Get App

लाइव ब्लॉग

Akhilesh Nath Tripathi APRIL 29, 2026 / 8:07 PM IST

West Bengal Exit Poll Result Highlights: बीजेपी या TMC...पश्चिम बंगाल में किसकी बन सकती है सरकार? देखें- सभी एग्जिट पोल्स के नतीजे एक साथ

West Bengal Exit Poll Result Highlights: कई एग्जिट पोल के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) प्रचंड बहुमत के साथ ऐतिहासिक जीत दर्ज कर सकती है। एक एग्जिट पोल के अनुसार, बंगाल में भगवा पार्टी को 294 विधानसभा सीटों में से 150 से 175 सीटें मिल सकती है। वहीं, ममता की TMC को 118 से 138 सीट मिलता दिख रहा है। बंगाल चुनाव के नतीजे चार मई को जारी किए जाएंगे

West Bengal Exit Poll Result Highlights: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण के लिए मतदान समाप्त हो गया है। दूसरे चरण में बुधवार को बंगाल के 142 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान हुआ। इसमें 1,64,35,627 पुरुष, 1,57,37,418 महिलाओं और 792 थर्ड जेंडर के मतदाताओं समेत कुल 3,21,73,837 मतदाता शामिल थे। पहले चरण में 152 सीट पर चुनाव के लिए मतदान 23 अप्रैल को हुआ था, जिसमें रिकॉर्

West Bengal Exit Poll Result Highlights: एक एग्जिट पोल्स के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में BJP को 150 से 175 सीटें मिल सकती हैं
West Bengal Exit Poll Result Highlights: एक एग्जिट पोल्स के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में BJP को 150 से 175 सीटें मिल सकती हैं
APRIL 29, 2026 / 8:03 PM IST

मनीकंट्रोल हिंदी के लाइव ब्लॉग के साथ बने रहने के लिए धन्यवाद

    APRIL 29, 2026 / 7:54 PM IST

    West Bengal Exit Poll Result Live: पश्चिम बंगाल में किसकी बन सकती है सरकार? देखें- सभी एग्जिट पोल्स के नतीजे एक साथ

    देश के चार राज्यों एवं एक केंद्रशासित प्रदेश के विधानसभा चुनाव के लिए मतदान समाप्त होने के बाद जारी अधिकतर एग्जिट पोल में पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को बढ़त मिलने की संभावना जताई गई है। पश्चिम बंगाल में बुधवार को दूसरे एवं अंतिम चरण में मतदान समाप्त हुआ। इससे पहले बीते 23 अप्रैल को राज्य की 152 सीटों पर मतदान हुआ था। प्रदेश में विधानसभा की कुल 294 सीटें हैं।

    पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर बुधवार शाम तक आए अधिकतर चुनाव सर्वेक्षण एजेंसियों के सर्वे में BJP को निर्णायक बढ़त या बहुमत मिलने की संभावना जताई गई। हालांकि एक सर्वेक्षण ने तृणमूल कांग्रेस की सरकार बरकरार रहने का अनुमान जताया है।

    'पीपुल्स प्लस' के सर्वे में कहा गया है कि तृणमूल कांग्रेस 177 से 187 सीटें हासिल करके अपनी सत्ता बरकार रख सकती है। वहीं भगवा पार्टी को 95 से 110 सीटें मिलने का अनुमान है। कांग्रेस को एक से तीन सीट मिलने की संभावना जताई गई है।

    'पोल डायरी' के सर्वे का अनुमान है कि पश्चिम बंगाल में BJP 142 से 171 सीटों के साथ पहली बार सत्ता में आ सकती है। इस सर्वेक्षण के अनुसार, तृणमूल कांग्रेस को 99 से 127 से ही संतोष करना पड़ सकता है।

    'मैट्रिज' के सर्वेक्षण में कहा गया है कि पश्चिम बंगाल में BJP 146 से 161 सीटों के साथ सरकार बना सकती है। जबकि टीएमसी को 125 से 140 सीटें मिल सकती है। ममता बनर्जी सत्ता से बाहर हो सकती है। 'पी-मार्क' के सर्वे में कहा गया है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा को 150 से 175 सीटें मिल सकती हैं तो टीएमसी को 118-138 सीटें मिलने का अनुमान है।

      APRIL 29, 2026 / 7:37 PM IST

      West Bengal Exit Poll Result Live: पश्चिम बंगाल में 'गुम' हुई कांग्रेस, हर तरफ भगवा लहराने की भविष्यवाणी

      कुछ एग्जिट पोल्स के मुताबिक, सीएम ममता बनर्जी की अगुवाई वाली तृणमूल कांग्रेस (TMC) पश्चिम बंगाल में फिर वापसी कर सकती है। जबकि अधिकतर चुनावी सर्वे के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी (BJP) को प्रचंड बहुमत मिलने का अनुमान लगाया गया है। लेकिन हर एग्जिट पोल्स में कांग्रेस 'गायब' नजर आ रही है। देश की सबसे पुरानी पार्टी को 10 सीटें भी मिलती नहीं दिख रही है।

        APRIL 29, 2026 / 7:21 PM IST

        West Bengal Exit Poll Result Live: पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी कर सकती हैं ऐतिहासिक वापसी!

        पीपल्स पल्स (People's Pulse) के एग्जिट पोल्स के मुताबिक, सीएम ममता बनर्जी की अगुवाई वाली तृणमूल कांग्रेस (TMC) पश्चिम बंगाल में फिर ऐतिहासिक जीत हासिल कर सकती है। पीपल्स पल्स द्वारा किए गए एक एग्जिट पोल में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में TMC के लिए मज़बूत बढ़त का अनुमान लगाया गया है। इसके अनुसार पार्टी 177 से 187 सीटें जीत सकती है। इस सर्वे के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी (BJP) को 95 से 110 सीटें मिलने का अनुमान है।

          APRIL 29, 2026 / 7:10 PM IST

          West Bengal Exit Poll Result Live: पश्चिम बंगाल में 'गुम' हुई कांग्रेस, ममता की जा सकती है सरकार

          Matrize EXIT Poll के एग्जिट पोल के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की सरकार जा सकती है। पहली बार इतिहास रचते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार बन सकती है। एग्जिट पोल के मुताबिक, बंगाल में बीजेपी को 42.5% वोट शेयर के साथ 146 से 161 सीटें मिल सकती हैं। जबकि TMC अलायंस को 126 से 135 सीट मिलता दिख रहा है। जबकि वोट शेयर 40.8% मिलने की उम्मीद है। कांग्रेस बंगाल में कहीं नजर नहीं आ रही है।

            APRIL 29, 2026 / 6:55 PM IST

            West Bengal Exit Poll Result Live: पश्चिम बंगाल में इतिहास रच सकती है BJP

            P-MARQ के एग्जिट पोल के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) प्रचंड बहुमत के साथ ऐतिहासिक जीत दर्ज कर सकती है। एग्जिट पोल के मुताबिक, बंगाल में बीजेपी को 294 विधानसभा सीटों में 150 से 175 सीटें मिल सकती है। वहीं, टीएमसी को 118–138 सीट मिलता दिख रहा है। इसके अलावा कांग्रेस को दो से 6 सीट मिलने की भविष्यवाणी की गई है।

