चुनाव आयोग ने ममता सरकार के टॉप अधिकारियों को हटाया, 13 जिलों के SP समेत 19 सीनियर अफसरों का तबादला

West Bengal Elections 2026: चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में एक साथ 13 जिलों के एसपी बदल दिए हैं। मंगलवार (17 मार्च) को कुल 19 अफसरों का तबादला कर दिया। ECI ने अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी), पुलिस अधीक्षक (एसपी) और कमिश्नर समेत 19 वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का तबादला करने का आदेश दिया है

अपडेटेड Mar 17, 2026 पर 3:08 PM
Story continues below Advertisement
West Bengal Elections 2026: चुनाव आयोग ने बंगाल में ममता सरकार के टॉप अधिकारियों को हटा दिया है

West Bengal Elections 2026: चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों से पहले 13 जिलों के SP समेत राज्य के 19 वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। आदेश के मुताबिक, जिन अधिकारियों के ट्रांसफर हुए हैं उनमें ADG, SP और कमिश्नर जैसे सीनियर अफसर शामिल हैं। निर्वाचन आयोग (ECI) ने मंगलवार (17 मार्च) को विधानसभा चुनाव से पहले एक और फेरबदल करते हुए पश्चिम बंगाल में अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी), पुलिस अधीक्षक (एसपी) और कमिश्नर समेत 19 वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का तबादला करने का आदेश दिया।

एक बयान के अनुसार, भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी राजेश कुमार सिंह को दक्षिण बंगाल का नया एडीजी नियुक्त किया गया है। जबकि के. जयरमन को उत्तर बंगाल का एडीजी बनाया गया है। दोनों 1997 बैच के अधिकारी हैं। इसके अलावा आसनसोल-दुर्गापुर, हावड़ा, बैरकपुर और चंदननगर के लिए नए पुलिस कमिश्नरों की नियुक्ति की गई है।

इसके अलावा 13 जिलों के पुलिस अधीक्षकों का भी तबादला किया गया है। बता दें कि पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होंगे। मतगणना चार मई को होगी।


इन अधिकारियों का भी तबादला

पश्चिम बंगाल के प्रशासनिक इतिहास में अभूतपूर्व कदम उठाते हुए चुनाव आयोग ने राज्य के शीर्ष नौकरशाहों और पुलिस अधिकारियों को हटा दिया है। इनमें मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) भी शामिल हैं। हालांकि आयोग ने पूर्व में अलग-अलग मामलों में बंगाल के शीर्ष प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों का ट्रांसफर किया है। लेकिन कभी भी राज्य के मुख्य सचिव, गृह सचिव, DGP, कोलकाता पुलिस कमिश्नर और एडीजी (कानून और व्यवस्था) को एक साथ ट्रांसफर नहीं किया गया। उन्हें चुनाव से संबंधित गतिविधियों में भाग लेने से मना नहीं किया गया।

विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा रविवार को होने के कुछ घंटों बाद ही इस प्रशासनिक फेरबदल का फैसला लिया गया। रविवार देर शाम जारी आयोग के पहले आदेश के तहत राज्य के दो शीर्ष नौकरशाहों, मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती और गृह सचिव जगदीश प्रसाद मीणा को हटा दिया गया। इसके बाद 16 मार्च के एक अन्य आदेश में राज्य के डीजीपी पीयूष पांडे और कोलकाता पुलिस कमिश्नर सुप्रतिम सरकार को भी पद से हटा दिया गया। वे बंगाल में चुनाव से पहले बदले गए भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के चार शीर्ष अधिकारियों में शामिल हैं।

आयोग ने 1993 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी और राज्य के उत्तर बंगाल विकास विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव दुष्यंत नरियाला को राज्य का मुख्य सचिव नियुक्त किया। आयोग ने 1997 बैच की आईएएस अधिकारी और महिला एवं बाल विकास विभाग की सचिव संघमित्रा घोष को पश्चिम बंगाल का गृह सचिव नियुक्त करने का आदेश दिया।

आयोग ने 1992 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सिद्धनाथ गुप्ता को पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया। जबकि अजय कुमार नंद (आईपीएस-1996) को कोलकाता पुलिस का नया आयुक्त बनाया। नंद इस पदस्थापना से पहले अपर महानिदेशक (एडीजी) (काउंटर इंसर्जेंसी फोर्स) के पद पर कार्यरत थे।

ये भी पढे़ं- West Bengal Elections 2026: न कोई बड़ा स्टार और न ही दलबदलू...'; बंगाल चुनाव के लिए BJP की पहली लिस्ट में क्या है खास?

आयोग ने एडीजी (कानून और व्यवस्था) विनीत गोयल के स्थान पर अजय मुकुंद रानाडे (आईपीएस-1995) को नियुक्त किया। तबादलों से पहले इस पद पर आसीन सिद्धनाथ गुप्ता के स्थान पर 1991 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी नटराजन रमेश बाबू को महानिदेशक (कारागार सेवाएं) के रूप में नियुक्त किया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।