UP Election 2027: 'अयोध्या से नामांकन दाखिल करें, तो मैं भी तैयार हूं'; CM योगी की अखिलेश यादव को खुली चुनौती

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी (SP) के प्रमुख अखिलेश यादव को सीधे चुनावी मुकाबले की चुनौती दी है। गोरखपुर के कैपियरगंज में एक कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने कहा कि अगर अखिलेश यादव अयोध्या से नामांकन दाखिल करते हैं तो वह भी मुकाबले के लिए तैयार हैं। योगी ने तंज कसते हुए कहा कि चुनौती देने वालों में आमने-सामने लड़ने की हिम्मत नहीं है

अपडेटेड Nov 19, 2026 पर 9:24 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
CM योगी ने कहा कि अखिलेश यादव अयोध्या से नामांकन दाखिल करते हैं तो वह भी मुकाबले के लिए तैयार हैं

UP Election 2027: समाजवादी पार्टी (SP) प्रमुख अखिलेश यादव की चुनौती को स्वीकार करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार (19 नवंबर) को कहा कि वह सीधे मुकाबले के लिए तैयार हैं। साथ ही सीएम योगी ने तंज कसते हुए कहा कि लेकिन चुनौती देने वालों में आमने-सामने का मुकाबला करने की हिम्मत नहीं है। गोरखपुर के कैपियरगंज क्षेत्र में राज्य के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय के भूमि पूजन और 792 करोड़ रुपये से अधिक की 55 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह को CM योगी संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विश्वविद्यालय का भूमि पूजन किया और कल्पवृक्ष का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने सपा प्रमुख का नाम लिए बिना कहा कि मुझे अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी गई है। सीएम योगी ने कहा कि अगर चुनौती देने वाला खुद वहां से नामांकन दाखिल करता है तो वह भी वहां से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा, "आपने कहा कि मुझे अयोध्या से चुनाव लड़ना चाहिए। मैंने कहा, आगे बढ़िए और अपना नामांकन दाखिल कीजिए, मैं भी अपना दाखिल कर दूंगा। आइए, एक बार सीधे एक-दूसरे के सामने हों। आप बेवजह परेशान क्यों हो रहे हैं।"

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने राम मंदिर आंदोलन का जिक्र करते हुए रामभक्तों पर गोली चलाने वालों की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने राम भक्तों पर गोलियां चलाईं, उन पर लाठियां बरसाईं और हिंदू आस्था के साथ खिलवाड़ किया, वे अब भगवान राम को याद कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "जब कोई भक्त हर समय-सोते, जागते, बैठते या खड़े होते-राम को याद करता है, तो भगवान राम उसकी रक्षा करते हैं।"


ओवैसी पर भी बरसे सीएम योगी

उन्होंने ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी का नाम लिए बगैर कहा कि हैदराबाद से आए मौलाना यहां मचल रहे हैं। उन्होंने यह टिप्पणी 2027 विधानसभा चुनाव के लिए आजाद समाज पार्टी और एआईएमआईएम के गठबंधन के संदर्भ में की। पीटीआई के मुताबिक आदित्यनाथ ने दावा किया, "इन लोगों (विपक्षी दलों) ने इतना लूटा है और विदेशों में इतनी बड़ी संपत्तियां जमा कर ली हैं कि उनकी कई पीढ़ियां वहां आराम से रह सकती हैं। उन्हें न देश की चिंता थी, न राज्य की।"

सपा-कांग्रेस पर 'गुंडागर्दी' का लगाया आरोप

मुख्यमंत्री ने सपा-कांग्रेस पर गुंडागर्दी को बढ़ावा देने, दंगाइयों को खुश करने और माफिया तत्वों के साथ साझेदारी करने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि अपने कार्यकाल के दौरान सपा ने कब्रिस्तानों के नाम पर दलितों, निषादों, यादवों, संथवारों, पासियों, ब्राह्मणों और अन्य समुदायों की जमीन हड़प ली थी, और सरकारी धन का इस्तेमाल करके चहारदीवारी बनवाई थी।

ये भी पढ़ें- 'सपा गुंडागर्दी की पर्याय है'; अखिलेश यादव के रोडशो में किशोर की मौत का आरोप! भड़के सीएम योगी, अधिकारियों को दिए ये निर्देश

सीएम योगी ने कहा, "अब अतिक्रमण करना संभव नहीं है और सरकार मंदिरों, धार्मिक स्थलों के जीर्णोद्धार, तालाबों, मूर्तियों और पार्कों पर पैसा खर्च कर रही है।" उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में अगले सत्र से पढ़ाई शुरू होगी और स्नातक, परास्नातक, पीएचडी और डिप्लोमा पाठ्यक्रम उपलब्ध होंगे। उन्होंने बताया कि अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को 500 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया गया है। साथ ही उन्होंने जल्द विशेष पैकेज देने की भी घोषणा की। उन्होंने एक दिन में 35 करोड़ और साढ़े नौ साल में 280 करोड़ पौधे लगाए जाने की जानकारी भी दी।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।