              APRIL 29, 2026 / 6:50 PM IST

              West Bengal Exit Poll Result Live: एग्जिट पोल ने कांग्रेस को दी गुड न्यूज! केरल में बन सकती है सरकार

              P-MARQ के एग्जिट पोल के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ ऐतिहासिक जीत दर्ज कर सकती है। एग्जिट पोल में बीजेपी को 294 विधानसभा सीटों में 150 से 175 सीटें मिल सकती है। वहीं, टीएमसी को 118–138 सीट मिलता दिख रहा है।

                APRIL 29, 2026 / 6:37 PM IST

                Exit Poll Result Live: एग्जिट पोल ने कांग्रेस को दी गुड न्यूज! केरल में बन सकती है सरकार

                केरल एग्जिट पोल के नतीजे आ गए हैं। CNN-News18 के एग्जिट पोल के मुताबिक, 140 सदस्यों वाली केरल विधानसभा में कांग्रेस के नेतृत्व वाले UDF के 70 से 80 सीटें जीतने का अनुमान है। वहीं, LDF को 58 से 68 सीटें मिलती दिख रही हैं। डेटा के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी के BJP के नेतृत्व वाले NDA को सिर्फ 0–4 सीटें मिलने का अनुमान है।

                  APRIL 29, 2026 / 6:20 PM IST

                  West Bengal Exit Poll Result Live: एग्जिट पोल कभी-कभी गलत क्यों हो जाते हैं?

                  कई बार एग्जिट पोल गलत हो भी जाते हैं। दरअसल, सभी वोटर इसमें हिस्सा लेने के लिए राजी नहीं होते हैं। कुछ लोग अपनी असली पसंद नहीं बताते। इसी वजह से कई बार एग्जिट पोल्स के नतीजे गलत साबित हो जाते हैं। वोट शेयर में छोटी-सी गलती भी सीटों के अनुमान में बड़ी गलतियों की वजह बन सकती है।

                    APRIL 29, 2026 / 6:02 PM IST

                    West Bengal Election Voting 2026 Live: पश्चिम बंगाल में शाम 5 बजे तक 89.99 फीसदी मतदान, थोड़ी देर में आएंगे एग्जिट पोल के नतीजे

                    पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में शाम पांच बजे तक 89.99 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है। अभी फाइनल आंकड़े छह बजे मतदान खत्म होने के बाद चुनाव आयोग की तरफ से जारी किए जाएंगे। बंगाल में आज दूसरे चरण में 3.22 करोड़ से अधिक वोटर ने हिस्सा लिया, जो 1,448 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला करेंगे।

                      APRIL 29, 2026 / 5:24 PM IST

                      West Bengal Election Voting 2026 Live: 'बंगाल चुनाव में केंद्रीय बल भाजपा की मदद कर रहे'

                      पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को आरोप लगाया कि विधानसभा चुनावों के लिए तैनात केंद्रीय बल भाजपा के पक्ष में काम कर रहे हैं। सीएम ने दावा किया कि राज्य में चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से नहीं कराए जा रहे हैं। भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के मित्रा इंस्टीट्यूशन स्कूल में मतदान करने के बाद ममता बनर्जी ने केंद्रीय बलों पर तीखा हमला बोला। बनर्जी ने आरोप लगाया कि उनके पार्टी कार्यकर्ताओं और पोलिंग एजेंटों को डराया-धमकाया जा रहा है और उन्हें मतदान केंद्रों से बाहर निकाला जा रहा है।

                        APRIL 29, 2026 / 4:33 PM IST

                        West Bengal Election Voting 2026 Live: 'पुल‍िसकर्मी ने लोगों से TMC को वोट देने को कहा', BJP नेता ने शेयर क‍िया वीडियो

                        पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के लिए जारी मतदान के बीच भारतीय जनता पार्टी के नेता और आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने एक वीडियो शेयर कर आरोप लगाया है कि चुनावी ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी ने राज्य में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) को वोट देने को कहा। पुलिसवाले के इस कथित अपील पर बूथ पर बवाल हो गया। बंगाली लोग पुलिस वाले से बहस करने लगे। अमित मालवीय ने वीडियो के साथ X पर लिखा, "पश्चिम बंगाल का मिजाज...पश्चिम बंगाल के नागरिकों ने एक पुलिस अधिकारी का सामना किया, जिस पर आरोप है कि उसने उनसे TMC को वोट देने के लिए कहा था। यह बदलाव जोरदार और साफ है। खामोश वोटरों से लेकर अपनी बात खुलकर कहने वाले नागरिकों तक बंगाल ने एक लंबा सफर तय किया है। उस अधिकारी की पहचान होनी चाहिए और उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।"

                          APRIL 29, 2026 / 4:20 PM IST

                          West Bengal Election Voting 2026 Live: वोटिंग के बीच जब एक ही बूथ पर पहुंचे ममता बनर्जी और सुवेंदु अधिकारी

                          पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी बुधवार (29 अप्रैल) सुबह भवानीपुर के चक्रबेड़िया स्थित एक ही मतदान केंद्र क्षेत्र में पहुंचे। इस दौरान बिना किसी सीधे संवाद या औपचारिक अभिवादन के एक-दूसरे पर तंज कसते नजर आए। बनर्जी चक्रबेड़िया के वार्ड नंबर 70 में स्थानीय तृणमूल नेताओं को कथित तौर पर डराने-धमकाने की शिकायत मिलने के बाद मतदान केंद्र के बाहर बैठी हुई थीं, तभी अधिकारी भी वहां पहुंचे। हालांकि, दोनों आमने-सामने नहीं आए।

                          बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर केंद्रीय बलों, पुलिस पर्यवेक्षकों और चुनाव अधिकारियों के जरिए चुनाव में धांधली करने की कोशिश का आरोप लगाया। जबकि अधिकारी ने इन आरोपों को हताशा का संकेत बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को एहसास हो गया है कि उन्हें एक भी वोट नहीं मिल रहा।

                            APRIL 29, 2026 / 4:08 PM IST

                            West Bengal Election Voting 2026 Live: पहले चरण का टूट सकता है रिकॉर्ड: मुख्य निर्वाचन अधिकारी

                            पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने बुधवार को कहा कि राज्य में दूसरे चरण का मतदान व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से जारी है और यह पहले चरण के आंकड़ों को पार कर सकता है। छिटपुट हिंसा और उम्मीदवारों पर हमले की घटनाओं के बीच पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान के तहत तीन बजे तक 3.21 करोड़ मतदाताओं में से 78.68 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। अग्रवाल ने कहा कि व्यापक सुरक्षा और कड़ी निगरानी में पूरे राज्य में सुचारू मतदान सुनिश्चित हो रहा है।

                            मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं से चुनावी प्रक्रिया में भाग लेने का आग्रह करते हुए कहा, "हम बहुमंजिला इमारतों में रहने वाले लोगों से भी अपील करते है कि वे जाएं और मतदान करें। प्रत्येक को वोट देना चाहिए। निर्वाचन आयोग की अपेक्षा है कि मतदाता सूची में जिसका भी नाम है, वह अपने मताधिकार का प्रयोग करे।"

