Bobby Deol: 'द वायरल फीवर' (TVF) आज एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में लीडिंग कंटेंट क्रिएटर्स के रूप में उभरा है, जो दर्शकों को अपने बेहद रिलेटेबल (दिल के करीब) और शानदार शोज़ से दीवाना बना रहा है। अपनी सच्ची कहानियों और ड्रामे के दम पर टीवीएफ ने दर्शकों के साथ एक मजबूत रिश्ता जोड़ा है और अपने कई प्रोजेक्ट्स को बड़े और सफल फ्रेंचाइजी में बदल दिया है। जहां एक तरफ इनके शो 'सपने वर्सेस एवरीवन' को रिकॉर्डतोड़ कामयाबी मिली, वहीं बॉलीवुड स्टार बॉबी देओल भी इस शो और इसके कंटेंट की तारीफ करने से खुद को रोक नहीं पाए।
बॉबी देओल ने शो की तारीफ करते हुए कहा कि यह वाकई कमाल है। अंबरीश टीवीएफ से जुड़े हैं और मुझे उनका काम बेहद पसंद है। मैंने उनके कई शोज़ देखे हैं। वे अपनी राइटिंग और बाकी चीजों में बहुत ही शानदार काम करते हैं, और 'सपने वर्सेस एवरीवन' की राइटिंग तो एक अलग ही लेवल पर है।
एक्टर ने कहा कि मैं पिछले दिनों यह शो देख रहा था और अचानक मैं IMDb पर गया, क्योंकि मैं जानना चाहता था कि इस शो को किसने डायरेक्ट और राइट (लिखा) किया है। तब मुझे पता चला कि अंबरीश ही इस शो के 'वन मैन आर्मी' हैं। यह देखकर मुझे बहुत खुशी होती है, क्योंकि मैंने भी इस मुकाम तक पहुंचने के लिए काफी संघर्ष किया है। जब मैं देखता हूँ कि इंडस्ट्री में अपना पहला कदम रखने के लिए बाहर कितने सारे लोग कोशिश कर रहे हैं, जो बहुत टैलेंटेड हैं लेकिन उन्हें मौका नहीं मिल पाता। ऐसे में जब मैं अंबरीश जैसे किसी इंसान को कुछ बड़ा हासिल करते और लोगों से सम्मान पाते देखता हूं, तो वह सचमुच अद्भुत लगता है।
'सपने वर्सेस एवरीवन' के IMDb की टॉप 250 टीवी शोज़ की ग्लोबल लिस्ट में शामिल होने के साथ ही टीवीएफ ग्लोबल कंटेंट की दुनिया पर राज कर रहा है। दुनिया की इस टॉप 250 लिस्ट में शामिल टीवीएफ के दूसरे शोज़ में 9.1 रेटिंग के साथ 'टीव्हीएफ पिचर्स' (64वें स्थान पर), 9.0 रेटिंग के साथ 'पंचायत' (70वें स्थान पर), 9.1 रेटिंग के साथ 'गुल्लक' (74वें स्थान पर), 9.0 रेटिंग के साथ 'कोटा फैक्ट्री' (86वें स्थान पर), 9.1 रेटिंग के साथ 'एस्पिरेंट्स' (130वें स्थान पर) और 8.9 रेटिंग के साथ 'ये मेरी फैमिली' (183वें स्थान पर) शामिल हैं।
टीवीएफ ने हालिया कई बड़ी रिलीज जैसे 'द डेविल वेअर्स प्राडा 2', 'एक दिन', 'शिवाजी', 'पैट्रियट' और नेटफ्लिक्स की 'ग्लोरी' को भी पीछे छोड़ दिया है। पूरे भारत, साउथ और यहाँ तक कि हॉलीवुड के मुकाबले बेहतरीन कंटेंट देने के मामले में टीवीएफ आज सबसे भरोसेमंद प्रोडक्शन हाउसेस में से एक बनकर सामने आया है।
इसके अलावा, टीवीएफ ने 'प्राइम वीडियो प्रेजेंट्स' इवेंट में अपनी धमाकेदार अनाउंसमेंट्स के साथ पूरी महफिल लूट ली। चाहे Vvan और 'कॉलेज फेस्ट' जैसी फिल्में हों, 'पिरामिड' और 'वंश' जैसे नए शोज़ हों, या फिर फैंस के पसंदीदा शोज़ 'एस्पिरेंट्स', 'पंचायत', 'ग्राम चिकित्सालय', 'सपने वर्सेस एवरीवन' और 'संदीप भैया' के नए और मच-अवेटीड सीजन्स की घोषणा हो, उनका यह लाइनअप बेहद अनोखा और डाइवर्स था। इस शानदार शोकेस ने टीवीएफ को उस शाम का असली और सबसे बड़ा विनर बना दिया।