Arya Babbar: आर्य बब्बर ने हाल ही में एक चिट-चैट में अपने पिता राज बब्बर और स्मिता पाटिल के रिश्ते के बारे में खुलकर बात की। अभिनेता ने बताया कि इतने सालों में चाहे उनके परिवार ने कितनी भी सफलता हासिल कर ली हो, इस अफेयर की चर्चा कभी खत्म नहीं हुई। दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने कहा कि राज बब्बर स्मिता पाटिल के बाद आगे बढ़ गए और उनका एक और अफेयर था। हर किसी को आगे बढ़ना ही होता है।
एक्टर ने कहा कि मैं तब सिर्फ तीन या चार साल का था, इसलिए मुझे ठीक से याद नहीं है कि जब स्मिता मां मेरे पिता की लाइफ में आईं तो घर में क्या चल रहा था। उन्होंने आगे कहा कि लोग अक्सर मुझसे पूछते हैं कि मैं इसके बारे में कैसा महसूस करता हूं, लेकिन अब कहने के लिए ज्यादा कुछ नहीं है। आज भी हर कोई उन भावनाओं को अपने दिल में लिए हुए है।
एक्टर बोले- आज मैं 44 साल का हूं। यह घटना तब घटी जब मैं चार या पांच साल का था। उसके बाद मेरे पिता ने जीवन में बहुत कुछ हासिल किया, और हमारे परिवार ने भी। लेकिन किसी न किसी तरह, हमारे जीवन से जुड़ी सबसे बड़ी बात यह थी कि मेरे पिता का अफेयर हुआ, उन्हें प्यार हुआ और उन्होंने उस रिश्ते को सम्मान दिया। यही हमारे जीवन का निर्णायक मुद्दा बन गया। ऐसा नहीं होना चाहिए।
आर्य बोले- हम सब उस बात को भुलाकर आगे बढ़ चुके हैं। इसलिए बाकी सबको भी आगे बढ़ जाना चाहिए… कौन सा बच्चा यह सुनना पसंद करेगा कि उसके पिता का किसी और के साथ अफेयर था? लेकिन ऐसा हुआ, और अब सब ठीक है। पापा भी आगे बढ़ चुके हैं। वहीं उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, “जिंदगी की हर बात को लेकर इतना भावनात्मक बोझ नहीं उठाना चाहिए।
राज के रेखा के साथ अफेयर के बारे में पूछे जाने पर आर्य ने कहा, “अगर आप मुझसे पूछ रहे हैं कि क्या वह रेखा की तरफ अटरेक्ट थे, तो वह इतनी खूबसूरत हैं, कौन अटरेक्ट नहीं होगा? क्या आप आकर्षित नहीं होंगे? मैं तो आकर्षित हो जाता। तो अगर वह आकर्षित हुए, तो हुए। यह मानवीय स्वभाव है। इसमें क्या गलत है?
उनसे यह भी पूछा गया कि क्या राज बब्बर का नादिरा बब्बर से कानूनी तौर पर तलाक हुआ था। इस पर उन्होंने कह कि मेरी उनसे इस बारे में कभी कोई बातचीत नहीं हुई और अपने छोटे भाई के सम्मान में, मैं इस बारे में बात नहीं करना चाहता क्योंकि मैं किसी की मां के बारे में बात कर रहा हूं। मैं उन्हें स्मिता मां कहता हूं। अगर मैं उन्हें ‘मां’ कहकर पुकारता हूं, तो मैं उन्हें वह सम्मान देता हूं, क्योंकि मेरे पिता ने उन्हें वह प्यार और सम्मान दिया था। मैं हमेशा स्मिता मां को वही सम्मान और प्यार दूंगा।
जानकारी के लिए बता दें कि राज बब्बर ने 1975 में नादिरा बब्बर से शादी की थी और बाद में उनके दो बच्चे हुए – आर्य बब्बर और जूही बब्बर। हालांकि राज को शादी के दौरान ही स्मिता पाटिल से प्यार हो गया था। खबरों के मुताबिक, उन्होंने 1982 में नादिरा से तलाक ले लिया और एक साल बाद स्मिता से शादी कर ली। राज और स्मिता के बेटे प्रतीक का 1986 में जन्म हुआ, लेकिन डिलिवरी परेशानियों के कारण स्मिता का निधन हो गया। उनकी मौत के बाद, राज ने नादिरा से दोबारा शादी कर ली।