                              APRIL 29, 2026 / 3:45 PM IST

                              West Bengal Election Voting 2026 Live: बंगाल विधानसभा चुनाव में छिटपुट हिंसा के बीच 3 बजे तक 78.68% मतदान

                              पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण में दोपहर तीन बजे तक 3.21 करोड़ मतदाताओं में से 78.68 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इस दौरान कुछ उम्मीदवारों पर हमले भी हुए। वहीं भवानीपुर सीट पर उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सुवेंदु अधिकारी एक ही बूथ क्षेत्र में पहुंचे और दोनों ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए।

                                APRIL 29, 2026 / 3:10 PM IST

                                West Bengal Election Voting 2026 Live: EVM पर टेप लगाने के आरोपों के बाद मोंतेश्वर में मतदान रुका

                                बंगाल में जारी वोटिंग के बीच मोंतेश्वर विधानसभा क्षेत्र के मोंतेश्वर गांव में बूथ नंबर 35 पर मतदान कुछ देर के लिए रोक दिया गया। यह कदम तब उठाया गया जब TMC उम्मीदवार सिद्दीकुल्ला चौधरी पर यह आरोप लगा कि उन्होंने उम्मीदवार की तस्वीर को सेलोटेप से ढक दिया था और वोटिंग बटन को निष्क्रिय कर दिया था। शिकायत मिलने के बाद चुनाव आयोग के अधिकारी और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मामले की जांच होने तक मतदान प्रक्रिया को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया।

                                  APRIL 29, 2026 / 2:54 PM IST

                                  West Bengal Election Voting 2026 Live: पीएम मोदी ने बंगाल में ऐतिहासिक जीत का किया दावा

                                  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार (29 अप्रैल) को कहा कि पश्चिम बंगाल में लोग बिना किसी डर के वोट डाल रहे हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश के हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए बंगाल में BJP की ऐतिहासिक जीत का दावा किया। पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान के बीच बुधवार को दावा किया कि पार्टी पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में जीत की ‘हैट्रिक’ लगाएगी।

                                    APRIL 29, 2026 / 2:42 PM IST

                                    West Bengal Election Voting 2026 Live: मतदान के बीच बंगाल में 'जय श्री राम vs जय बांग्ला', ममता बनर्जी और सुवेंदु अधिकारी के समर्थकों में बवाल

                                    BJP उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी बुधवार को अपने भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा करने के बाद मतदान व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे थे। जैसे ही वह वहां पहुंचे, तृणमूल कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनके खिलाफ ‘जय बांग्ला’ और ‘चोर, चोर’ के नारे लगाए। जबकि BJP कार्यकर्ताओं ने जवाब में ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाए, जिससे राजनीतिक रूप से संवेदनशील इस इलाके में तनाव बढ़ गया।

                                    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को अपने भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा किया, जहां मतदान जारी है और आरोप लगाया कि केंद्रीय बल और चुनाव पर्यवेक्षक भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हैं।

                                    भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र बनर्जी का राजनीतिक गढ़ माना जाता है, जहां उनकी नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी से प्रतिष्ठा की लड़ाई है। इस मुकाबले को नंदीग्राम की लड़ाई की तरह ही देखा जा रहा है, जहां 2021 में अधिकारी ने बनर्जी को हरा दिया था।

                                      APRIL 29, 2026 / 2:28 PM IST

                                      West Bengal Election Voting 2026 Live: कालीघाट में सुवेंदु अधिकारी के खिलाफ तृणमूल कार्यकर्ताओं ने की नारेबाजी

                                      कोलकाता के कालीघाट इलाके में बुधवार को उस समय तनाव फैल गया, जब भवानीपुर से BJP उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी एक मतदान केंद्र पर पहुंचे और तृणमूल कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर उनका विरोध किया। इसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। विपक्ष के नेता ने अतिरिक्त केंद्रीय बलों की तैनाती की मांग करते हुए निर्वाचन आयोग से शिकायत की। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षा बलों ने लाठीचार्ज किया। अधिकारी ने आरोप लगाया कि नारेबाजी कर रही भीड़ में शामिल लोग बाहरी हैं, जो चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं।

                                      यह घटना कालीघाट के जय हिंद भवन के पास हुई, जब अधिकारी सुबह से भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा करने के बाद मतदान व्यवस्था का जायजा लेने वहां पहुंचे थे। जैसे ही वह वहां पहुंचे, तृणमूल कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनके खिलाफ ‘जय बांग्ला’ और ‘चोर, चोर’ के नारे लगाए। जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं ने जवाब में ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाए, जिससे राजनीतिक रूप से संवेदनशील इस इलाके में तनाव बढ़ गया।

                                      मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को दोनों दलों के कार्यकर्ताओं को नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, क्योंकि नारेबाजी तेज हो गई थी । दोनों पक्षों के समर्थक मतदान केंद्र के आसपास जुट गए थे। पत्रकारों के सामने खड़े होकर अधिकारी ने निर्वाचन आयोग के अधिकारियों को फोन किया और स्थिति की शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि उन पर हमला हुआ है।

                                      उन्हें चुनाव अधिकारियों से कहते सुना गया, ‘‘मुझ पर हमला हुआ है। तुरंत और केंद्रीय बल भेजे जाएं, ताकि मतदाता स्वतंत्र रूप से मतदान कर सकें।’’ उन्होंने इलाके में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के अतिरिक्त जवानों की तैनाती की भी मांग की और आरोप लगाया कि विपक्षी कार्यकर्ताओं तथा मतदाताओं को डराने-धमकाने की कोशिश की जा रही है।

                                        APRIL 29, 2026 / 2:14 PM IST

                                        West Bengal Election Voting 2026 Live: 'सभी बांग्लादेशी मुसलमान हैं...'; भवानीपुर में बवाल पर भड़के सुवेंदु अधिकारी, TMC पर हमले का आरोप

                                        पश्चिम बंगाल में जारी भारी मतदान के बीच भवानीपुर के 'जय हिंद भवन' पोलिंग बूथ पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। यह कार्रवाई BJP उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी के उस आरोप के बाद की गई, जिसमें उन्होंने TMC कार्यकर्ताओं द्वारा हमला किए जाने की बात कही थी। नंदीग्राम और भवानीपुर विधानसभा सीटों से BJP उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी एक पोलिंग बूथ का इंस्पेक्शन करने पहुंचे थे। वहां पहुंचते ही TMC समर्थकों ने उन्हें घेर लिया और "जय बंगाल" के नारे लगाने लगे। इस दौरान अधिकारी ने कहा, "वे सभी बांग्लादेशी मुसलमान हैं...वे डरे हुए हैं। ममता का सफाया हो जाएगा।"

                                          APRIL 29, 2026 / 1:44 PM IST

                                          West Bengal Election Voting 2026 Live: छिटपुट हिंसा के बीच बंगाल में दोपहर 1 बजे तक 61.11 प्रतिशत मतदान

