Arya Babbar: यह कोई छिपी बात नहीं है कि प्रतीक स्मिता पाटिल के अपने पिता राज बब्बर और उनके परिवार के साथ रिश्ते सही नहीं हैं। हालांकि, तनाव तब और बढ़ गया जब प्रतीक ने प्रिया बनर्जी से अपनी शादी में राज और उनके परिवार को आमंत्रित करने से इनकार कर दिया और यहां तक कि अपना सरनेम भी 'बब्बर' से बदलकर 'स्मिता पाटिल' कर लिया। अब आर्य ने प्रतीक पर राज बब्बर का फायदा उठाने का आरोप लगाया है।
विक्की लालवानी से हाल ही में हुई बातचीत में आर्य ने कहा कि हम कुछ रिश्तों को बहुत प्यार से संजोते हैं क्योंकि वे बहुत नाजुक होते हैं, इसलिए हम उनकी बहुत परवाह करते हैं... हमें समझ नहीं आया कि अपनी पूर्व पत्नी से तलाक होते ही उन्होंने अचानक हमसे संपर्क करना क्यों बंद कर दिया। मैंने उन्हें कई बार मैसेज किया, कॉल किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
आर्य ने कहा कि प्रतीक की कहानी में राज बब्बर और नादिरा बब्बर के पहले परिवार को हमेशा खलनायक के रूप में दिखाया गया है, फिर भी प्रतीक दिग्गज अभिनेता का बेटा होने के फायदे उठाना चाहता है। उन्होंने कहा, “यह ऐसा है जैसे जब आपका करियर अच्छा नहीं चल रहा हो और आपको गुजारा करने के लिए पिता से जेब खर्च की जरूरत हो, तब वही आपके पिता होते हैं। जब आप उस घर में रहना चाहते हैं जो आपके पिता ने स्मिता मां के लिए खरीदा था, तब वही आपके पिता होते हैं।
आर्य बब्बर ने आगे बताया कि जब आप सारे फायदे चाहते हैं, तब वो आपके पिता हैं। लेकिन जब आपको समाज के सामने उन्हें स्वीकार करना पड़े और सम्मान देना पड़े, तब वो आपके पिता नहीं हैं। ये क्या बात है? बड़े भाई के तौर पर मैं उनसे प्यार करता हूं, लेकिन जब वो गलत होते हैं, तो वो गलत होते हैं, और यहीं वो गलत हैं।
आर्य ने आगे कहा कि ये कितना दुखद है कि स्मिता मां, जिनके लिए मेरे पिता ने अपना परिवार छोड़ दिया, आज वही स्मिता मां का बेटा उन्हें अपना पिता मानने को तैयार नहीं है। इससे बड़ा दुखद क्या हो सकता है?” उन्होंने कहा, “बड़े भाई के तौर पर मैं उनके साथ हूं, लेकिन अगर मुझसे पूछा जाए कि क्या मैं उन्हें उसी तरह गले लगा सकता हूं और प्यार कर सकता हूं, तो शायद नहीं।”
जानकारी के लिए बता दें कि राज बब्बर ने 1975 में नादिरा बब्बर से शादी की थी और बाद में उनके दो बच्चे हुए – आर्य बब्बर और जूही बब्बर। हालांकि, राज को नादिरा से शादी के दौरान ही स्मिता पाटिल से प्यार हो गया था। खबरों के मुताबिक, उन्होंने 1982 में नादिरा से तलाक ले लिया और एक साल बाद स्मिता से शादी कर ली। राज और स्मिता के बेटे प्रतीक का जन्म 1986 में हुआ, लेकिन प्रसव के दौरान जटिलताओं के कारण स्मिता का निधन हो गया। उनकी मृत्यु के बाद, राज ने नादिरा से दोबारा शादी कर ली।