव समेत अन्य नेताओं को जिम्मेदारी दी जा सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों कमेटियों की बैठक 23 और 24 नवंबर को प्रस्तावित है।
334 सीटों पर सपा का दावा, कांग्रेस के लिए कितनी बचेंगी सीटें?
सीट बंटवारे में सबसे बड़ा पेंच समाजवादी पार्टी की 334 सीटों को लेकर है। सपा नेतृत्व का मानना है कि जिन विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी के विधायक मौजूद हैं या जहां 2022 के चुनाव में पार्टी दूसरे नंबर पर रही थी, उन सीटों को बातचीत से बाहर रखा जाना चाहिए। साल 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सपा ने 111 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इसके अलावा 223 सीटों पर पार्टी दूसरे स्थान पर रही थी। इस तरह कुल 334 सीटें ऐसी हैं, जहां सपा अपनी मजबूत चुनावी मौजूदगी का दावा कर रही है।
उत्तर प्रदेश में विधानसभा की कुल 403 सीटें हैं। अगर सपा अपने इस रुख पर कायम रहती है, तो बाकी दलों के साथ सीटों के बंटवारे के लिए सिर्फ 69 सीटें ही बचेंगी। ऐसे में कांग्रेस के लिए तीन अंकों यानी 100 से अधिक सीटें हासिल करना मुश्किल हो सकता है।
पहले RLD और ओपी राजभर को भी दी थीं सीटें
2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने छोटे सहयोगी दलों के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ा था। उस समय सपा ने राष्ट्रीय लोकदल (RLD) को 33 सीटें, ओम प्रकाश राजभर की सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी को 17 सीटें और अन्य छोटे सहयोगियों को चार सीटें दी थीं। हालांकि, अब जयंत चौधरी और ओम प्रकाश राजभर दोनों NDA का हिस्सा हैं। ऐसे में आगामी चुनाव में गठबंधन का समीकरण पहले से अलग हो सकता है।
अमेठी और रायबरेली पर भी कांग्रेस की नजर
कांग्रेस उत्तर प्रदेश में अपनी पारंपरिक राजनीतिक जमीन को मजबूत करने के लिए अमेठी और रायबरेली की विधानसभा सीटों पर भी दावा करना चाहती है। ये दोनों संसदीय क्षेत्र लंबे समय से कांग्रेस की राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण रहे हैं। हालांकि, इन संसदीय क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाली कई विधानसभा सीटों पर फिलहाल समाजवादी पार्टी के विधायक हैं। ऐसे में कांग्रेस की मांग और सपा के मौजूदा विधायकों की सीटों को लेकर टकराव की स्थिति बन सकती है।
अखिलेश यादव ने 181 सीटों की मांग का किया दावा
सीटों की संख्या को लेकर दोनों दलों के बीच मतभेद सार्वजनिक बयानों में भी दिखाई देने लगे हैं। अखिलेश यादव ने कहा है कि कांग्रेस ने 181 सीटों की मांग की थी। हालांकि, कांग्रेस की ओर से इस आंकड़े की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। वहीं, News18 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सपा सांसद एसपी सिंह पटेल ने कहा है कि कांग्रेस को 50 से अधिक सीटें नहीं दी जानी चाहिए और न ही उसे इससे ज्यादा सीटों की मांग करनी चाहिए। उन्होंने यह भी दावा किया कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को लोकसभा चुनाव में मिली छह सीटें समाजवादी पार्टी के समर्थन की वजह से हासिल हुई थीं।
कांग्रेस को क्यों चाहिए ज्यादा सीटें?
कांग्रेस का मानना है कि उत्तर प्रदेश में उसकी मौजूदगी गठबंधन को एक्स्ट्रा दलित और सवर्ण वोट दिलाने में मदद कर सकती है। पार्टी नेताओं का तर्क है कि 2022 के विधानसभा चुनाव के बाद राजनीतिक परिस्थितियों में बदलाव आया है और आगामी चुनाव में कांग्रेस की भूमिका पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो सकती है।
आपको बता दें कि 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 399 सीटों पर चुनाव लड़ा था। लेकिन उसे केवल दो सीटों पर जीत मिली थी। दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी ने 111 सीटें हासिल की थीं। फिलहाल दोनों दलों ने 2027 का विधानसभा चुनाव साथ लड़ने की इच्छा जताई है। हालांकि, सीटों का अंतिम फॉर्मूला क्या होगा, यह शुरुआती दौर की बातचीत के बाद राहुल गांधी और अखिलेश यादव के बीच तय होने की उम्मीद है।