                                          पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में दोपहर 1 बजे तक 3.21 करोड़ मतदाताओं में से लगभग 61.11 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। छिटपुट हिंसा के बीच भवानीपुर सीट पर उस समय तनाव फैल गया जब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और शुभेंदु अधिकारी एक ही बूथ क्षेत्र में पहुंचे। इस दौरान दोनों ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए।

                                            APRIL 29, 2026 / 1:40 PM IST

                                            West Bengal Election Voting 2026 Live: TMC समर्थकों ने सुवेंदु अधिकारी को घेर लिया

                                            नंदीग्राम और भवानीपुर विधानसभा सीटों से BJP उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी एक पोलिंग बूथ का इंस्पेक्शन करने पहुंचे थे। वहां पहुंचते ही TMC समर्थकों ने उन्हें घेर लिया और "जय बंगाल" के नारे लगाने लगे। इसके बाद भवानीपुर के 'जय हिंद भवन' पोलिंग बूथ पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इस दौरान अधिकारी ने कहा, "वे सभी बांग्लादेशी मुसलमान हैं...वे डरे हुए हैं। ममता का सफाया हो जाएगा।"

                                              APRIL 29, 2026 / 12:56 PM IST

                                              West Bengal Election Voting 2026 Live: बसंती सीट से BJP उम्मीदवार पर हमला

                                              दक्षिण 24 परगना की बसंती विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार विकास सरदार ने बुधवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान के दौरान तृणमूल कांग्रेस के 200 से 250 गुंडों ने उनकी कार पर हमला किया और उनके चालक की पिटाई की। तृणमूल ने इन आरोपों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। सरदार ने दावा किया कि यह घटना कंठालबेरिया इलाके में उस समय हुई, जब वह अपने विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्रों का दौरा कर रहे थे।

                                                APRIL 29, 2026 / 12:22 PM IST

                                                West Bengal Election Voting 2026 Live: नादिया ने BJP पोलिंग एजेंट पर जानलेवा हमला, मोशर्रफ मीर ने TMC पर लगाया आरोप

                                                पश्चिम बंगाल के छपरा विधानसभा सीट के हत्रा पंचायत के बूथ नंबर 52 के भाजपा पोलिंग एजेंट मोशर्रफ मीर ने कहा, "वहां कुछ TMC के गुंडे छिपे हुए थे। उनके खिलाफ कई केस हैं। जनियालामुल्ला एक क्रिमिनल है। उसके पास एक गन थी और 2 और लोगों के पास भी गन थी। वे उन्हें लहरा रहे थे। फिर, करीब 15-20 और लोग हमारी तरफ आए। उनके पास लोहे की रॉड और बेंत थीं। उन्होंने पहले मुझ पर हमला किया और मुझे मारा, जिससे मैं गिर गया। उसके बाद, वे मुझे बार-बार मारते रहे। उन्होंने मेरे साथ लोगों पर भी हमला किया। मेरे सिर पर 6 टांके लगे हैं। मैं चाहता हूं कि पुलिस उन्हें गिरफ्तार करे। मुझे इंसाफ चाहिए।"

                                                  APRIL 29, 2026 / 12:06 PM IST

                                                  West Bengal Election Voting 2026 Live: 'फेक EVM लाए TMC वाले,' पश्चिम बंगाल की वोटिंग के बीच BJP कैंडिडेट का बड़ा आरोप

                                                  पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के लिए जारी मतदान के लिए भारतीय जनता पार्टी पार्टी के उम्मदीवार अर्जुन सिंह ने बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने बुधवार को कहा कि पोलिंग बूथ से 100 मीटर की दूरी पर एक कैंप लगाया गया है। वहां एक नकली EVM रखा गया है। लोगों को बताया जा रहा है कि उन्हें कौन सा बटन दबाना है। आज वे प्रचार नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि मैं चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज करा रहा हूं। पुलिस से शिकायत करने का कोई मतलब नहीं है। अर्जुन सिंह ने कहा, "हमें जानकारी मिली थी कि मायापल्ली (नोआपारा विधानसभा क्षेत्र) में बूथ नंबर 82-83 के बाहर एक नकली (डमी) EVM रखी गई थी और वोटर्स को बताया गया था कि कौन सा बटन दबाना है।"

                                                    APRIL 29, 2026 / 11:46 AM IST

                                                    West Bengal Election Voting 2026 Live: बंगाल में मतदान के बीच विकास सरदार की कार पर हमला, BJP उम्मीदवार का TMC पर बड़ा आरोप

                                                    पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के लिए जारी मतदान के बीच बसंती विधानसभा क्षेत्र से BJP उम्मीदवार विकास सरदार की कार पर बूथ संख्या 76 पर कथित तौर पर हमला हुआ है। विकास सरदार ने कहा, "हर जगह गुंडागिरी हो रही है। वोट लूट हो रही थी। मेरे जाने के बाद 250 TMC के गुंडों ने मेरे पर हमला किया। मेरे सुरक्षाकर्मी की गन भी छीन ली।"

                                                      APRIL 29, 2026 / 11:39 AM IST

                                                      West Bengal Election Voting 2026 Live: पश्चिम बंगाल में सुबह 11 बजे तक करीब 40% मतदान, क्या 100% होगी वोटिंग?

                                                      पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में 142 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान के पहले चार घंटों में 32 लाख मतदाताओं में से कुल करीब 40 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। चुनाव आयोग के अधिकारी ने बताया कि सुबह 11 बजे तक 39.79 प्रतिशत मतदान हुआ।

                                                        APRIL 29, 2026 / 11:25 AM IST

                                                        West Bengal Election Voting 2026 Live: 'मैंने अपनी जिंदगी में इतना क्रूर चुनाव आयोग कभी नहीं देखा'; TMC सांसद ने क्यों लगाया आरोप?

                                                        पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के लिए जारी मतदान के बीच राज्य में सत्ताधारी TMC सांसद सुदीप बंद्योपाध्याय ने कहा, "मैं कोलकाता से छह बार चुना गया हूं। मैंने अपनी जिंदगी में इतना क्रूर चुनाव आयोग कभी नहीं देखा... फिर भी, ममता 250 का आंकड़ा पार करेंगी।" पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में 142 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान के पहले दो घंटों में 32 लाख मतदाताओं में से कुल 18.39 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

                                                          APRIL 29, 2026 / 10:40 AM IST

                                                          West Bengal Election Voting 2026 Live: पहली बार सता रहा हार का डर? पश्चिम बंगाल में मतदान के बीच सड़क पर उतरीं सीएम ममता बनर्जी

                                                          पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को अपने भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा किया, जहां मतदान जारी है। सीएम ने आरोप लगाया कि केंद्रीय बल और चुनाव पर्यवेक्षक भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हैं। भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र बनर्जी का राजनीतिक गढ़ माना जाता है, जहां उनकी नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी से प्रतिष्ठा की लड़ाई है। इस मुकाबले को नंदीग्राम की लड़ाई की तरह ही देखा जा रहा है, जहां 2021 में अधिकारी ने बनर्जी को हरा दिया था।

                                                          तृणमूल कांग्रेस प्रमुख आमतौर पर मतदान के दिन दोपहर में अपने कालीघाट स्थित आवास से निकलकर मित्रा इंस्टीट्यूशन स्कूल में वोट डालने जाती हैं। हालांकि, इस बार वह सुबह आठ बजे से पहले ही भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा करने निकल पड़ीं, जिनमें दक्षिण कोलकाता के चेतला इलाके के मतदान केंद्र भी शामिल हैं।

                                                          बाद में वह भवानीपुर के चक्रबेड़िया स्थित एक मतदान केंद्र के बाहर बैठीं और पत्रकारों से बात करते हुए अनियमितताओं का आरोप लगाया। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर केंद्रीय बलों और पर्यवेक्षकों के जरिए मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश का आरोप लगाया।

                                                          बनर्जी ने कहा, "कई पर्यवेक्षक बाहर से आए हैं और भाजपा के निर्देशों पर काम कर रहे हैं। लोगों को मतदान करना है- क्या इस तरह मतदान हो सकता है?" उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के सभी पार्टी झंडे पहले ही हटा दिए गए और बाहरी लोग मतदान प्रक्रिया में दखल दे रहे हैं।

                                                            APRIL 29, 2026 / 10:09 AM IST

                                                            West Bengal Election Voting 2026 Live: 'BJP जबरदस्ती बंगाल चुनाव में धांधली करना चाहती है'; मतदान के बीच परेशान नजर आईं सीएम ममता बनर्जी

                                                            पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और भवानीपुर विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस (TMC) उम्मीदवार ममता बनर्जी ने बुधवार को चुनाव आयोग और भारतीय जनता पार्टी पर सनसनीखेज आरोप लगाया है। भवानीपुर में एक पोलिंग बूथ पर पहुंचीं ममता बनर्जी ने पत्रकारों से कहा, "बाहर से बहुत सारे ऑब्ज़र्वर आए हैं। BJP जो कहती है, वे वही कर रहे हैं। जरा आस-पास देखो, हमारे सारे पोस्टर हटा दिए गए हैं। क्या चुनाव ऐसे होते हैं? वोट वोटर डालेंगे, पुलिस या सुरक्षा बल नहीं। हाल ही में कुछ नए लोग लाए गए हैं और वे जो चाहें कर रहे हैं। वे आतंकवाद कर रहे हैं।"

                                                            मुख्यमंत्री ममता ने आगे कहा, "देखिए हमारे कार्यकर्ता को रात में कैसे पीटा गया। जरा इस जुल्म को देखिए। किस तरह की गुंडागर्दी चल रही है? वोटिंग ऐसे नहीं होती। वोटिंग शांति से होती है। यह लोकतंत्र का त्योहार है। लेकिन उन्होंने इसे पूरी तरह बर्बाद कर दिया है। इरादा बिल्कुल साफ़ है कि BJP ज़बरदस्ती चुनाव में धांधली करना चाहती है। हमारे कार्यकर्ता और लोग मरने को तैयार हैं, लेकिन वे जगह नहीं छोड़ेंगे।"

                                                            ममता बनर्जी ने बुधवार को अपने भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा किया, जहां मतदान जारी है। भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र बनर्जी का राजनीतिक गढ़ माना जाता है, जहां उनकी नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी से प्रतिष्ठा की लड़ाई है। इस मुकाबले को नंदीग्राम की लड़ाई की तरह ही देखा जा रहा है, जहां 2021 में अधिकारी ने बनर्जी को हरा दिया था।

                                                              APRIL 29, 2026 / 9:55 AM IST

                                                              West Bengal Election Voting 2026 Live: पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण में टूटेंगे सभी रिकॉर्ड? सुबह 9 बजे तक 18.39% वोटिंग

                                                              पश्चिम बंगाल चुनाव 2026 के दूसरे और आखिरी चरण में सुबह 9 बजे तक लगभग 18.39% वोटिंग हुई है। पहले चरण के लिए 23 अप्रैल को हुए मतदान में 93.19 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था, जो राज्य में अब तक का सबसे अधिक मतदान प्रतिशत है।

                                                                APRIL 29, 2026 / 9:38 AM IST

                                                                West Bengal Election Voting 2026 Live: ममता बनर्जी ने अपने भवानीपुर क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का किया दौरा, पोलिंग स्टेशन के बाहर बैठ गईं बंगाल सीएम

                                                                पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को अपने भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा किया, जहां मतदान जारी है। भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र बनर्जी का राजनीतिक गढ़ माना जाता है, जहां उनकी नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी से प्रतिष्ठा की लड़ाई है। इस मुकाबले को नंदीग्राम की लड़ाई की तरह ही देखा जा रहा है, जहां 2021 में अधिकारी ने बनर्जी को हरा दिया था।

                                                                तृणमूल कांग्रेस प्रमुख आमतौर पर मतदान के दिन दोपहर में अपने कालीघाट स्थित आवास से निकलकर मित्रा इंस्टीट्यूशन स्कूल में वोट डालने जाती हैं। हालांकि, इस बार वह सुबह आठ बजे से पहले ही भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा करने निकल पड़ीं, जिनमें दक्षिण कोलकाता के चेतला इलाके के मतदान केंद्र भी शामिल हैं।

                                                                पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में 142 सीटों पर अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और कोलकाता, हावड़ा, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, नदिया, हुगली और पूर्व बर्धमान जिलों के मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं।

                                                                मतदान शाम छह बजे तक जारी रहेगा। पश्चिम बंगाल में 23 अप्रैल को हुए पहले चरण के मतदान में 93.19 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था, जो राज्य के इतिहास में अब तक का सबसे अधिक मतदान प्रतिशत था। मतगणना चार मई को होगी।

                                                                  APRIL 29, 2026 / 9:19 AM IST

                                                                  West Bengal Election Voting 2026 Live: भवानीपुर में पोलिंग स्टेशन के बाहर बैठ गईं बंगाल सीएम ममता बनर्जी, वोटिंग के दिन पहली बार निकलीं बाहर

                                                                  भवानीपुर में एक पोलिंग स्टेशन के बाहर बंगाल की सीएम ममता बनर्जी एक साधारण नेता की तरफ बैठ गईं। TMC प्रमुख पश्चिम बंगाल में राज्य चुनाव के आखिरी चरण के मतदान के दौरान भवानीपुर के चक्रबेरिया सर्बोजनिन में मौजूद हैं। वे इसी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रही हैं। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के दूसरे और आखिरी चरण में अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बीच 142 सीटों पर वोटिंग चल रही है।

                                                                    APRIL 29, 2026 / 8:58 AM IST

                                                                    West Bengal Election Voting 2026 Live: वोटिंग के बीच ममता बनर्जी ने किया वो काम जो पहले कभी नहीं किया!

                                                                    पश्चिम बंगाल में वोटिंग के दिन पहली बार बुधवार को सीएम ममता बनर्जी बाहर निकलीं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को अपने भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग बूथों का दौरा किया, जहां अभी वोटिंग चल रही है। भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र ममता बनर्जी का राजनीतिक गढ़ है। यहां उनका मुकाबला विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी से है। यह मुकाबला प्रतिष्ठा की लड़ाई माना जा रहा है। इसे नंदीग्राम का एक प्रतीकात्मक रीमैच (दोबारा मुकाबला) समझा जा रहा है, जहां 2021 में शुभेंदु ने ममता को हराया था। TMC प्रमुख आम तौर पर वोटिंग के दिन दोपहर में अपने कालीघाट आवास से निकलकर मित्रा इंस्टीट्यूशन स्कूल में अपना वोट डालने जाती हैं। हालांकि, इस बार वह सुबह 8 बजे से पहले ही बाहर निकल गईं । उन्होंने भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग पोलिंग स्टेशनों का दौरा किया, जिनमें दक्षिण कोलकाता के चेतला इलाके के स्टेशन भी शामिल थे। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के दूसरे और आखिरी चरण में अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बीच 142 सीटों पर वोटिंग चल रही है।

                                                                      APRIL 29, 2026 / 8:41 AM IST

                                                                      West Bengal Election Voting 2026 Live: 'TMC के पास एक बटन दबाने के लिए 10 लोग हैं'; BJP उम्मीदवार प्रियंका टिबरेवाल का बड़ा आरोप

                                                                      पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के लिए जारी मतदान के बीच भारतीय जनता पार्टी ने तृणमूल कांग्रेस पर सनसनीखेज आरोप लगाया है। एंटली विधानसभा क्षेत्र से BJP उम्मीदवार प्रियंका टिबरेवाल ने कहा, "देखिए वे कितने परेशान हैं। उनके पास एक बटन दबाने के लिए 10 लोग हैं।" टिबरेवाल की कोलकाता के एक पोलिंग बूथ पर पोलिंग अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों से बहस हो गई। खबर है कि बूथ छोटा होने की वजह से उनके पोलिंग एजेंट को बाहर भेज दिया गया। TMC के चुनाव एजेंट भी इस बहस में शामिल हो गए, जिसके बाद दोनों को बाहर भेज दिया गया।

                                                                        APRIL 29, 2026 / 8:38 AM IST

                                                                        West Bengal Election Voting 2026 Live: हिंसा के साथ शुरू हुई पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण का मतदान, नदिया में BJP कार्यकर्ता पर जानलेवा हमला

                                                                        पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 का दूसरा चरण हिंसा के साथ शुरू हुई है। छपरा के बूथ नंबर 53 पर BJP के एक पोलिंग एजेंट ने हमले का आरोप लगाया। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर डराने-धमकाने और हिंसा करने का आरोप लगाया। बताया जा रहा है कि इस घटना के कारण मतदान कुछ समय के लिए बाधित हुआ। लेकिन अधिकारियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर व्यवस्था बहाल की। फिलहाल कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी है। लोगों की भारी भीड़ मतदान के लिए लाइन में लगी हुई है।

                                                                          APRIL 29, 2026 / 8:23 AM IST

                                                                          West Bengal Election Voting 2026 Phase 2 Live: 'लोग पूरे जोश के साथ वोट दे रहे हैं'; भाजपा उम्मीदवार स्वप्न दासगुप्ता ने किया मतदान

                                                                          रासबिहारी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार स्वप्न दासगुप्ता ने कहा, "चुनाव अभी शुरू हुआ है। मैंने वोट दिया और वहां लंबी लाइन थी। यह बहुत अच्छा है। इससे पता चलता है कि बहुत से लोग पूरे जोश के साथ वोट दे रहे हैं। हमें लगता है कि जितनी अधिक वोटिंग होगी, पश्चिम बंगाल में बदलाव के लिए वोट करने वाले लोगों के लिए उतनी ही ज्यादा उम्मीदें होंगी।"

                                                                            APRIL 29, 2026 / 8:15 AM IST

                                                                            West Bengal Election Voting 2026 Phase 2 Live: 'TMC ने वोटों में हेराफेरी करने के लिए 750 नकली उंगलियां खरीदीं'; BJP का ममता की पार्टी पर सनसनीखेज आरोप

                                                                            पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के दूसरे चरण के लिए जारी मतदान के बीच भारतीय जनता पार्टी ने एक सनसनीखेज आरोप लगाया है। विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस के एक पार्षद पर हाई-प्रोफाइल भवानीपुर सीट पर फर्जी वोटिंग कराने के लिए सैकड़ों आर्टिफिशियल उंगलियां खरीदने का आरोप लगाया। सत्ताधारी TMC ने इस आरोप को बेबुनियाद और अव्यावहारिक बताते हुए इसे सिरे से खारिज कर दिया है।

                                                                            पत्रकारों से बात करते हुए अधिकारी ने दावा किया कि पार्षद ने भवानीपुर में फर्जी वोटिंग कराने के लिए 700 से ज्यादा नकली उंगलियां मंगवाई है। भवानीपुर में अधिकारी का मुकाबला मुख्यमंत्री और TMC प्रमुख ममता बनर्जी से है। अधिकारी ने जोर देकर कहा, "700 से अधिक ऐसी नकली उंगलियों का इंतजाम किया गया है। यह चुनाव में हेरफेर करने की एक कोशिश है। हम ऐसी हरकतों को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करेंगे।"

                                                                              APRIL 29, 2026 / 8:08 AM IST

                                                                              West Bengal Election Voting 2026 Phase 2 Live: 'बंगाल को भय और भ्रष्टाचार से मुक्त करने के लिए मतदान करें'; अमित शाह की वोटर्स से अपील

                                                                              केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार सुबह X पर लिखा, "बंगाल को भय, सिंडिकेट और भ्रष्टाचार के शासन से मुक्त करने के लिए दूसरे और अंतिम चरण के सभी मतदाताओं, विशेषकर माताओं, बहनों और युवाओं से अपील करता हूँ कि आप अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें। आपका एक वोट बंगाल के गौरव को पुनर्स्थापित करने के साथ-साथ महिलाओं को सुरक्षा देने का माध्यम बनेगा। बंगाल के युवाओं के सपनों को सिर्फ एक ऐसी सरकार ही पूरा कर सकती है, जिसके पास विकास का विजन भी हो और घुसपैठियों को चुन-चुन कर बाहर करने की संकल्प शक्ति भी हो। ‘सोनार बांग्ला’ के लिए रिकॉर्ड मतदान करें।"

                                                                                APRIL 29, 2026 / 8:05 AM IST

                                                                                West Bengal Election Voting 2026 Phase 2 Live: पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की बड़ी बातें

                                                                                दूसरे चरण के चुनाव के लिए 41,001 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों की गतिविधियों का वेबकास्टिंग के माध्यम से प्रसारण किया जाएगा। निर्वाचन आयोग ने दूसरे चरण के चुनाव के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। सात जिलों में केंद्रीय बलों की 2,321 कंपनियों को तैनात किया है।

                                                                                कुल 142 सामान्य पर्यवेक्षक, 95 पुलिस पर्यवेक्षक और 100 व्यय पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए कैमरों से लैस ड्रोन का भी इस्तेमाल किया जाएगा। कोलकाता में केंद्रीय बलों की 273 कंपनियों के साथ सबसे अधिक तैनाती है।

                                                                                दूसरे चरण के चुनाव में जिन विधानसभा क्षेत्रों में वोट डाले जाने हैं, उनमें भांगर में सबसे ज्यादा 19 उम्मीदवार, जबकि गोघाट में सबसे कम पांच प्रत्याशी हैं। इस चरण में जिन प्रमुख उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला होना है, उनमें ममता भी शामिल हैं। ममता भवानीपुर से एक बार फिर चुनाव लड़ रही हैं। इस सीट पर उन्हें भाजपा के शुभेंदु अधिकारी से कड़ी चुनौती मिल रही है।

                                                                                कोलकाता पोर्ट में वरिष्ठ तृणमूल नेता फिरहाद हकीम का मुकाबला भाजपा उम्मीदवार राकेश सिंह से है। अल्पसंख्यक बहुल इस निर्वाचन क्षेत्र को मध्य कोलकाता में सत्तारूढ़ पार्टी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अन्य महत्वपूर्ण सीटों में भाटपारा, जगतदल और बैरकपुर, बनगांव, दमदम, संदेशखाली, हिंगलगंज, राणाघाट उत्तर, राणाघाट दक्षिण, रासबिहारी, यादवपुर और बेलीगंज शामिल हैं।

                                                                                  APRIL 29, 2026 / 7:46 AM IST

                                                                                  West Bengal Election Voting 2026 Phase 2 Live: पश्चिम बंगाल में मतदान शुरू होते ही हिंसा, 'सिंघम' और 'पुष्पा' पर टिकी सभी की निगाहें

                                                                                  पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के लिए मतदान शुरू होते ही हिंसा की खबर सामने आई है। न्यूज 18 के मुताबिक, नादिया जिले के छपरा विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 53 पर कथित तौर पर एक ISF एजेंट को अंदर जाने से रोक दिया गया। उसके साथ मारपीट की गई, जिससे उसके सिर में चोट आई है। हमले का आरोप तृणमूल कांग्रेस पर लगा है।

                                                                                    APRIL 29, 2026 / 7:39 AM IST

                                                                                    West Bengal Election Voting 2026 Phase 2 Live: अरविंद केजरीवाल और तेजस्वी ने ममता के लिए किया प्रचार

                                                                                    दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख तेजस्वी यादव ने भी तृणमूल के समर्थन में प्रचार किया। उन्होंने मतदाताओं से भाजपा के खिलाफ मतदान करने की अपील की। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कोलकाता में चुनाव प्रचार के दौरान तृणमूल और भाजपा, दोनों पर निशाना साधा।

                                                                                      APRIL 29, 2026 / 7:33 AM IST

                                                                                      West Bengal Election Voting 2026 Phase 2 Live: महुआ मोइत्रा के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत, TMC सांसद ने शेयर किया 'बार गर्ल' का वीडियो

                                                                                      भारतीय जनता पार्टी के नेता अभिषेक दुबे ने TMC सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उत्तर प्रदेश के सबसे चर्चित एनकाउंटर स्पेशलिस्ट IPS ऑफिसर अजय पाल शर्मा की छवि धूमिल करने के लिए AI वीडियो वायरल करने का आरोप है। महुआ मोइत्रा ने अपने X सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें कथित तौर पर आईपीएस अधिकारी एक कमरे के भीतर महिलाओं के साथ जश्न मनाते और डांस करते दिख रहे हैं। बीजेपी ने इस वीडियो को फर्जी करार दिया है।

                                                                                        APRIL 29, 2026 / 7:25 AM IST

                                                                                        West Bengal Election Voting 2026 Phase 2 Live: 'पश्चिम बंगाल की नारी और युवा शक्ति बड़ी संख्या में मताधिकार का प्रयोग करें'; पीएम मोदी की वोटर्स से अपील

                                                                                        प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि पश्चिम बंगाल की नारी और युवा शक्ति बड़ी संख्या में मताधिकार का प्रयोग करें। पीएम मोदी ने लिखा, "आज पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 का दूसरा चरण है। मैं आज मतदान करने वाले सभी लोगों से आग्रह करता हूं कि वे रिकॉर्ड संख्या में अपने मत का प्रयोग करें, ताकि हमारे लोकतंत्र को और अधिक जीवंत और सहभागी बनाया जा सके। विशेष रूप से, यह अत्यंत आवश्यक है कि पश्चिम बंगाल की नारी शक्ति और युवा शक्ति बड़ी संख्या में बाहर निकलकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें।"

                                                                                          APRIL 29, 2026 / 7:15 AM IST

                                                                                          West Bengal Election Voting 2026 Phase 2 Live: भवानीपुर पर टिकी सभी की निगाहें

                                                                                          पश्चिम बंगाल चुनाव 2026 के दूसरे और आखिरी चरण के लिए आज यानी बुधवार को मतदान हो रहा है। 294 सदस्यों वाली विधानसभा में से आज 142 सीटों पर वोटिंग हो रही है। आज जिन हाई-प्रोफाइल सीटों पर वोटिंग हो रही है, उनमें भवानीपुर भी है। यहां सीएम ममता बनर्जी का मुकाबला नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी से है। वह नंदीग्राम से भी चुनाव लड़ रहे हैं, जहां से वह BJP के मौजूदा विधायक भी हैं।

                                                                                            APRIL 29, 2026 / 7:12 AM IST

                                                                                            West Bengal Election Voting 2026 Phase 2 Live: ममता बनर्जी ने अकेले संभाला मोर्चा

                                                                                            तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने 23 अप्रैल को पहले चरण के मतदान के बाद एक चुनावी रैली में दावा किया कि उनकी पार्टी ने अभी से 100 का आंकड़ा पार कर लिया है और राज्य में उसकी सत्ता बरकरार रहेगी। ममता ने भवानीपुर में आयोजित एक रैली में कहा, "पहले चरण में 152 सीट पर मतदान हुआ। हम पहले चरण में ही 100 सीट का आंकड़ा पार कर चुके हैं। बाकी 142 सीट पर मतदान 29 अप्रैल को होगा। अगर आप सभी हमें वोट देंगे, तो हमें दो-तिहाई बहुमत मिल जाएगा।"

                                                                                            ममता ने चुनाव के बाद तृणमूल कार्यकर्ताओं को उल्टा लटकाए जाने की गृह मंत्री अमित शाह की कथित टिप्पणी को लेकर उन पर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने एक संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के ऐसी भाषा का इस्तेमाल करने पर सवाल उठाए और कहा कि उनकी पार्टी शाह के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करेगी।

                                                                                            तृणमूल सुप्रीमो ने झाड़ग्राम में चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री के अचानक एक साधारण सी दुकान पर रुकने और झालमुड़ी खरीदने के कदम को नौटंकी करार दिया। ममता ने एसआईआर प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची से लोगों के नाम हटाए जाने पर भी चिंता जताई। उन्होंने निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त अधिकारियों पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए उन्हें कथित ज्यादतियों के खिलाफ चेतावनी दी।

                                                                                              APRIL 29, 2026 / 7:07 AM IST

                                                                                              West Bengal Election Voting 2026 Phase 2 Live: पीएम मोदी ने जंगलराज का लगाया आरोप

                                                                                              PM मोदी ने आरोप लगाया, "तृणमूल कांग्रेस ने 'मां, माटी, मानुष' के बारे में बात करना बंद कर दिया है, क्योंकि ऐसा करने से बंगाल में उनके द्वारा किए गए पाप उजागर हो जाएंगे।" उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के 'तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा' नारे का जिक्र करते हुए लोगों से कहा, "तुम भाजपा को वोट दो और मैं तुम्हें तृणमूल के 'महाजंगल राज' से आजादी दिलाऊंगा।"

                                                                                                APRIL 29, 2026 / 7:04 AM IST

                                                                                                West Bengal Election Voting 2026 Phase 2 Live: पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के लिए मतदान शुरू, सुबह-सुबह लगी लंबी लाइन

                                                                                                पश्चिम बंगाल विधानसभा के दूसरे और आखिरी चरण के लिए आज (29 अप्रैल) सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो चुका है। वोटिंग शुरू होने से ही पहले दक्षिण 24 परगना के एक पोलिंग स्टेशन पर लोग लाइन में खड़े दिखे। ऐसे में माना जा रहा है कि पहले चरण की तरफ आज ही मतदान के सभी रिकॉर्ड टूटेंगे।

                                                                                                  APRIL 29, 2026 / 6:57 AM IST

                                                                                                  West Bengal Election Voting 2026 Phase 2 Live: आज बंगाल में टूटेगा मतदान का रिकॉर्ड

                                                                                                  पश्चिम बंगाल चुनाव 2026 के दूसरे और आखिरी चरण की वोटिंग से ही पहले दक्षिण 24 परगना के एक पोलिंग स्टेशन पर लोग लाइन में खड़े दिखे। वोटिंग सुबह 7 बजे शुरू होगी। ऐसे में माना जा रहा है कि पहले चरण की तरफ आज ही मतदान का सभी रिकॉर्ड टूटेंगे।

                                                                                                    APRIL 29, 2026 / 6:52 AM IST

                                                                                                    West Bengal Election Voting 2026 Phase 2 Live: पीएम मोदी का टीएमसी पर करारा हमला

                                                                                                    चुनाव प्रचार के दौरान पीएम मोदी ने ममता पर बंगाल में जंगल राज को बढ़ावा देने और महिलाओं की सुरक्षा एवं औद्योगिक विकास सुनिश्चित करने में नाकाम रहने का आरोप लगाया। उन्होंने बोंगांव के मतुआ ठाकुरबाड़ी और कोलकाता के थंथानिया कालीबाड़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की। साथ ही हिंदू शरणार्थियों को भरोसा दिलाया कि उन्हें देश में स्थायी निवास प्रदान किया जाएगा।

                                                                                                    पीएम मोदी ने विभिन्न रैलियों में कहा कि बंगाल को भय और हिंसा से मुक्त करने की आवश्यकता है। उन्होंने रोजगार सृजन और औद्योगिक पुनरुद्धार के जरिए एक विकिसत बंगाल के निर्माण का वादा किया। प्रधानमंत्री ने दावा किया कि बंगाल तृणमूल कांग्रेस के भय के शासन से बाहर निकलकर भाजपा के भरोसा के शासन की ओर बढ़ने के लिए तैयार है।

                                                                                                      APRIL 29, 2026 / 6:49 AM IST

                                                                                                      West Bengal Election Voting 2026 Phase 2 Live: बीजेपी के दिग्गज नेताओं ने किया प्रचार

                                                                                                      प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित अन्य शीर्ष नेताओं ने चुनाव प्रचार के दौरान कानून-व्यवस्था में कथित गिरावट, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध, राजनीतिक हिंसा, घुसपैठ और भ्रष्टाचार को लेकर तृणमूल को घेरा।

                                                                                                        APRIL 29, 2026 / 6:40 AM IST

                                                                                                        West Bengal Election Voting 2026 Phase 2 Live: 3.22 करोड़ से अधिक वोटर 1,448 उम्मीदवारों की किस्मत का करेंगे फैसला

                                                                                                        बंगाल में आज होने वाले दूसरे चरण में 3.22 करोड़ से अधिक वोटर हिस्सा लेने वाले हैं, जो 1,448 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला करेंगे। इस महामुकाबले में 1,228 पुरुष और 220 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। वोटरों में 3.21 करोड़ से अधिक आम वोटर और करीब 40,000 सर्विस वोटर शामिल हैं। साथ ही 792 ऐसे लोग भी हैं जिन्हें 'थर्ड जेंडर' के तौर पर पहचाना गया है। 4.12 लाख से अधिक मतदाता 18-19 साल की उम्र के हैं, जो पहली बार वोट डालने वाले वोटरों की मजबूत भागीदारी को दिखाता है।

                                                                                                          APRIL 29, 2026 / 6:38 AM IST

                                                                                                          West Bengal Election Voting 2026 Phase 2 Live: दूसरे चरण के लिए हुआ धुआंधार प्रचार अभियान

                                                                                                          दूसरे चरण के लिए धुआंधार प्रचार अभियान के दौरान भाजपा नेताओं ने तृणमूल कांग्रेस पर पश्चिम बंगाल को घुसपैठियों का अड्डा बनाने का आरोप लगाया। वहीं, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दावा किया कि भाजपा विभाजनकारी राजनीति में लिप्त है। वह राज्य को बांटने तथा लोगों के खानपान की आदतों में दखल देने का प्रयास कर रही है।

                                                                                                            APRIL 29, 2026 / 6:34 AM IST

                                                                                                            West Bengal Election Voting 2026 Phase 2 Live: 142 सीटों पर डाले जाएंगे वोट

                                                                                                            पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण के लिए आज (29 अप्रैल) वोट डाले जाएंगे। दूसरे चरण में बंगाल के 142 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होगा। इसमें 1,64,35,627 पुरुष, 1,57,37,418 महिलाओं और 792 थर्ड जेंडर के मतदाताओं समेत कुल 3,21,73,837 मतदाता मतदान करेंगे। पहले चरण में 152 सीट पर चुनाव के लिए मतदान 23 अप्रैल को हुआ था, जिसमें रिकॉर्ड 93.19 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था।

                                                                                                              APRIL 29, 2026 / 6:30 AM IST

                                                                                                              West Bengal Election Voting 2026 Phase 2 Live: पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के लिए मतदान आज

                                                                                                              पश्चिम बंगाल विधानसभा के दूसरे और अंतिम चरण के लिए आज यानी बुधवार (29 अप्रैल) को मतदान होने वाला है। आखिरी चरण में 142 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। दूसरे चरण में जिन विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होगा, उनमें आठ चुनावी जिले शामिल हैं। इन जिलों में बीजेपी और टीएमसी के बीच सीधी टक्कर है।

                                                                                                                APRIL 29, 2026 / 6:16 AM IST

                                                                                                                मनीकंट्रोल हिंदी के लाइव ब्लॉग में आप सभी का स्वागत है